अमेरिका से टैरिफ वॉर के बीच PM बोले- स्वदेशी अपनाओ:कहा- व्यापारी विदेशी छोड़ मेड इन इंडिया प्रोडक्ट बेचें; द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली के रोहिणी में देश के पहले 8 लेन एलिवेटेड हाईवे द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों से ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने को कहा।
मोदी मंच से बोले-
भारतीय हैं तो भारत में बना सामान ही खरीदें। दिवाली पर भी वही सामान खरीदें, जो भारतीयों ने भारत में बनाया है। व्यापारी भी विदेशी सामान छोड़कर लोकल सामान बेचें।

पीएम का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर खींचतान चल रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल ही में रूस से तेल आयात को लेकर भारतीय वस्तुओं पर अतिरिक्त 25% शुल्क लगाने का ऐलान किया है। 25% टैरिफ 7 अगस्त से लागू हो चुका है, जबकि अतिरिक्त 25% टैरिफ 27 अगस्त से लागू करने का ऐलान किया गया है।
ऐसे में प्रधानमंत्री के इस संदेश को स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और विदेशी दबाव के बीच ‘मेड इन इंडिया’ को मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
PM नरेंद्र मोदी की 6 अहम बातें…
- मोबाइल निर्माण में आत्मनिर्भर भारत: PM मोदी ने कहा कि 11 साल पहले भारत अपनी जरूरत के फोन बाहर से मंगाता था, लेकिन अब देश में ही हर साल 30 से 35 करोड़ मोबाइल फोन बनाए जा रहे हैं और उन्हें निर्यात भी किया जा रहा है। यह बदलाव भारत की उत्पादन क्षमता और ‘मेक इन इंडिया’ की सफलता को दिखाता है।
- व्यापारी विदेशी सामान छोड़ें: प्रधानमंत्री ने अपील की कि व्यापारी विदेशी सामान बेचना छोड़ें और ‘मेड इन इंडिया’ के उत्पाद पूरे गर्व से बेचें। उन्होंने कहा कि पहले व्यापारी ज्यादा मुनाफे के लिए विदेशी सामान लाते थे, लेकिन अब समय आ गया है कि वे लोकल प्रोडक्ट्स को बढ़ावा दें।
- खिलौनों से लेकर एक्सपोर्ट तक बदली तस्वीर: पीएम ने आगे कहा कि एक दशक पहले तक भारत खिलौने भी बाहर से मंगाता था। आज हालात बदल चुके हैं और देश 100 से अधिक देशों में खिलौने निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा की यह बदलाव इस बात का सबूत है कि भारत आत्मनिर्भर बन रहा है और दुनिया को लोकल प्रोडक्ट्स से जोड़ रहा है।
- दिवाली पर डबल बोनस मिलेगा: मोदी ने कहा- GST में नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म होने जा रहा है। दिवाली पर डबल बोनस मिलने वाला है। इसका पूरा प्रारूप राज्यों को भेज दिया है। इसका फायदा सभी को होगा।
- UPA सरकार में सिर्फ फाइलें चलती थीं: PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि UPA सरकार के दौरान फाइलें चलती थीं, लेकिन उन पर काम हमने किया। जब केंद्र में राज्यों में भाजपा की सरकारें बनीं तो विकास शुरू हुआ।
- संविधान सिर पर रख नाचने वाले इसे कुचलते थे: मोदी ने कहा- जो लोग संविधान सिर पर रखकर नाचते हैं, वही उसे कुचलते भी थे और बाबा साहब की भावनाओं से विश्वासघात करते थे। आज जो संविधान की बात करते हैं, इन्होंने जमकर लोगों का शोषण किया।
