Headlines

तेजस्वी बोले- बिहार चुनाव का बायकॉट कर सकता है विपक्ष:महागठबंधन इस पर विचार करेगा, वोटर वेरिफिकेशन में फर्जीवाड़े का आरोप

तेजस्वी बोले- बिहार चुनाव का बायकॉट कर सकता है विपक्ष:महागठबंधन इस पर विचार करेगा, वोटर वेरिफिकेशन में फर्जीवाड़े का आरोप

पटना32 मिनट पहले
तेजस्वी ने बुधवार शाम पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात की।

बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना में बुधवार शाम कहा- विपक्ष विधानसभा चुनाव का बायकॉट कर सकता है। इसे लेकर महागठबंधन की सभी पार्टियों के बीच विचार करेंगे।

यह जानने की कोशिश करेंगे कि जनता क्या चाहती है। वोटर के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के नाम पर जब बेईमानी से ही सब तैयार कर लिया गया है तो इस पर देखा जाएगा, हम क्या कर सकते हैं।

52 लाख वोटर्स का कट सकता है नाम, वोटर वेरिफिकेशन में खुलासा

चुनाव आयोग द्वारा बिहार में चल रहे विशेष सघन पुनरीक्षण के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आयोग के अनुसार, 7 लाख 50 हजार से भी अधिक लोगों ने एक से ज्यादा जगहों पर पहले से अपनी वोटर ID बनवा रखी है।

वहीं पुनरीक्षण के दौरान अब तक 52 लाख 30 हजार से भी अधिक लोग अपने पते पर नहीं पाए गए हैं, जिनका नाम वोटर ID से कट सकता है।

वो नए नियम, जिनकी वजह से विपक्ष हंगामा कर रहा

बिहार की वोटर लिस्ट में नेपाल-बांग्लादेश के लोग

बिहार में वोटर लिस्ट वैरिफिकेशन का काम जारी है। इस दौरान चुनाव आयोग (EC) के अधिकारियों का दावा है कि बिहार में बड़ी तादाद में विदेशी हैं। EC अफसरों ने न्यूज एजेंसी को बताया, ‘हमने मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए घर-घर जाकर दौरे किए। इस दौरान हमें नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार से आए लोग बड़ी संख्या में मिले हैं।’

EC अफसरों के मुताबिक ‘1 अगस्त के बाद ऐसे लोगों की जांच होगी। 30 सितंबर को पब्लिश होने वाली आखिरी मतदाता सूची में अवैध प्रवासियों के नाम शामिल नहीं किए जाएंगे।’ वोटर लिस्ट वैरिफिकेशन का काम 24 जून को शुरू हुआ था और 25 जुलाई, 2025 तक गणना फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख है। मतदाता गणना फॉर्म जमा करने का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। पूरी खबर पढ़ें…

सीएम नीतीश और तेजस्वी में तीखी बहस

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के बीच तीखी बहस हुई।

तेजस्वी ने बिहार के SIR के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की। दोनों डिप्टी सीएम पर भी तंज कसा। जिसके बाद सदन में जमकर हंगामा हुआ।

तेजस्वी बोल ही रहे थे कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उठे और कहने लगे, ‘पहले क्या था। तुम्हारे माता-पिता मुख्यमंत्री थे.. क्या किया।’

इस दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव को बच्चा कह दिया। तेजस्वी ने भी जवाब में कहा कि ‘बच्चा हूं, लेकिन कच्चा नहीं।’

सीएम बोल रहे थे, तभी राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कुछ कहा। इस पर डिप्टी CM विजय सिन्हा बोले- आप क्यों बोल रहे। इस पर भाई वीरेंद्र ने कहा- ‘ये सदन किसी के बाप का है क्या।’

सदन के अंदर तेजस्वी यादव और सीएम नीतीश के बीच तीखी बहस हुई।

राजद विधायक के इस बयान पर स्पीकर नंद किशोर यादव गुस्सा हो गए। उन्होंने कहा, ‘आपने गलत बयानबाजी की है। माफी मांगिए, नहीं तो सदन से बाहर फेंकवा दूंगा’, लेकिन भाई वीरेंद्र ने माफी नहीं मांगी।’

