हिमाचल CM पद की दावेदारी पर बोलीं कंगना- कैपेबल हूं:PM मोदी के आशीर्वाद से मुझमें हर काम करने की क्षमता; यज्ञ में पहुंची थीं
मंडी से सांसद बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनोट ने बुधवार को एक बयान देकर हिमाचल प्रदेश की राजनीति में खलबली मचा दी है। कंगना ने अगले चुनाव में हिमाचल की मुख्यमंत्री बनने की बात कही है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा अगले चुनाव में उन्हें मुख्यमंत्री चेहरा बना सकती हैं। इस पर कंगना ने कहा-
मुझे जिस काम में लगाया जाएगा, जो काम मुझे दिया जाएगा, वह मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से पूरा करने की कैपेबिलिटी रखती हूं।

कंगना ने आगे कहा कि उनके घर के लोग जानते हैं कि कंगना जो ठान लेती है, वह कर दिखाती है। कंगना के इस बयान को सियासी गलियारों में मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारी जताने वाला बताया जा रहा है। इससे भाजपा खेमे में भी खलबची है, क्योंकि लोकसभा चुनाव में भी कंगना की एंट्री ने उन्हें सभी को चौंका दिया था। इससे पहले, कंगना एक पॉडकास्ट में केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी जगह की बात कह चुकी हैं।
यज्ञ में पहुंचीं कंगना के PHOTOS…
यज्ञ में शामिल होने पहुंची थीं कंगना कंगना रनोट आज मंडी के सेरी मंच में यज्ञ दिवस पर विश्व शांति और प्राकृतिक आपदाओं को रोकने के लिए कराए गए यज्ञ में शामिल होने पहुंची थीं। इसमें कंगना के अलावा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी शामिल हुए।
यज्ञ में शामिल होने से पहले कंगना ने माता सिद्धकाली के दर्शन किए। यहां उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कंगना ने कहा कि इस यज्ञ का उद्देश्य प्रदेशवासियों की सुरक्षा, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करना रहा।
यज्ञ के बाद कंगना ने ये बातें भी कहीं…
- कुछ लोगों का काम भड़काऊ बातें करना: कंगना से सवाल किया गया कि आपदा में आप नजर नहीं आईं तो उन्होंने कहा कि वह दूसरी बार आई हैं। कंगना ने कहा- हम दिन-रात मंडी के काम में लगे हैं। मैं गृह मंत्री और दूसरे मंत्रियों से मिली थी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी आए। ये फिल्मों से जुड़े काम नहीं हैं। हिमाचल के साथ-साथ उत्तराखंड व पंजाब में भी आपदा से नुकसान हुआ है। आज यज्ञ का आयोजन विश्व शांति के लिए किया है। कुछ लोगों का काम भड़काऊ बातें करना है। जिनमें हीन भावना होती है, वही ऐसी बातें करते हैं।
- केंद्र सरकार 10 हजार करोड़ दे चुकी: कंगना ने दावा किया- केंद्र सरकार से आपदा से निपटने को 10 हजार करोड़ की राशि आ चुकी है। इस बार प्रधानमंत्री ने अपनी विजिट के दौरान 1500 करोड़ दिए। इससे पहले 1800 करोड़, 2200 करोड़ और 2300 करोड़ की राशि हिमाचल को जारी की है।
- हर स्टेट को मिलता है अपना फंड: उन्होंने कहा कि हर स्टेट का अपना फंड होता है। राज्य को केंद्र का आभार जताना चाहिए। छोटी सी स्टेट हिमाचल को कभी भी इतना बजट नहीं मिला। इनकी (हिमाचल की कांग्रेस सरकार) सहूलियत के हिसाब से बजट नहीं आएगा।
- मैंने बचपन में ही लाखों पेड़ लगवाए: कंगना ने कहा- जब मैं बहुत छोटी थी, मैंने अपनी आय का एक बहुत बड़ा हिस्सा रामकिशन मिशन को दिया और ईसा योगा सेंटर में लाखों पेड़ लगाए। यहां मैंने मुहिम शुरू की है। मैं चाहती हूं कि सभी लोग इससे जुड़े। मैं कई एनजीओ के साथ में हूं, चाहे वह स्वामी विवेकानंद की हो, सद्गुरु जी की हो। समय-समय पर मैंने अपनी कमाई का हिस्सा उन्हें दिया है। हालांकि, जब तक जन-जन इस मुहिम से नहीं जुड़ेगा, तब तक पेड़ काटने की प्रथा हिमाचल में नहीं रुकेगी।