ट्रम्प ने भारत पर कुल 50% टैरिफ लगाया अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने भारत पर 6 अगस्त को 25% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। उन्होंने इससे जुड़े एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किए थे। यह आदेश 27 अगस्त से लागू होगा एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में कहा गया था कि रूसी तेल खरीद की वजह से भारत पर यह एक्शन लिया गया है। इससे पहले उन्होंने 30 जुलाई को भारत पर 25% टैरिफ का ऐलान किया था। अब भारत पर कुल 50% टैरिफ लगेगा। भारतीय विदेश मंत्रालय इस कार्रवाई को गलत बता चुका है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अब इसके जवाब में भारत भी चुनिंदा अमेरिकी प्रोडक्ट्स पर 50% तक टैरिफ लगाने पर विचार कर रहा है। अगर ऐसा होता है, तो यह अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प के टैरिफ पर भारत का पहला औपचारिक पलटवार होगा।
कार्यक्रम से पहले मजदूरों से मिले मोदी, रोड शो किया कार्यक्रम में पहुंचने से पहले PM मोदी द्वारका एक्सप्रेसवे पर पहुंचे। वहां उन्होंने एक्सप्रेसवे पर काम करने वाले मजदूरों से बात कर उनके अनुभव जाने। इसके बाद अधिकारियों से प्रोजेक्ट की जानकारी ली। इसके बाद रोहिणी से लेकर बक्करवाला तक रोड शो किया। इस दौरान पीएम ने हाईवे के दोनों किनारों पर खड़े लोगों का गाड़ी से बाहर निकलकर अभिवादन भी किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और हरियाणा के सीएम नायब सैनी भी मौजूद रहे।
प्रोग्राम से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
व्यापारी विदेशी सामान बेचना छोड़ें
एक दशक पहले तक हम खिलौने भी बाहर से मंगाते थे, लेकिन हमने लोकल फॉर वोकल का संकल्प लिया और आज 100 से अधिक देशों में हम खिलौने भेजते हैं। मैं आपसे अपील करता हूं कि आप भारतीय हैं, इसलिए भारत में बने सामान को ही खरीदें। आप तय करें वही लेना है जो भारत में बना हो।
होगा कोई समय, जब विदेश में बना सामान हमारे व्यापारियों ने इसलिए बेचा होगा कि उन्हें प्रॉफिट ज्यादा मिलता होगा, लेकिन आपने जो अब तक किया उसे छोड़कर लोकल फॉर वोकल पर फोकस करना चाहिए।
मेरा आग्रह है कि आप व्यापारी मेड इन इंडिया का सामान पूरे गर्व से बेचिए। कुछ दिन पहले ही देश को नया कर्तव्य पथ मिला है, नई संसद मिल चुका है। भारत मंडपम मिला है। दिल्ली को विदेश कारोबार के लिए बेहतरीन स्थान बना रही है। हमारी दिल्ली जल्द ही दुनिया की बेहतरीन राजधानी बनकर उभरेगी।
PM ने कहा- प्राचीन संस्कृति हमारी बड़ी शक्ति
PM मोदी ने कहा- भारत की बहुत बड़ी शक्ति हमारी प्राचीन संस्कृति है। हमारी धरोहर है, ये जीवन दर्शन है, जीवंत दर्शन है। इसी जीवंत दर्शन में चक्रधारी मोहन और चरखाधारी मोहन दोनों का दर्शन होता है। हम समय समय पर दोनों की अनुभूति करते हैं।
चक्रधारी मोहन यानी श्रीकृष्ण, जिन्होंने सुदर्शन चक्र की हमे अनुभूति कराई। और चरखा धारी मोहन यानी महात्मा गांधी । भारत को सशक्त बनाने के लिए हमे चक्रधारी मोहन से सीखना है और आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमे चरखी धारी मोहन से सीखने की जरूरत है।
