Headlines

बांग्लादेश एयरफोर्स का विमान ढाका में स्कूल पर गिरा:16 छात्र, 2 शिक्षक और पायलट की मौत, 164 घायल; हादसे के वक्त क्लास चल रही थी

बांग्लादेश एयरफोर्स का विमान ढाका में स्कूल पर गिरा:16 छात्र, 2 शिक्षक और पायलट की मौत, 164 घायल; हादसे के वक्त क्लास चल रही थी

ढाका12 मिनट पहलेलेखक: एसएम अमानुर रहमान
बांग्लादेशी वायुसेना का F-7 BGI विमान स्कूल के ऊपर क्रैश हो गया। हादसे के समय स्कूल में क्लासेस चल रही थीं।

बांग्लादेश की वायुसेना का ट्रेनर विमान सोमवार को ढाका के स्कूल पर गिर गया। AP की रिपोर्ट के मुताबिक हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 16 छात्र, 2 शिक्षक और 1 पायलट शामिल हैं।

हादसे में 164 से ज्यादा लोग घायल हैं। 60 से ज्यादा घायलों को बर्न इंस्टीट्यूट रेफर कर दिया गया है। मामूली रूप से घायल कई लोगों का उत्तरा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

घायलों को हाथ ठेले पर अस्पताल ले जाने का एक वीडियो भी सामने आया है। कई घायल बच्चों को हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया।

सरकार ने एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। हादसे के समय स्कूल में क्लासेस चल रही थीं और सैकड़ों छात्र वहां मौजूद थे।

बांग्लादेशी सेना ने वायुसेना का F-7 BGI विमान के क्रैश होने की पुष्टि की है। यह विमान चीन में बना था।

विमान हादसे की 8 तस्वीरें…

बांग्लादेश एयरफोर्स का F-7 BGI विमान सोमवार दोपहर करीब 1 बजे स्कूल के ऊपर गिरा।
विमान से आग की लपटें उठीं और कैंपस में धुआं फैल गया। घटना के बाद स्कूल से भागते छात्र।
स्कूल से घर जाने के दौरान छात्रों के बीच अफरातफरी मच गई, बसों से इन्हें घर भेजा गया।
हादसे में घायल हुई एक महिला को स्कूल कैंपस से हाथठेले पर अस्पताल ले जाया गया।
एयरक्राफ्ट में लगी आग को बुझाने के लिए फायरब्रिगेड कर्मचारियों को बेहद मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे के बाद बांग्लादेशी सेना स्कूल कैंपस में तैनात है। सेना राहत और बचाव कार्य में भी जुटी है।
स्कूल के बाहर हालात जानने के लिए बेचैन स्कूली छात्रों के परिजन और लोग।
गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को वायुसेना के हेलिकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया।

यूनुस ने हादसे पर दुख जताया

अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा

QuoteImage

इस विमान हादसे में वायुसेना के सदस्य, माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज के छात्र, अभिभावक, शिक्षक और कर्मचारी सहित जिन लोगों को नुकसान हुआ है, वह अपूरणीय है। यह देश के लिए एक बेहद दुखद क्षण है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं

QuoteImage

यूनुस ने स्थिति को संभालने के लिए अस्पतालों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों की हर संभव मदद करने और हादसे की जांच कराने की बात भी कही।

दूसरी तरफ फायर सर्विस ने बताया है कि यह घटना दोपहर 1:18 बजे हुई और उनके यूनिट 1:22 बजे मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य में उत्तरा, टोंगी, पल्लबी, कूर्मिटोला, मीरपुर और पूर्वाचल के आठ फायर स्टेशन के दल शामिल हैं।

चीन में बना है बांग्लादेश एयरफोर्स का F-7BGI फाइटर जेट

F-7BGI बांग्लादेश एयरफोर्स (BAF) का मल्टीरोल फाइटर जेट है। यह चीन के चेंगदू J-7 फाइटर का एडवांस वर्जन है, जिसे सोवियत यूनियन के MiG-21 की तर्ज पर बनाया गया था।

BAF ने 2011 से 2013 के बीच यह फाइटर खरीदा था। इसे थंडरकैट स्क्वाड्रन में शामिल किया गया था।

यह फाइटर एयर डिफेंस, ग्राउंड अटैक और समुद्री इलाकों में हमले जैसी कई भूमिकाओं में काम आता है।

F-7BGI एक बार में 600 से 650 किलोमीटर की कॉम्बैट रेंज तय कर सकता है, जबकि फेरी रेंज 2,230 किमी तक है। यह अधिकतम 17,800 मीटर की ऊंचाई तक उड़ सकता है और 155 मीटर/सेकंड की रफ्तार से ऊपर उठ सकता है।

इस फाइटर जेट में 2 तोपों के साथ 7 हथियार लगाने वाले पॉइंट हैं। इन पर 3 हजार किलोग्राम तक की मिसाइलें और बम लगाए जा सकते हैं। यह PL-5 और PL-9 मिसाइल, लेजर गाइडेड बम और C-704 एंटी-शिप मिसाइल से लैस हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024