Headlines

ट्रम्प ने रूस के पास दो न्यूक्लियर पनडुब्बियां तैनात कीं:गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी; पूर्व रूसी राष्ट्रपति के भड़काऊ बयानों के जवाब में फैसला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूस के साथ बढ़ते तनाव के बीच रूस के नजदीक दो न्यूक्लियर पनडुब्बियां तैनात करने का आदेश दिया है। साथ ही रूस को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि पनडुब्बियां कहां तैनात की जाएंगी।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया साइट ट्रुथ पर पोस्ट लिखकर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने यह कदम रूस के पूर्व राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव के भड़काऊ बयान और यूक्रेन के साथ जंग खत्म करने की समय सीमा खत्म होने के बाद उठाया है।

ट्रम्प ने हाल ही में स्कॉटलैंड यात्रा के दौरान ऐलान किया था कि रूस के पास यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए 10 से 12 दिन का समय है। अगर रूस इस दौरान सीजफायर के लिए बातचीत पर सहमत नहीं होता तो रूस के साथ व्यापार करने वाले देशों पर ‘सेकेंडरी टैरिफ’ लगेगा।

अब पढ़िए ट्रम्प का सोशल मीडिया पोस्ट और उसका हिंदी अनुवाद…

ट्रम्प ने सोशल मीडिया साइट ट्रुथ पर लिखा- मैंने दो न्यूक्लियर पनडुब्बियों को रूस के पास तैनात करने का आदेश दिया है, ताकि भड़काऊ बयान सिर्फ बयानबाजी तक सीमित रहें। शब्द बहुत कीमती होते हैं और कई बार अनजाने में गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि यह ऐसा मामला नहीं होगा।

ट्रम्प ने बताया डेड इकोनॉमी तो रूस ने दिलाई डैड हैंड की याद ट्रम्प ने 30 जुलाई को भारत पर 25% टैरिफ लगाने के बाद भारत और रूस को डेड इकोनॉमी बताया था। उन्होंने कहा था- भारत और रूस अपनी अर्थव्यवस्था को साथ ले डूबें, मुझे क्या। इसके जवाब में रूस के पूर्व राष्ट्रपति मेदवेदेव ने कहा अमेरिकी राष्ट्रपति घबरा गए हैं।

मेदवेदेव ने टेलीग्राम पर लिखा था- ट्रम्प को ‘डेड हैंड’ की खतरनाक ताकत याद रखनी चाहिए, भले ही यह अब मौजूद नहीं है। अगर रूस के पूर्व राष्ट्रपति के कुछ शब्दों से अमेरिका के शक्तिशाली राष्ट्रपति इतना घबरा जाते हैं, तो रूस का रास्ता बिल्कुल सही है। हम अपने रास्ते पर आगे बढ़ते रहेंगे।

डेड हैंड रूस का एक पुराना न्यूक्लियर हथियार कंट्रोल सिस्टम है, जो देश की लीडरशिप खत्म होने पर भी जवाबी हमला कर सकता था।

इस खबर को अपडेट किया जा रहा है….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024