मैं इसका उदाहरण देता हूं, खादी खत्म होने के कगार पर पहुंच गई थी, जब हमारी सरकार बनी तो हमने इसकी बिक्री सात गुना बढ़ा दी। लोगों ने वोकल फॉर लोकल के साथ इस सोच को आगे बढ़ाया।
ग्यारह साल पहले हम अपनी जरूरत के फोन बाहर से मंगाते थे, लेकिन आज हम देश में बना रहे हैं। आज हम हर साल 30-35 करोड़ मोबाइल फोन बना रहे हैं, और उन्हें बाहर भी भेज रहे हैं।
मोदी बोले- दीवाली पर डबल बोनस मिलेगा
PM ने कहा- हमारे लिए सुशासन का मतलब है। जिसका हम विस्तार कर रहे हैं। आने वाले समय में ये हम लगातार जारी रखने वाले हैं।
इसी कड़ी में जीएसटी में नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म होने जा रहा है। दीवाली में डबल बोनस मिलने वाला है। हमने इसका पूरा प्रारूप राज्यों को भेज दिया है।
मैं आशा करता हूं कि सभी राज्य सरकार का सहयोग करेंगे। जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को पूरा करेंगे, ताकि ये दीपावली और शानदार बन सके। इसका फायदा हर परिवार को होगा। गरीब और मिडिल क्लास को होगा।
PM ने कहा- सिर पर संविधान रख नाचने वाले इसे कुचलते थे
PM ने कहा- लंबे समय तक इन्होंने सरकारें चलाई हैं, उनके लिए जनता पर शासन करना ही उद्देश्य था। पहले क्या स्थिति थी इसका उदाहरण देता हूं, दिल्ली में हमारे जो साफ सफाई में जुटे साथी हैं, ये सभी दिल्ली में बहुत बड़ा दायित्व निभाते हैं, इन्हें सैल्यूट करना चाहिए। पहले ही सरकारों ने इन्हें गुलाम समझ रखा था, ये जो लोग सर पर संविधान रखकर नाचते हैं न, ये कैसे संविधान को कुचलते थे। ये बाबा साहब की भावनाओं को दगा देते थे।
मैं इसकी सच्चाई बताता हूं आप सुनकर दंग रह जाएंगे। दिल्ली में पहले इन सफाई कर्मियों में एक खतरनाक कानून था, यदि कोई सफाई मित्र बिना बताए काम पर नहीं आता तो उसे एक महीने में जेल के लिए डाला जा सकता था। आप बताइए, खुद सोचिए सफाई कर्मियों को लोग क्या समझते थे।
आप जेल में डाल देंगे, एक छोटी सी गलती के कारण। आज जो संविधान की बात करते हैं इन्होंने जमकर लोगों का शोषण किया।
मोदी बोले- इन्फ्रास्ट्रक्चर का बजट 6 गुना बढ़ाया
PM मोदी ने कहा- पहले की सरकारों में इन्फ्रास्ट्रक्चर पर बजट कम होता था, लेकिन हमने छह गुना तक बजट बढ़ा दिया है। अब योजनाओं को तेजी से शुरू करने पर हमारी सरकार फोकस कर रही है। ये जो इतना सारा पैसा लग रहा है, ये परियोजनाएं बहुत बड़ी संख्या में रोजगार भी बना रही हैं। इसमें लेबर से लेकर इंजीनियर तक लाखों साथियों को काम मिलता है।
PM बोले- UPA सरकार में सिर्फ फाइलें चलती थीं
गुड गर्वनेंस भाजपा सरकारों की पहचान है। भाजपा की सरकार के लिए जनता जर्नादन ही सर्वोपरि है, आपके पास ही हमारा कमांड है। हमारा काम है जनता के जीवन को आसान बनाएं।
हरियाणा में एक समय कांग्रेस सरकारों का था, जब बिना पर्ची खर्ची के एक नियुक्ति मिलना मुश्किल था, लेकिन अब की सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ युवाओं को नौकरी दी। नायब सैनी के नेतृत्व में ये काम चल रहा है।
