योगी बोले- उपद्रवी कांवड़ियों के वेश में छिपे, बेनकाब करें:उनके CCTV हमारे पास, पोस्टर चस्पा करेंगे; मेरठ में कांवड़ियों पर फूल बरसाए
सावन का रविवार को 10वां दिन है। सावन का कल दूसरा सोमवार है। यूपी में सड़कों और हाईवे पर कांवड़ियों का रेला उमड़ा हुआ है। दिल्ली से लौटते वक्त सीएम योगी ने गाजियाबाद में दूधेश्वर मंदिर में जलाभिषेक किया। इसके बाद बागपत में कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की।
योगी फिर मेरठ पहुंचे। वहां मंच से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। ऑपरेशन सिंदूर की कांवड़ को योगी ने हाथ देकर रोका। उस पर फूल बरसाए। कहा- कुछ लोग कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। कुछ उपद्रवी कांवड़ियों के वेश में छिपे हैं। उन्हें बेनकाब करें।
योगी के भाषण की 2 बड़ी बातें…
- कांवड़ को बदनाम करने वाले उपद्रवियों के सीसीटीवी फुटेज हमारे पास हैं। यात्रा के बाद उनके पोस्टर चस्पा करने वाले हैं। ऐसे उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।
- शिवभक्त खुद कानून हाथ में लेने की बजाय पुलिस प्रशासन को सूचना दें। कांवड़ियों के वेश में उपद्रवी आपके बीच में छिपे हैं, इन्हें बेनकाब करें। उपद्रवी को पनपने न दें।
संगीत सोम और लक्ष्मीकांत वाजपेयी की पुलिस से बहस मेरठ में योगी के कार्यक्रम में जाते वक्त भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम की पुलिस से बहस हो गई। कांवड़ियों की भीड़ के कारण पुलिस ने उन्हें प्राइवेट गाड़ी से कार्यक्रम स्थल पर जाने से रोक दिया था। संगीत सोम गाड़ी ले जाने पर अड़ गए। 20 मिनट तक एसपी से बहस हुई। इसके बाद संगीत सोम वहां से चले गए। फिर दूसरे रास्ते से सीएम के कार्यक्रम में पहुंचे।
वहीं, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी की कार को भी रास्ते में ही पुलिस वालों ने रोक दिया। इससे गुस्साए सांसद ने कहा- यहीं बीच में गाड़ी खड़ी कर दूंगा। अभी पता लग जाएगा। दरअसल, अफसर उन्हें पहचान नहीं सके। बाद में उन्होंने अपना परिचय दिया तो पुलिसवालों ने उनकी कार को आगे भेजा।
गाजियाबाद में दो कांवड़ियों की मौत
गाजियाबाद में शनिवार देर रात एंबुलेंस ने बाइक और स्कूटी सवार कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में 2 कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हो गए। यह कांवड़िए हरिद्वार जल लेने जा रहे थे। हापुड़ में पुलिस ने कांवड़ियों की सेवा की। पंखे से हवा की, पसीना पोंछा। तेज गर्मी के बीच कांवड़ियों पर गुलाबजल छिड़का।
उत्तराखंड बॉर्डर पर 10 फीट से अधिक ऊंचे डीजे ले जा रहे कांवड़ियों को रोक दिया गया। डीजे की ऊंचाई की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के हरेंद्र शर्मा अपने 40 साथियों के साथ राम मंदिर की संरचना वाली कांवड़ लेकर निकले हैं। वह अभी हरिद्वार से गंगा जल लेकर मेरठ पहुंचे हैं। हरेंद्र ने बताया कि इसे बनाने में 8 लाख रुपए खर्च हुए हैं। वहीं, वाराणसी में शनिवार रात 8 बजे से डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया, जो कि सोमवार दोपहर तक लागू रहेगा।
यूपी में कांवड़ यात्रा से जुड़े VIDEO और अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
कांवड़ियों के लिए प्रसाद बना रही हापुड़ पुलिस, VIDEO
यह वीडियो हापुड़ का है। यहां साइलो चौकी पुलिस चौकी पर पुलिसवाले प्रसाद बनाकर कांवड़ियों को बांट रहे हैं। उनके ठहरने की भी व्यवस्था की गई है।
हरदोई में डीजे सीज होने पर कांवड़ियों ने जाम लगाया
हरदोई SP नीरज जादौन ने कांवड़ियों का डीजे सीज करा दिया। दरअसल, ट्रैक्टर -ट्रॉली पर ऊंचा डीजे देख SP ने सुरसा एसएचओ को डीजे सीज करने आदेश दिया। इसके बाद उन्होंने डीजे को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से नाराज कांवड़ियों ने सुरसा तिराहे पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस कर्मियों ने कांवड़ियों को समझाकर जाम खुलवाया।
योगी बोले- कांवड़ यात्रा में तोड़फोड़ करने वालों के पोस्टर लगाएंगे
मेरठ में सीएम योगी ने कहा- प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कहीं भी किसी गली या चौराहे पर उपद्रवी को पनपने न दें। अगर कोई बाहरी तत्व या उपद्रवी कानून को हाथ में लेकर कांवड़ को अपवित्र करता है। खंडित करता है। आपकी श्रद्धा के साथ खिलवाड़ करता है तो स्वयं कानून को हाथ में लेने की बजाय पुलिस प्रशासन को सूचना दें। प्रशासन ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटने का काम करे।
हमने तय किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी ने भी कांवड़ यात्रा को बदनाम करने के लिए उपद्रव किया। तोड़फोड़ की तो उन सबके सीसीटीवी फुटेज हमारे पास हैं। हम लोग कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न होने के बाद उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने वाले हैं। उनके पोस्टर भी चस्पा करने वाले हैं।
5 तस्वीरों में देखिए कैसे योगी ने कांवड़ियों पर फूल बरसाए
योगी बोले- कांवड़ियों को बदनाम करने की साजिश
मेरठ में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा के बाद योगी ने मीडिया से बात की। कहा- कांवड़ियों का अभिनंदन होना चाहिए। इन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए। स्वंयसेवी संगठनों के साथ धार्मिक संगठनों ने भी पुख्ता व्यवस्था की। यातायात की समस्या नहीं होनी चाहिए। कांवड़ियों की श्रद्धा को सम्मान देना चाहिए।
उन्होंने कहा- जहां उत्साह और उमंग हैं। वहीं, इस भक्ति और श्रद्धा को बदनाम करने के लिए कुछ लोग प्रयास कर रहे हैं। कुछ उपद्रवी कांवड़ियों के वेष में छिपे हैं। उन्हें बेनकाब करें। प्रशासन को तत्काल सूचना दें। शिवभक्तों से अपील है कि शिव लोकमंगल के देवता हैं। हम सब का दायित्व बनना चाहिए कि हम कांवड़ यात्रा में एक दूसरे की परेशानियों को समझें।
योगी के सामने कावंड़ियों ने बम-बम बोले के नारे लगाए
