ऑपरेशन सिंदूर-लोकसभा में 28, राज्यसभा में 29 जुलाई को चर्चा:दोनों सदनों में 16-16 घंटे बहस; विपक्ष के हंगामे से लगातार तीसरे दिन सदन नहीं चला
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लोकसभा में 28 जुलाई और राज्यसभा में 29 जुलाई को चर्चा होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों सदनों में बहस के लिए 16-16 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत 21 जुलाई को हुई थी।
पिछले 3 दिनों से विपक्ष ऑपरेशन सिंदूर, बिहार वोटर वेरिफिकेशन जैसे मुद्दों पर हंगामा कर रहा है। तीन दिनों में दोनों सदनों में लगातार एक आधे घंटे भी कार्यवाही नहीं चल सकी।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि सरकार कहती है ऑपरेशन सिंदूर चालू है, जबकि डोनाल्ड ट्रम्प बंद कराने का दावा कर चुके हैं।
ट्रम्प ने 25 बार बोला कि उन्होंने सीजफायर कराया। वो कौन होते हैं बोलने वाले, ये उनका काम नहीं है। लेकिन पीएम मोदी ने इस पर एक जवाब नहीं दिया। ऐसा लगता है दाल में कुछ काला है।
इससे पहले लोकसभा में बिहार वोटर वेरिफिकेशन मुद्दे पर हंगामा हुआ। विपक्षी सांसद नारेबाजी करते हुए वेल में चले आए। उन्होंने काले कपड़े लहराए। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा- आप सड़क का व्यवहार संसद में न करें। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
मानसून सत्र के तीसरे दिन की 3 तस्वीरें…
अपडेट्स
लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे शुरू हुई। विपक्ष के सांसदों ने फिर हंगामा किया। इसके बाद कार्यवाही को गुरुवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
राहुल बोले- हिंदुस्तान में इलेक्शन चोरी किए जा रहे हैं
राहुल गांधी ने कहा- हिंदुस्तान में इलेक्शन चोरी किए जा रहे हैं। महाराष्ट्र में कैसे मैच फिक्सिंग हुई, हमने सबको दिखाया। कर्नाटक की एक लोकसभा सीट की जांच की – वहां बड़े पैमाने पर वोट चोरी मिली, जल्द जनता के सामने लाएंगे।
बिहार में SIR के नाम पर SC, ST, OBC और अल्पसंख्यक भाइयों-बहनों के वोट चुराए जा रहे हैं। हम चुप नहीं बैठेंगे। INDIA गठबंधन जन अधिकार की लड़ाई संसद से सड़क तक लड़ेगा।
राहुल गांधी बोले- दाल में कुछ काला है
सांसद हेमा मालिनी बोलीं- सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार
बिहार SIR के खिलाफ संसद में विपक्ष के विरोध पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा, वे (विपक्षी सांसद) संसद को चलने नहीं दे रहे हैं। इसके बजाय, उन्हें इस मामले पर चर्चा करनी चाहिए। सरकार किसी भी मामले पर चर्चा के लिए तैयार है।
संसद की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित
संसद के दोनों सदनों में बिहार वोटर वेरिफिकेशन को लेकर हंगामा जारी रहा। इसके बाद लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
