ओवल टेस्ट-रूट और ब्रूक ने इंग्लैंड को 200 पार पहुंचाया:374 रन का टारगेट चेज कर रही है टीम, ब्रूक की फिफ्टी; भारत को 6 विकेट चाहिए
भारत ने ओवल टेस्ट में इंग्लैंड को जीत के लिए 374 रन का टारगेट दिया है। जवाब इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 3 विकेट पर 208 रन बना लिए हैं। टीम को यहां से 166 रन बनाने हैं। जो रूट और हैरी ब्रूक क्रीज पर हैं। दोनों शतकीय साझेदारी कर चुके हैं। हैरी ब्रूक फिफ्टी बना चुके हैं।
रविवार को मैच का चौथा दिन है और दूसरे सेशन का खेल जारी है। भारत जीत से 6 विकेट दूर है, क्योंकि क्रिस वोक्स इंजरी के कारण इस मैच से बाहर हो गए हैं।
लंच से पहले ओली पोप (27 रन) को मोहम्मद सिराज ने LBW किया। वे इस सीरीज के टॉप विकेट टेकर बन गए हैं। सिराज ने जोश टंग (19 विकेट) को पीछे छोड़ा। बेन डकेट (54 रन) को प्रसिद्ध कृष्णा ने केएल राहुल के हाथों कैच कराया।
एक दिन पहले भारत अपनी दूसरी पारी में 396 रन पर ऑलआउट हुआ। इंग्लैंड पहली पारी में 247 रन पर ऑलआउट हो गया। टीम को पहली पारी में 23 रन की बढ़त मिली। भारत ने पहली पारी में 224 रन बनाए थे। मैच का स्कोरकार्ड…
रोचक फैक्ट
- टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली पारी एक सीरीज में 9 बैटर्स ने 400 का आंकड़ा पार किया है। मौजूदा सीरीज में भारत के 5 और इंग्लैंड के 4 बैटर्स ने 400 से ज्यादा रन बनाए हैं।
- टेस्ट इतिहास में यह दूसरी सीरीज है, जिसमें 7 हजार से ज्यादा रन बने हैं। इससे पहले 1993 की एशेज सीरीज में 7221 रन बने थे। उस सीरीज में 6 मैच खेले गए थे।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, आकाशदीप, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: ओली पोप (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जैमी ओवर्टन, जोश टंग।