आज देश की बात करूं तो बीते ग्यारह सालों में देश में रिकॉर्ड सड़कें बनी हैं। रेलवे स्टेशन बनी हैं। छोटे छोटे शहरों में एयरपोर्ट बन रहे हैं। ये तभी संभव हूुआ है जब आज की सरकार ने पुराने तौर तरीकों को बदला है।
जो विकास होना चाहिए था, वह अतीत की सरकारों में नहीं हुआ। यूपीए सरकार के दौरान फाइलें चलती थीं, लेकिन उन पर काम हमने किया। जब केंद्र में राज्यों में भाजपा की सरकारें बनीं तो विकास शुरू हुआ।
मोदी बोले- दिल्ली को उबारने में टाइम लगेगा
PM ने कहा- लंबे अरसे के बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है। हम देखते हैं कि दिल्ली की पिछली सरकारों ने दिल्ली को बर्बाद किया। मैं जानता हूं कि भाजपा की नई सरकार को दिल्ली को उबारने में काफी समय लगेगा। पहले तो गड्ढा भरने में टाइम जाएगा फिर कुछ काम दिखेगा, लेकिन मुझे भरोसा है कि पिछले दशकों की समस्याओं को दिल्ली को बाहर ये सरकार निकालेगी।
PM ने कहा- दिल्ली वालों को हर परेशानी से मुक्त करेंगे
PM मोदी ने कहा- हमारी सरकार हर परेशानी से दिल्ली वालों को मुक्त करने जा रही है। मुझे खुशी है कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की भाजपा सरकार यमुना जी की सफाई में लगातार डटी हुई है। अब तक यमुना से सोलह लाख मीट्रिक टन कचरा हटा चुकी है। बहुत कम समय में ही दिल्ली में साढ़े छह सौ ईवी इलेक्ट,कि बसें शुरू की गई हैं। भविष्य में EV बसें दो हजार का आंकड़ा पार कर जाएंगी।
अर्बन एक्सटेंशन रोड कचरे से बनाई
PM ने कहा- ये दोनों सड़कें शानदार बनी हैं। पैरीफेरी एक्सटेंशन के बाद अब दिल्ली अर्बन एक्सटेंशन को बहुत जल्दी सुविधा मिलने वाली है। अर्बन एक्सटेंशन रोड बनाने में लाखों टन कचरा काम में लाया गया है, यानी कूड़े के पहाड़ को कम करके सड़क बनाने में किया गया है। वैज्ञानिक तरीके से यूज किया गया है।
11 सालों में दिल्ली NCR में आना-जाना आसान हुआ
PM ने कहा-केंद्र की सरकार ने इसके लिए अलग अलग स्तर पर काम किया है। हमने दस सालों में अभूतपूर्व विकास किए हैं। दिल्ली एनसीआर में मेट्रो के मामले में दुनिया के सबसे बड़े मेट्रो मार्केट हैं। ग्यारह सालों में दिल्ली एनसीआर में आना जाना पहले के मुकाबले आसान हुआ है। साथियों, दिल्ली को बेहतरीन शहर बनाने का जो बीड़ा हमने उठाया है, वह जारी है। आज भी हम सभी इसके साक्षी बने।
PM बोले- व्यापारियों-किसानों को इससे लाभ मिलेगा
PM नरेंद्र मोदी ने संबोधन के शुरुआत में कहा- एक्सप्रेस वे का नाम द्वारिका, जहां ये कार्यक्रम हो रहा है उस स्थान का नाम रोहिणी, जन्म अष्टमी का उल्लास, संयोग से मैं भी द्वारिकाधीश की भूमि से हूं। पूरा माहौल कृष्ण मय हो गया है।
उन्होंने कहा- अगस्त का ये महीना आजादी के रंग में क्रांति के रंग में रंगा होता है। आजादी के इसी महोत्सव के बीच आज देश की राजधानी दिल्ली देश में हो रही, विकास क्रांति की साक्षी बन रही है।
थोड़ी देर पहले, दिल्ली को द्वारिका एक्सप्रेस वे और अर्बन एक्सटेंशन रोड की कनेक्टिवटी मिली। इससे दिल्ली के गुरुग्राम के पूरे एनसीआर के लोगों की सुविधा बढ़ेगी। इससे आना जाना आसान होगा। सभी का समय बचेगा।
