दिल्ली के कई इलाकों में पानी भरा:UP के मथुरा में कॉलोनियां डूबीं; 5 दिन से बंद चारधाम यात्रा आज से शुरू
दिल्ली में शनिवार को भी यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मॉनेस्ट्री मार्केट, यमुना बाजार, वासुदेव घाट, निगम बोध घाट, मयूर विहार और कश्मीरी गेट समेत शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं। शुक्रवार को सिविल लाइंस के स्वामीनारायण मंदिर परिसर में 5 फीट तक पानी भर गया था।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में 20 से ज्यादा कॉलोनियों में यमुना का पानी घुस गया है। आगरा में ताज महल की बाउंड्री तक यमुना का पानी पहुंच गया है। इसके पीछे बना पार्क डूब गया है। शुक्रवार को शहर में तेज बारिश से 50 से ज्यादा सड़कों पर 4 फीट तक पानी भर गया। इससे बाइक-कार डूब गईं।
उत्तराखंड में शनिवार से चार धाम यात्रा फिर से शुरू हो गई है। सरकार ने खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण 1 से 5 सितंबर के बीच यात्रा रोकी दी थी। आज से चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू किया गया है।
देश में बाढ़-बारिश की फोटो…
अन्य राज्यों में बारिश के हालात…
पंजाब: 23 जिलों के 1900 गांव लगभग 12 दिनों से बाढ़ की चपेट में हैं। इससे 3.84 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। राज्य में अब तक 43 लोगों की जान जा चुकी है। करीब 1.72 लाख हेक्टेयर में लगी फसल बर्बाद हो गई है। पंजाब में अगले 4 दिनों तक बारिश का अलर्ट नहीं है। इससे बाढ़ से राहत की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर: लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग और सिंथन रोड वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हैं। कठुआ से कश्मीर तक करीब 3700 से ज्यादा वाहन फंस गए हैं। श्रीनगर और बडगाम में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया। माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर की तीर्थयात्रा लगातार 11 दिन से बंद है। 26 अगस्त को हुए भूस्खलन के बाद यात्रा स्थगित कर दी गई थी।
गुजरात: सूरत और वडोदरा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। नर्मदा और किम नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
देशभर के राज्यों में बारिश का डेटा, मैप से समझें…
देशभर के मौसम का हाल जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
हरियाणा: कुरुक्षेत्र में मारकंडा ओवरफ्लो, इलाके में पानी भरा

हरियाणा: सिरसा के रंगा गांव में घग्घर के पानी में ट्रैक्टर डूबा

बिहार के भागलपुर में बाढ़ में बहे 3 बच्चे, 2 की मौत
बिहार के भागलपुर में शनिवार को बाढ़ के पानी में डूबने से 2 बच्चों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। मृतकों की पहचान अजमेरीपुर गांव के राजा (12) और रबल कुमार(13) के तौर पर हुई है। घटना नाथनगर थाना क्षेत्र के रत्तीपुर बैरिया पंचायत की है।
जयपुर में 4 मंजिला हवेली ढही, दो लोगों की मौत; 5 घायल
जयपुर में शुक्रवार रात करीब 12 बजे 4 मंजिला जर्जर हवेली भरभराकर ढह गई। मलबे में 7 लोग दब गए थे, सभी को बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दो बच्चों समेत 5 घायलों को SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।