भाई वीरेंद्र के इस बयान पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा, ‘ये राजद के लोग गुंडे लेकर आए हैं। हजारों लोगों की हत्या करके ये लोग आए हैं।’

जब बच्चा बोलता है तो कच्ची बात नहीं कहता

सदन में सीएम नीतीश कुमार ने आज तेजस्वी यादव को बच्चा कहा था। इस पर तेजस्वी यादव ने कहा कि वो तो मेरे पिता की उम्र के ही हैं न, क्या दिक्कत है बच्चा कहा तो, लेकिन जब बच्चा बोलता है तो कच्ची बात नहीं बोलता है।

तेजस्वी ने कहा कि पहले वोटर सरकार को चुनते थे। अब सरकार वोटर को चुन रही है कि किसको वोट देना है, किसको नहीं देना है।

सदन में भाई वीरेंद्र को माफी मांगने वाले बयान पर तेजस्वी ने विजय सिन्हा और अशोक चौधरी पर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि यही दोनों न दो दिन पहले NDA की बैठक में लड़ लिए थे। एक ने कहा तुम ग्रामीण कार्य विभाग को लुट लिए। दूसरे ने कहा तुम माइनिंग लुट लिए और आज करण-अर्जुन बनकर घूम रहे हैं।

55 लाख वोटर्स का नाम काटा गया

तेजस्वी ने कहा कि आज हमें सदन में बोलने का मौका मिला। हम बता रहे थे कि कैसे बिहार से लोग पलायन कर रहे हैं। चुनाव आयोग का एक आंकड़ा आया है, जिसमें बताया गया कि 55 लाख लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काटा गया है।

वहीं कुछ लोग बहुत हल्की राजनीति कर रहे हैं और सदन की गरिमा को गिराने का काम कर रहे हैं। अध्यक्ष ने उप मुख्यमंत्री और मंत्री को भी फटकार लगाई, लेकिन विजय सिन्हा बोलते रहे। उन्होंने कहा, ‘यही बोलता रहेगा’, ये बहुत गलत बात है।

सरकार किसकी है, PM किसका है, CM किसका है ?

तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्ष सवाल नहीं पूछेगा तो जवाब कौन देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बात बीच में रोक दी गई। हमने तो सबूत भी दिखाया। चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में 700 पन्नों का हलफनामा दिया है, जिसमें कहीं भी विदेशी नागरिकों का जिक्र नहीं है। BJP के बूथ स्तर के लोगों ने भी विदेशी नागरिकों का कोई जिक्र नहीं किया। अगर नाम है भी तो सरकार किसकी है, PM किसका है, CM किसका है ?

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि चुनाव आयोग ने प्रेस नोट में कहा है कि 22% लोग घर पर नहीं पाए गए। इस हिसाब से करीब 80 लाख लोगों का नाम काटा जाएगा। एक विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख से ज्यादा नाम काटे जाएंगे। ये सिर्फ वोटर लिस्ट बनाने की बात नहीं है, यह लोगों के अस्तित्व को ही खत्म करना चाहते हैं।

CM की हालत अब सरकार चलाने लायक नहीं

CM नीतीश पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हम जब बोल रहे थे तो बीच में मुख्यमंत्री जी उठ गए। पूरे सदन में पता था कि चर्चा SIR पर हो रही है, लेकिन उनका जो हमेशा भाषण याद है, वहीं बोलते चले गए।

सब जानते हैं कि CM की स्थिति अब सरकार चलाने लायक नहीं रही। सरकार दिल्ली से अमित शाह के इशारे पर चल रही है। पहले वोटर सरकार चुनते थे, अब सरकार में बैठे लोग वोटर चुन रहे हैं। तेजस्वी यादव ने RJD विधायक भाई वीरेंद्र का बचाव भी किया। उन्होंने क्या गलत कहा है ‘किसी के बाप का सदन थोड़ी है’। जब सीएम बोल रहे थे तो हम चुप थे, क्योंकि वो सदन के नेता हैं।

वहीं जब नेता प्रतिपक्ष बोल रहा था तो यह लोग क्यों बोलने लगे? इनके खुराफाती उप मुख्यमंत्री हल्ला मचाने लगे। यह लोग हल्की आदतों से बहस कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024