जम्मू-कश्मीर के रियासी में लैंडस्लाइड:SDM और बेटे की मौके पर मौत, पत्नी समेत 3 घायल; परिवार के साथ पैतृक गांव जा रहे थे
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में लैंडस्लाइ़़ड की चपेट में आने से एक सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) और उनके बेटे की मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी और दो अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात सलुख इख्तर नाला इलाके की है। SDM राजिंदर सिंह राणा अपने परिवार के साथ धर्मारी से अपने पैतृक गांव पट्टियां जा रहे थे। तभी लैंडस्लाइड हुई और एक बड़ा पत्थर उनकी गाड़ी पर आ गिरा।
इससे राणा और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही उनकी पत्नी और दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय निवासियों और पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती इलाज के बाद उन्हें रियासी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लद्दाख में सेना की गाड़ी पर पत्थर गिरा, 2 की मौत लद्दाख में 30 जुलाई की सुबह सेना की एक गाड़ी लैंडस्लाइड की चपेट में आ गई थी। हादसा दुर्बुक से चोंगताश की ओर जाते वक्त हुआ था। इसमें लेफ्टिनेंट कर्नल भानू प्रताप सिंह और दलजीत सिंह की मौत हो गई थी, जबकि सेना के तीन अफसर घायल हो गए थे। घायलों में मेजर मयंक शुभम (14 सिंध हॉर्स), मेजर अमित दीक्षित और कैप्टन गौरव (60 आर्म्ड) शामिल थे।
2 प्वाइंट्स में जानिए आखिर कैसे हुआ हादसा…
- चट्टान गिरते ही क्षतिग्रस्त हुआ सैन्य वाहन: 30 जुलाई सुबह करीब 11:30 बजे दुर्बुक से चोंगताश की ओर जा रहा सेना का वाहन जैसे ही KM 74 के पास पहुंचा, अचानक भूस्खलन हो गया। एक बड़ी चट्टान चलती गाड़ी पर आ गिरी। इससे वाहन को बुरी तरह नुकसान पहुंचा। यह घटना पहाड़ी इलाके में हुई, जहां अक्सर लैंडस्लाइड की आशंका बनी रहती है।
- सभी फायरिंग रेंज जा रहे थे: हादसे के वक्त सेना की गाड़ी को नायक दलजीत सिंह चला रहे थे। वाहन में कुल 5 जवान सवार थे, जो रूटीन ट्रेनिंग के तहत फायरिंग रेंज की ओर जा रहे थे। अचानक गिरी चट्टान से वाहन दब गया, जिससे दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई और बाकी तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
