गुरुग्राम की राधिका का इंस्टा अकाउंट पहली बार सामने आया:लिखा- सब कुछ किसी कारण से होता है; पिता ने किया टेनिस प्लेयर का मर्डर
गुरुग्राम की टेनिस प्लेयर राधिका यादव का इंस्टाग्राम अकाउंट सामने आया है। इसका खुलासा राधिका की फ्रेंड हिमांशिका राजपूत की इंस्टाग्राम स्टोरी से हुआ। हिमांशिका ने राधिका की फोटो लगाकर राधिका के अकाउंट को मेंशन किया हुआ है। जब राधिका का अकाउंट चेक किया गया तो वह प्राइवेट मिला।
राधिका के इंस्टा अकाउंट पर 69 फॉलोअर्स हैं, जबकि उसने 68 लोगों को फॉलो किया हुआ है। राधिका ने इस अकाउंट पर 6 पोस्ट की हुई हैं। हालांकि, प्राइवेट अकाउंट होने के कारण इन्हें देखा नहीं जा सकता। अकाउंट के बायो में राधिका ने स्पेनिश भाषा में कहावत लिखी है- ‘टोडो पासा पोर एल्गो’, यानी सबकुछ किसी कारण से होता है।
10 जुलाई को राधिका की हत्या के बाद यह बात सामने आई थी कि पिता दीपक यादव के दबाव डालने के बाद राधिका ने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिए थे। राधिका पाबंदियों की वजह से भी परेशान थी। उसने अपने कोच अजय यादव को कहा था कि वह विदेश जाना चाहती है।
राधिका के सोशल मीडिया अकाउंट पर किसने क्या कहा….
- राधिका का को-एक्टर इनामुल: कारवां गाने में राधिका के को-एक्टर रहे इनामुल ने वीडियो जारी कर कहा था- राधिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को करीब 2-3 बार डिएक्टिवेट और रीएक्टिवेट किया है। जब उनकी स्टोरी नहीं दिखाई देती थी तो मैं समझ जाता था कि उन्होंने अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया। जब स्टोरी दिखाई देने लग जाती थी तो पता चलता था कि अकाउंट एक्टिवेट हो गया है।
- पिता दीपक यादव: पुलिस पूछताछ में राधिका के पिता दीपक यादव ने कहा कि मैं पिछले 15 दिन से सोया नहीं था। घर में बेचैन घूमता था और किसी से बात नहीं करता था। राधिका मेरी काउंसलिंग भी करती थी। मेरे दबाव डालने के बाद उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिए। वह मुझे कहती थी कि मैं आपका पैसा बर्बाद नहीं होने दूंगी।
- फ्रेंड हिमांशिका राजपूत: राधिका की फ्रेंड हिमांशिका राजपूत ने कहा कि वह पूरी तरह अपने लक्ष्य पर फोकस करने वाली और आजाद सोच वाली लड़की थीं। वह रील पोस्ट नहीं करती थीं और न ही किसी से मिलती थीं। वह सादगी से रहती थीं और अपनी टेनिस एकेडमी के प्रति पूरी तरह समर्पित थीं।
राधिका यादव पर पाबंदियों की भी बातें सामने आईं…
- कोच अजय यादव: 1-2 महीने के लिए विदेश जाना चाहती थी: हत्या के बाद राधिका की कोच अजय यादव के साथ वॉट्सऐप चैट सामने आई थी। राधिका ने अजय से कहा था कि जिंदगी में बहुत सारी पाबंदियां हैं, मैं खुलकर जिंदगी जीना चाहती हूं। इसके लिए मैं 1-2 महीने के लिए विदेश जाना चाहती हूं। चाइना में खाने-पीने की दिक्कत है। ऑस्ट्रेलिया और दुबई फिर भी ठीक है। मैंने पिता से बात की थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
- मां मंजू यादव: बेटी पर शक करता था पिता: पुलिस को मंजू यादव ने बताया था कि पति दीपक हमेशा से राधिका और मुझ पर शक करता था। एक बार तो दीपक ने मुझसे केवल इसलिए झगड़ा कर लिया था, क्योंकि मैंने अपने देवर से बात कर ली थी। इस वजह से वह गुस्से से लाल हो गया।
- फ्रेंड हिमांशिका राजपूत: पिता उसे कंट्रोल करते थे: फ्रेंड हिमांशिका राजपूत ने राधिका की फोटो पर लिखा था- राधिका कई सालों से अपने पिता की मर्जी के मुताबिक जीने को मजबूर थी, जिससे वह बहुत दुखी थी। उसके पिता हमेशा उसे कंट्रोल करते थे। पिता के दोस्तों ने राधिका को लेकर भड़काया। वे राधिका को अपनी मर्जी से जीने, शॉर्ट्स पहनने और लड़कों से बात करने को लेकर गलत ठहराते थे।