जो व्यापारी-कारोबारी वर्ग है, जो हमारे किसान हैं, उनको विशेष लाभ होने वाला है। दिल्ली एनसीआर के सभी लोगों को इस आधुनिक सड़कों के लिए बहुत बहुत बधाई देता हूं
PM ने प्रोजेक्टों का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोहिणी के कार्यक्रम में रिमोट का बटन दबाकर द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) का उद्घाटन किया।
दिल्ली से देहरादून 2 घंटे, कटरा 6 घंटे में पहुंचेंगे
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा- कई और भी ऐसी परियोजनाएं शुरू हो रही हैं, जिनके शुरू होने से देहरादून, उत्तर प्रदेश के कई शहरों का दिल्ली तक का सफर आसान होगा और समय भी कम लगेगा।
मुझे विश्वास है हमने जो दिल्ली के लिए प्रोजेक्ट शुरू किए हैं, उन्हें हम जल्द ही पूरा कर लेंगे। दिल्ली से देहरादून का सफर दो घंटे में होगा। वह इसी साल पूरा होगा। दिल्ली से कटरा हम छह घंटे में पहुंचेंगे।
ये प्रोजेक्ट दिसंबर 2026 में पूरा हो जाएगा। दिल्ली में आबादी बढ़ रही है, इसके लिए हमे विश्वस्तरीय इसे बनाना होगा।
हमारे प्रधानमंत्री देश को विकसित भारत का संकल्प लिया है, जिसको हमे पूरा करना है। दिल्ली के लोगों की जो अपेक्षा है, उसके लिए हमारा विभाग हर स्तर पर करेगा।
परियोजनाओं से दिल्ली और हरियाणा को काफी लाभ
गडकरी ने कहा- हमारे अधिकारियों ने आज काम जो किया है, वह बहुत अच्छा किया है। यदि काम अच्छा नहीं होता तो मैं नाराज भी होता। मैंने आज निरीक्षण किया, लेकिन काम अच्छा हुआ है। इसके लिए मैं सभी का धन्यवाद देता हूं।
इन परियोजनाओं से दिल्ली और हरियाणा के लोगों को काफी लाभ होगा। इससे आधी दिल्ली को जाम से मुक्ति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने जो रोड मैप दिया है उसमें लॉजिस्टिक कॉस्ट को कम करने के लिए कहा गया है।
इसके लिए हम आईआईटी की मदद ले रहे हैं। इन्होंने अध्ययन किया है और बताया है कि हमारे देश में लॉजिस्टिक कास्ट में छह प्रतिशत की कमी आई है।
कई और भी ऐसी परियोजनाएं शुरू हो रही हैं, जिनके शुरू होने से देहरादून, उत्तर प्रदेश के कई शहरों का दिल्ली तक का सफर आसान होगा और समय भी कम लगेगा।
गडकरी ने कहा- 4 घंटे की जगह 45 मिनट में पहुंचा
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा- मुझे दिल्ली आने में 4 घंटे लगते थे, लेकिन आज मैं 45 मिनट में पहुंचा हूं। ये जो छह परियोजनाएं हैं, ये 2001 से प्रस्तावित हैं, लेकिन पिछली दिल्ली की सरकारों ने काम नहीं किया। मनोहर लाल जी जब मुख्यमंत्री थे, जो हरियाणा दिल्ली को जोड़ने वाले द्वारिका एक्सप्रेस वे का काम हमने हाथ में लिया।
इन परियोजनाओं को बनाने में काफी दिक्कतें आईं, लेकिन हरियाणा सरकार और दिल्ली सरकार के सहयोग के कारण हम इसे पूरा कर पाए। इसकी क्वालिटी की ओर विशेष रूप से ध्यान दिया गया। इसकी जो डिजाइन आई थी वह पच्चीस साल की थी, लेकिन हमने इसे रिजेक्ट किया और नए डिजाइन पर काम शुरू किया।
गडकरी बोले- दिल्ली में 48 हजार करोड़ के काम पूरे हुए
