Headlines

छत्तीसगढ़ के कवर्धा में ट्रैक्टर समेत 7 बहे:वैष्णो देवी यात्रा शुरू, दोनों रूट खुले, लैंडस्लाइड के कारण 22 दिन से बंद थी

छत्तीसगढ़ के कवर्धा में ट्रैक्टर समेत 7 बहे:वैष्णो देवी यात्रा शुरू, दोनों रूट खुले, लैंडस्लाइड के कारण 22 दिन से बंद थी

नई दिल्ली, देहरादून, श्रीनगर6 घंटे पहले
देहरादून में टपकेश्वर मंदिर के पास बादल फटा। वहीं स्वर्णा नदीं में बाढ़ में बच्चा फंस गया

उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार में मानसून अभी भी एक्टिव है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में बुधवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि राजस्थान, गुजरात और पंजाब से मानसून की वापसी शुरू हो गई है।

मंगलवार को उत्तराखंड के देहरादून और अन्य इलाकों में बादल फटने से भारी तबाही हुई। बारिश और आपदा में 15 लोगों की मौत हो गई और 16 लोग अभी भी लापता हैं।

जम्मू कश्मीर के कटरा में 22 दिन से बंद वैष्णो देवी यात्रा आज (17 सितंबर) से शुरू हो गई। 26 अगस्त को यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी के पास लैंडस्लाइड के बाद से यात्रा बंद थी।

वैष्णो देवी यात्रा 22 दिन के बाद बुधवार सुबह 6 बजे से दोबारा शुरू हुई।

राज्यों में जाने बारिश का हाल…

मौसम से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

अपडेट्स

12:07 PM17 सितम्बर 2025

मंडी में आपदा से बचाव को महायज्ञ: सांसद कंगना रनौट शामिल

हिमाचल प्रदेश के मंडी में विश्व शांति और प्राकृतिक आपदाओं को रोकने के लिए हवन का आयोजन किया गया। इसमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और मंडी की सांसद कंगना रनोट उपस्थित थे। ये यज्ञ माता सिद्धकाली मंदिर के पास इंद्रा मार्केट में चल रहा है।

11:45 AM17 सितम्बर 2025

उत्तराखंडः SDRF सचिव बोले अब तक 900 लोगों का रेस्क्यू

सितंबर की रात भारी बारिश हुई। लगभग 15 लोग मरे, कुछ घायल हैं और कुछ लापता हैं। सभी रेस्क्यू टीमें, SDRF और NDRF, मैदान में हैं। CM भी यहाँ हैं। अब तक 900 से ज्यादा लोगों को बचाया जा चुका है। इस इलाके के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

11:08 AM17 सितम्बर 2025

उत्तर प्रदेशः अमेठी में बारिश, अगले 48 घंटे तक ऐसा ही रहेगा मौसम

अमेठी में मंगलवार देर रात से लगातार बारिश हो रही है। 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।

10:44 AM17 सितम्बर 2025

बारिश से हिमाचल प्रदेश में 1,500 घर बर्बाद

हिमाचल प्रदेश में इस साल मानसून ने भारी तबाही मचाई है। 20 जून से अब तक 1,500 से अधिक घर पूरी तरह से नष्ट हो गए और कई परिवार बेघर हुए हैं। राज्य में इस बार औसत बारिश 1010.9 मिमी रही, जो सामान्य 692.1 मिमी से 46% अधिक है।

10:21 AM17 सितम्बर 2025

हिमाचल प्रदेशः 3 NH समेत 652 सड़कें बंद, 4582 करोड़ का नुकसान

हिमाचल में भारी बारिश की वजह से 3 नेशनल हाईवे समेत 652 सड़कें बंद हैं। इनमें 80 फीसदी सड़कें 20 दिन से अवरुद्ध है। भारी बारिश से 4582 करोड़ रुपए की निजी व सरकारी संपत्ति का नुकसान हो चुका है।.

10:01 AM17 सितम्बर 2025

झारखंड में अब तक 1113.9 मिमी बारिश

एक जून से अब तक राज्य में कुल 1113.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य बारिश 927.9 मिमी मानी जाती है। इस बार औसत से 20 फीसदी अधिक वर्षा हुई है।

राजधानी रांची में 1413.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 944.8 मिमी से 50 फीसदी अधिक है।

09:44 AM17 सितम्बर 2025

छत्तीसगढ़ः धमतरी में युवक बाइक समेत बहा

धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक में सिंगपुर पठार के पास बाढ़ का पानी आ गया। जिसे पार कर रहा युवक बाइक सहित बह गया। हालांकि, उसे तैरना आता था इसलिए उसकी जान बच गई।

09:31 AM17 सितम्बर 2025

हिमाचल प्रदेशः धर्मपुर-मनाली व बंजार में स्कूल-कॉलेज बंद

हिमाचल के कई भागों में बीती मंगलवार रात तेज बारिश हुई। प्रदेश में आज भी बारिश जारी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में आज भी तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी कर रखा है।

09:02 AM17 सितम्बर 2025

छत्तीसगढ़: कवर्धा में ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत 7 बहे, आज 9 जिलों में अलर्ट

9 जिलों में मध्यम बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट है। कवर्धा के घुमाछापर गांव के पास टमरू नाले में रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बाढ़ की चपेट में आ गई, जिसमें सवार सात मजदूर भी बह गए। हालांकि सभी मजदूरों ने तैरकर अपनी जान बचा ली। धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक में सिंगपुर पठार के पास रपटे में अचानक बाढ़ का पानी आ गया। जिसे पार कर रहा युवक बाइक सहित बह गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024