Headlines

केजरीवाल बोले- मोदी ने अमेरिकी कपास पर 11% टैक्स हटाया:यह किसानों के साथ धोखा: केंद्र ने कहा- टेक्सटाइल इंडस्ट्री की डिमांड के लिए ऐसा किया

केजरीवाल बोले- मोदी ने अमेरिकी कपास पर 11% टैक्स हटाया:यह किसानों के साथ धोखा: केंद्र ने कहा- टेक्सटाइल इंडस्ट्री की डिमांड के लिए ऐसा किया

नई दिल्ली4 घंटे पहले
दिल्ली में AAP के नेशनल कन्वीनर अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टैरिफ को लेकर सरकार की आलोचना की।

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेशनल कन्वीनर और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अमेरिका को कपास पर लगने वाली 11% इम्पोर्ट ड्यूटी हटाकर भारतीय किसानों के साथ धोखा किया है।

केजरीवाल ने कहा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारतीय उत्पादों पर 50% टैरिफ लगाया है। इसके जवाब में भारत को अमेरिका पर 100% टैरिफ लगाना चाहिए था। लेकिन PM मोदी अमेरिकी सामानों को टैक्स फ्री कर रहे हैं। यह फैसला भारतीय किसानों को आत्महत्या करने पर मजबूर कर देगा।’

केजरीवाल के आरोपों के बीच केंद्र सरकार ने प्रेस रिलीज जारी की और बताया कि अमेरिका से आने वाली कपास को टैक्स फ्री करने की अवधि 31 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। वित्त मंत्रालय के अनुसार, घरेलू टेक्सटाइल इंडस्ट्री की डिमांड पूरी करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

केजरीवाल के आरोप की 5 बड़ी बातें, पूछा- यह ड्यूटी क्यों हटाई गई

  • “पिछले कुछ दिनों प्रधानमंत्री मोदी ने पीठ पीछे, चोरी-चोरी कुछ ऐसे फैसले लिए, जो देश भर के किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। 90-95% किसानों को पता ही नहीं कि क्या हो गया और जब ये फैसले सामने आएंगे, तो ढेरों किसान आत्महत्या करने के अलावा कोई चारा नहीं होगा।”
  • “अमेरिका से आने वाली कपास पर पहले 11% ड्यूटी लगती थी। केंद्र ने अमेरिका को इससे छूट दे दी है। अब 19 अगस्त से 30 सितंबर, यानी 40 दिनों तक अमेरिका से आने वाले कपास पर टैक्स नहीं लगेगा। इससे देश के बाजार में अमेरिकी कपास भारतीय कपास की तुलना में 15-20 रुपए प्रति किलो सस्ती हो जाएगी।’
  • “30 सितंबर तक टेक्सटाइल इंडस्ट्री सस्ते दामों पर अमेरिकी कपास खरीदेंगे। जब हमारा किसान अक्टूबर में मंडियों और बाजारों में अपनी कपास लेकर जाएगा, तो वह कौन खरीदेगा। क्योंकि टेक्सटाइल इंडस्ट्री की जरूरत तो पहले ही पूरी हो चुकी होगी।”
  • “लोग कह रहे हैं कि अमेरिका में अडाणी का केस चल रहा है। अडाणी की गिरफ्तारी होने वाली है। अडाणी को बचाने के लिए PM देश को दांव पर लगा रहे हैं। अगर ऐसा है तो ये देश के लोगों के साथ बहुत बड़ा धोखा है।”
  • “आम आदमी पार्टी 7 सितंबर को गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के चोटीला में किसानों के हक में सभा करेगी। सुरेंद्रनगर में गुजरात के सबसे ज्यादा कपास उगाने वाले किसान रहते हैं। मैं सभी राजनीतिक दलों और किसान संगठनों को कहना चाहता हूं कि इन गरीब किसानों को बचाने के लिए हमें एक साथ खड़ा होना पड़ेगा।”

केजरीवाल बोले- कोई भी देश भारत से नाराजगी नहीं चाहता केजरीवाल ने कहा, ‘अमेरिका ने यूरोपियन यूनियन से आने वाली कारों पर 25% टैरिफ लगाया। इसके बाद यूरोपियन यूनियन ने अमेरिकी बाइकों पर 50% टैरिफ लगाया। अमेरिका ने चीन पर 145% टैरिफ लगाया तो चीन ने भी 125% टैरिफ लगाया। कनाडा ने 35% टैरिफ का जवाब 25% टैरिफ से दिया।’

‘जिन-जिन देशों की सरकार ने ट्रम्प के खिलाफ खड़े होकर डटकर, बहादुरी से जवाब दिया है, उन देशों के सामने ट्रम्प को झुकना पड़ा। ट्रम्प एक कायर, बुजदिल आदमी है। पता नहीं PM मोदी की क्या मजबूरी है कि वे भीगी बिल्ली बने हुए हैं।’

दिल्ली के पूर्व CM ने कहा, ‘हमारा देश दो तरफ से मार खा रहा है। एक तरफ ट्रम्प ने भारत पर 50% टैरिफ लगा दिया। इससे हमारी घरेलू इंडस्ट्री बंद होने के कगार पर है। उनका सारा एक्सपोर्ट बंद हो गया है। दूसरी तरफ, PM मोदी अमेरिकी सामान पर टैरिफ खत्म कर रहे हैं। इससे अमेरिका का सारा माल हमारे बाजार में बिकेगा। हमारे किसान और व्यापारी बर्बाद हो जाएंगे।’

केंद्र ने इम्पोर्ट ड्यूटी पर छूट देने की वजह बताई

केंद्र के मुताबिक, भारतीय टेक्सटाइल इंडस्ट्री के लिए कपास की उपलब्धता बढ़ाने के लिए, केंद्र सरकार ने 19 अगस्त से 30 सितंबर तक कपास पर इम्पोर्ट ड्यूटी में अस्थायी रूप से छूट दी थी। निर्यातकों को और अधिक समर्थन देने के लिए, केंद्र सरकार ने कपास पर इम्पोर्ट ड्यूटी छूट को 30 सितंबर से 31 दिसंबर तक बढ़ाने का फैसला किया है।

भारत-अमेरिका के बीच टैरिफ विवाद से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…

भारत पर 50% अमेरिकी टैरिफ लागू: ₹5.4 लाख करोड़ का एक्सपोर्ट प्रभावित; ज्वेलरी-कपड़ों की डिमांड 70% घट सकती है, नौकरियों पर भी संकट

भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले सामानों पर आज यानी, 27 अगस्त से 50% टैरिफ लागू हो गया है। ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह नया टैरिफ भारत के लगभग ₹5.4 लाख करोड़ के एक्सपोर्ट को प्रभावित कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024