केंद्रीय मंत्री परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा- आज का दिन विशेष रूप से हमारे विभाग के लिए बड़ा अभिमान का विषय है। प्रधानमंत्री ने 2014 में सरकार बनने के बाद हमारे विभाग की मीटिंग ली, वहां उन्होंने निर्देश दिया कि हमारी सड़कें विश्वस्तरीय हों।
उस समय दिल्ली की स्थिति अच्छी नहीं थी। पूरी दिल्ली जाम रहती थी। इसी के कारण हमने इन सब समस्याओं का अध्ययन किया। हमने दिल्ली को विश्वस्तरीय राज्य बनाने का संकल्प लेकर काम शुरू किया। मुझे खुशी है कि पहले ही दिन 65 हजार करोड़ रुपए लेकर काम शुरू किया। आज 48 हजार के काम पूरे हो चुके हैं।
हालांकि बहुत मुश्किलें आईं, लेकिन हमे सहयोग मिला। इसमें सुप्रीम कोर्ट ने भी साथ दिया।
हरियाणा CM बोले- हमें 21 नए नेशनल हाईवे दिए
सीएम नायब सैनी ने कहा- आपने हरियाणा को 21 नए नेशनल हाईवे दिए हैं, जिनमें से 12 बन चुके हैं। आज हरियाणा का हर जिला राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ चुका है। आपके नेतृत्व में हरियाणा उत्तर भारत का सबसे बड़ा औद्योगिक हब बनकर उभरा है। मैं आपका प्रदेश वासियों की ओर से हरियाणा सरकार की ओर से केंद्र सरकार के द्वारा दिए जाने वाला सहयोग के लिए आभार प्रकट करता हूं।
CM सैनी बोले- ऑपरेशन सिंदूर में स्वदेशी ताकत दुनिया ने देखी
CM नायब सैनी ने कहा- आपका यह प्रयास, ये विजन विकसित भारत के लिए हरियाणा के लिए मील का पत्थर साबित होगा। ये आपके कुशल नेतृत्व का ही परिणाम है कि हम आज दुनिया की चौथी आर्थिक शक्ति बन गए हैं। हम जल्द ही आपके नेतृत्व में दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति बनेंगे। हाल ही में हमारी स्वदेशी ताकत को दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर में देखा है।
देश के हर हिस्से में विकास हो रहा है। आपके नेतृत्व में रोड, रेलवे, और हवाई मार्गों का पूरे देश में हो रहा है। परियोजनाओं को आपके नेतृत्व में और मजबूत किया जा रहा है। आपका हरियाणा के प्रति विशेष सहयोग है।
आपने हरियाणा को कई ऐसी सौगातें दी हैं, जिससे हरियाणा विकास की रोड पर तेजी से दौड़ रहा है। आपके आशीर्वाद से हमे लगातार कई ऐसे प्रोजेक्ट मिले हैं, जिससे हरियाणा का हमेशा आभारी रहेगा।
हरियाणा CM बोले- पूरे उत्तर भारत के लिए ऐतिहासिक दिन
हरियाणा के CM नायब सैनी ने कहा- आज का दिन हरियाणा के साथ साथ पूरे उत्तर भारत के लिए ऐतिहासिक और यादगार दिन है। ये दिन हरियाणा और एनसीआर के इतिहास में स्वर्णिम इतिहास के रूप में दर्ज होगा। आज जो 11 हजार रुपए सड़क परियोजनाएं का उद्घाटन आप कर रहे हैं, इसके लिए मैं इन परियोजनाओं का आपका आभार प्रकट करता हूं।
मुझे खुशी है कि अर्बन एक्सटेंशन रोड सेकेंड का निर्माण शामिल हैं। इन पर दो हजार करोड़ रुपए की लागत आई है। इन परियोजनाएं से लोगों को जाम की मुक्ति मिलने जा रही है। मैं इसके लिए हरियाणा की जनता की तरफ से मैं प्रधानमंत्री जी का आभार प्रकट करता हूं।
CM रेखा बोलीं- पिछली सरकार ने केंद्र के फंड का लाभ रोका
दिल्ली CM रेखा ने कहा- आपने दिल्ली के हक का एक-एक पैसा, एक-एक सुविधा जारी रखी। आज भी ये योजनाएं जारी हैं। अमृत योजना के तहत 940 करोड़ रुपए दिए। कूड़े के पहाड़ के लिए 1500 करोड़ रुपए दिए। मेट्रो के 400 किलोमीटर के विकास को आपने जारी रखा।
