Headlines

मछली’ फैमिली का कृषि भूमि पर कब्जे का आंदेशा, जांच:सवा सौ करोड़ की 7 प्रॉपर्टी हो चुकी हैं जमींदोज; इसके उपयोग का भी बन रहा प्लान

भोपाल के ‘मछली’ परिवार के कब्जे से छुड़ाई गई करीब 65 एकड़ जमीन का अब क्या उपयोग होगा? इसे लेकर जिला प्रशासन प्लान बना रहा है। वहीं, कृषि भूमि पर भी कब्जे की आशंका है। राजस्व निरीक्षक और पटवारियों से इसकी जांच करवाई जा रही है।

जिला प्रशासन ने 23 दिन के अंदर करीब सवा सौ करोड़ रुपए की कुल 7 प्रॉपर्टी को 23 दिन के अंदर जमींदोज किया था। पहली कार्रवाई 30 जुलाई और दूसरी कार्रवाई 21 अगस्त को की गई थी। सभी प्रॉपर्टी और कब्जे हथाईखेड़ा डैम के पास ही थे। इनमें करीब 35 साल पुरानी तीन मंजिला आलीशान कोठी भी शामिल हैं, जो 15 हजार स्क्वायर फीट में बनी थी। यही पर गैराज, पार्क, पोर्च भी बना रखे थे।

21 अगस्त को हथाईखेड़ा में बनी तीन मंजिला कोठी को ढहा दिया गया था।

कुछ जमीन पर कब्जे की जानकारी सामने आई अफसरों की माने तो कुछ और जमीन पर कब्जे की जानकारी सामने आई है, लेकिन कब्जा मछली परिवार का ही है, ये अभी साफ नहीं हुआ है। इनमें कृषि भूमि भी शामिल हैं। ऐसे में पूरी पड़ताल के बाद प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। तहसीलदार अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि दो बड़ी कार्रवाई में अधिकांश कब्जा हटा चुके हैं। आगे भी जांच जारी है। इसमें कब्जा सामने आया तो कार्रवाई की जाएगी।

अब जानिए, दो बड़ी कार्रवाई के बारे में

  • 30 जुलाई को पहली कार्रवाई की गई थी। इस दौरान 6 अवैध निर्माण तोड़े गए थे, जो डैम किनारे पर ही बने थे। इनकी और सरकारी जमीन की कीमत करीब 100 करोड़ रुपए आंकी गई थी।
  • दूसरी कार्रवाई 21 अगस्त को की गई। हथाईखेड़ा डैम से कुछ दूर ही आलीशान 3 मंजिला कोठी को जमींदोज किया गया। 15 हजार स्क्वायर फीट एरिया में बनी बिल्डिंग और जमीन की कीमत करीब 25 करोड़ रुपए आंकी गई है। बिल्डिंग का निर्माण साल 1990 में होना सामने आया है।
यहां हुई थी 21 अगस्त को कार्रवाई।

रेप-ब्लैकमेलिंग केस में गिरफ्तारी, इसके बाद से कार्रवाई पिछले महीने जुलाई में भोपाल पुलिस ने कॉलेज छात्राओं से जुड़े रेप-ब्लैकमेलिंग केस में शाहवर मछली और उसके भतीजे यासीन को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही लगातार कार्रवाई की जा रही है।

घेराबंदी कर गिरफ्तार किए गए थे शाहवर और यासीन शाहवर मछली और उसके भतीजे यासीन को क्राइम ब्रांच ने गैमन मॉल के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया था। तलाशी में उनके पास से तीन ग्राम एमडी ड्रग, एक देशी पिस्टल बरामद हुई थी। यासीन के मोबाइल में ऐसे वीडियो भी मिले थे, जिनमें वह युवकों को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटता दिख रहा था।

मोबाइल में युवतियों के आपत्तिजनक वीडियो भी पाए गए। पुलिस रिमांड में पूछताछ के दौरान दोनों ने चौंकाने वाले खुलासे किए थे। आरोपी राजस्थान से भी ड्रग लाते थे। सड़क के रास्ते नशे का सामान लाया जाता था। इसके बाद भोपाल के अलग-अलग पब और लाउंज में पुराने और भरोसेमंद फिक्स कस्टमरों तक ड्रग्स पहुंचाई जाती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024