PM ने हिमाचल के बाढ़ग्रस्त इलाकों का हवाई सर्वे किया:एक साल की नितिका को मोदी ने गोद में खिलाया; बाढ़ में बहा था परिवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (9 सितंबर) पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर हैं। उन्होंने हेलिकॉप्टर से कुल्लू, मंडी और चंबा में हुए नुकसान का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद धर्मशाला में आपदा को लेकर एक बैठक की, जिसमें अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से उन्हें नुकसान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी बैठक में मौजूद रहे।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने मंडी, कुल्लू और चंबा जिले के 18 प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी आपबीती सुनी। उन्होंने एक साल की नितिका से भी मुलाकात की, जिसके माता, पिता और दादी की 30 जून को मंडी में बादल फटने से आई बाढ़ में मौत हो गई थी। प्रधानमंत्री ने नितिका को पहले टॉफी दी और फिर उसे गोद में उठा लिया।
शाम को प्रधानमंत्री पंजाब के गुरदासपुर जाएंगे, जहां वे बाढ़ से प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
पंजाब की AAP सरकार ने केंद्र से 80 हजार करोड़ रुपए की मांग की है। वहीं हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी कहा कि स्पेशल रिलीफ पैकेज दिया जाए।
इससे पहले, 5 सितंबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमृतसर, गुरदासपुर और कपूरथला में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की थी।
PM के हिमाचल दौरे के 3 PHOTOS
पंजाब और हिमाचल में हुए नुकसान के बारे में जानिए…
PM मोदी के दौरे के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
PM ने हिमाचल में नुकसान की प्रेजेंटेशन देखी
PM ने SDRF-NDRF टीम से बात की
PM ने हिमाचल के बाढ़ प्रभावितों से बात की
एक साल की निकिता से मिले PM मोदी
PM ने एक साल की नितिका से भी मुलाकात की। 30 जून को मंडी में बादल फटने से नितिका के माता, पिता और दादी की बाढ़ बहने से मौत हो गई थी। अब नितिका अपनी बुआ के पास रह रही है।
PM को हिमाचली खाना परोसा गया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कांगड़ा एयरपोर्ट पर दोपहर के भोजन में हिमाचली खाना परोसा गया। हिमाचल पर्यटन विकास निगम के शेफ ने सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए यह भोजन तैयार किया था।
कुल्लू, मंडी और चंबा में PM ने हवाई सर्वेक्षण किया
PM ने हिमाचल में हवाई सर्वेक्षण किया
ज्ञानी रघबीर सिंह बोले- देरी से आ रहे PM
अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी रघबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री बहुत देर से आ रहे हैं, उन्हें पहले ही कदम उठाना चाहिए था। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को पहले ही दिन पंजाब आ जाना चाहिए था या फिर कोई बयान देना चाहिए था, अब वे 22 दिन बाद पंजाब आ रहे हैं। प्रधानमंत्री को पंजाब को करीब से देखना चाहिए। उन्हें अपने प्रधानमंत्री होने का सबूत देना चाहिए कि वे पंजाब को बाकी राज्यों की तरह देखते हैं।
18 लोगों से बात करेंगे PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मीटिंग के बाद मंडी, कुल्लू और चंबा जिले के 18 प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी आपबीती सुनेंगे।
CM सुक्खू ने PM का स्वागत किया
कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री व गवर्नर शिव प्रताप शुक्ल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।
धर्मशाला में PM की मीटिंग शुरू
धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बैठक शुरू हो गई है। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री यादविंदर गोमा, कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, शिक्षा सचिव राकेश कंवर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल समेत अन्य अधिकारी मौजूद हैं।
पन्नू का दावा- गुरदासपुर में खालिस्तानी नारे लिखवाए
आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुरदासपुर यात्रा से पहले खालिस्तानी नारे लिखवाने का दावा किया है। पन्नू ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि बेअंत यूनिवर्सिटी में खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखवाए गए और मोदी सरकार पर “वॉटर बम” के जरिए पंजाब में बाढ़ लाने का आरोप लगाया।
कांगड़ा पहुंचे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलिकॉप्टर कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट पर लैंड हो गया है। यहां से वह धर्मशाला में होने वाली मीटिंग में शामिल होंगे।
AAP विधायक धालीवाल बोले- बकाया राशि जारी करे केंद्र
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल की अगुआई में कई पार्टी नेता पहुंचे हैं।
आतंकी पन्नू बोला- मोदी ने पानी को हथियार बनाया
खालिस्तानी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के मुखिया गुरपतवंत पन्नू ने PM के दौरे के बीच हिमाचल के लोगों को भड़काने की कोशिश की है। पन्नू ने वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हिमाचल प्रदेश में “वाटर बम” से बाढ़ लाने का आरोप लगाया। उसने कहा कि मोदी ने पानी को हथियार बनाया है।
पन्नू ने यह भी कहा कि हिमाचल में हिंदुओं की हत्या राज्य द्वारा प्रायोजित हाइड्रो-टेरर थी, न कि प्राकृतिक आपदा।
AAP सांसद संजय सिंह बोले- 20 हजार करोड़ दें PM
कांगड़ा एयरपोर्ट पर पहुंचे CM-गवर्नर
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और गवर्नर शिव प्रताप शुक्ल कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं। कुछ देर में PM मोदी यहां लैंड करेंगे।
PM के दौरे के बीच अस्पताल को उड़ाने की धमकी
हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बीच मंडी में नेरचौक मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. डीके वर्मा की ईमेल पर आई। कॉलेज प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने अस्पताल परिसर को खाली करा लिया है। अंदर सर्च ऑपरेशन जारी है। अस्पताल में भर्ती करीब 300 मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है।