आपने कोविड काल में भी दिल्ली के लोगों को सुविधाएं देना जारी रखा। इसके लिए दिल्ली की जनता आपका हमेशा आभारी रहेगी। मुझे अफसोस है कि दिल्ली की पिछली सरकार ने केंद्र के फंड का लाभ दिल्ली के लोगों के लिए होने नहीं दिया। आपने पिछले दस सालों में दिल्ली को गति दी वह काबिले तारीफ है।
आपने दिल्ली के रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत किया। हर क्षेत्र में दिल्ली के विकास की नई राह आपने दी है। आज भी आप ये नए प्रोजेक्ट देकर दिल्ली और एनसीआर के लोगों को पंख दिए हैं। इसके लिए मैं आपका और केंद्र सरकार अभिनंदन करती हूं। आपने वह करके दिखा दिया जो दिल्ली के लोगों के कभी काम नहीं आया।
आपने दिल्ली के सड़कों के कूड़े को सड़कों पर बिछा दिया, इसको दिल्ली की सरकार बता नहीं पाई। दिल्ली की कभी सोच भी नहीं सकती थी, कि दिल्ली के हॉरर प्वाइंट कभी दूर हो पाएंगे। आपने वो करके दिखाया है, जो लोग सोच भी नहीं पाते थे। पिछली सरकारों ने दिल्ली को रेंगने के लिए छोड़ रखा था।
CM रेखा बोलीं- विपक्ष ने अपशब्द कहे, PM ने दिल्ली से मुंह नहीं मोड़ा
दिल्ली CM ने आगे कहा- आज आपके के नेतृत्व में विकास की नई इबारत लिखने जा रही है। आप ऐसे नेता हैं, जिन्होंने विपक्ष की ओछी राजनीति के बाद भी दिल्ली के लोगों के लिए आपने मदद जारी रखी।
विपक्ष की सरकार के कारण ही यहां के लोगों को केंद्रीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया। उनकी सरकार ने ऐसे ऐसे अपशब्दों का प्रयोग किया, लेकिन आपने इसके बावजूद भी दिल्ली से कभी मुंह नहीं मोड़ा। आपने कभी दिल्ली से मुंह नहीं मोड़ा। इसके लिए मैं आपका धन्यवाद करती हूं।
दिल्ली CM बोलीं- PM मोदी विकास पुरुष
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- आज मेरे लिए बहुत खुशी का अवसर है। आज यहां नरेंद्र मोदी उपस्थित हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मंच पर हैं। दिल्ली के एलजी विनय सक्सेना भी मंच पर मौजूद हैं।
मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद देती हूं, जो यहां से छह बड़े प्रोजेक्ट शुरू कर रहे हैं। वो एक ऐसे विकास पुरुष हैं, जिनका पूरा जीवन देश के लिए है। वह लगातार भारत को विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में लगे हुए हैं। ये दिल्ली के लोग हमेशा याद रखेंगे।
आपने हर दिशा में प्रगति करने के लिए अभूतपूर्व विचार दिए। आपने ऐसे निर्णय लिए जिससे देश के हर नागरिक को सुरक्षा मिली है। दिल्ली की सीएम होने के नाते में मैं आपके नेतृत्व में पांच महीने के अनुभव के हिसाब से कह सकती हूं कि आपकी सोच में भारत का हर नागरिक है। आप वह शक्ति हैं जिसने राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को ऊपर रखा है। आप वह नेतृत्व हैं जिसने नए भारत को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है।
हरियाणा CM ने PM को पगड़ी बांधी
नायब सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पगड़ी बांधी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने चंदन की लकड़ी की मूर्ति दी।
