UP में बारिश-बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत:बिहार-झारखंड में 3 की जान गई; MP में नदियां उफान पर, 5 जिलों में बाढ़
UP में मानसून जमकर बरस रहा है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो बारिश-बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं, प्रदेश के बांध अब ओवरफ्लो होने लगे हैं। ललितपुर में माताटीला बांध के 9 गेट खोले गए हैं, जबकि झांसी में पथराई बांध के 4 और लहचूरा बांध के 10 गेट खोले गए हैं।
झारखंड के सरायकेला-खरसावां और लोहरदगा जिलों में बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति झुलस गया। सभी खेत से काम करके घर लौट रहे थे। राज्य में बारिश का आज यलो अलर्ट है। बिहार में शनिवार को सिर्फ रोहतास में बारिश हुई, यहां बिजली गिरने से 1 महिला की मौत हो गई।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश के चलते रीवा, सतना और छतरपुर समेत 5 जिलों में बाढ़ के हालात हैं। खजुराहो में 9 घंटे में 6.3 इंच बारिश हुई। छतरपुर के नौगांव में 3.4 इंच पानी बरसा। चित्रकूट में लोगों को नाव से रेस्क्यू किया गया। यहां बाणसागर डैम के 7 गेट खोले गए। बरगी डैम के 5 गेट खोले गए हैं।
राजस्थान के झालावाड़, धौलपुर, करौली और अलवर में शनिवार को तेज बरसात हुई। झालावाड़ में 4 इंच से ज्यादा पानी बरसा। इस दौरान तीन बच्चे डूब गए, दो के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक की तलाश जारी है।
देशभर में बारिश-बाढ़ की 4 तस्वीरें…
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने रविवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और उत्तराखंड में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है। 21 राज्यों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी है। MP-UP में बिजली गिरने का अलर्ट है। उत्तराखंड में बिजली गिरने के साथ-साथ अचानक बाढ़ आने और लैंडस्लाइड का भी अलर्ट है।
देशभर में बारिश-बाढ़ के अपडेट जानने के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
MP के टीकमगढ़ में घरों में बारिश का पानी भरा
MP के टीमकगढ़ पिछले 48 घंटों में टीकमगढ़ में 20 इंच से ज्यादा बारिश हुई है। इसके कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। सड़कों का पानी लोगों के घरों में भी भर गया है।
MP में पिकअप बहने से एक की मौत
MP के छतरपुर में धसान नदी में पिकअप वाहन बह गया। शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो अन्य लोगों ने गाड़ी का कांच तोड़कर अपनी जान बचाई।
पिकअप छतरपुर से उत्तर प्रदेश के वानपुर जा रही थी। इसी दौरान अंधेरे में फिसलकर नदी में जा गिरी। गाड़ी चला रहा राहुल अहिरवार और एक अन्य व्यक्ति शीशा तोड़कर बाहर निकल आए। कृष्ण विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। राहुल ने बताया कि सुबह भी इसी रास्ते से गाड़ी निकाली थी, तब पुल ठीक था। रात में पुल पर पानी था। कोई चेतावनी संकेत भी नहीं था।
टीआई शैलेंद्र सक्सेना ने बताया कि उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के वानपुर गांव के रहने वाले तीनों व्यक्ति लवकुशनगर में तख्त बेचने आए थे। वापसी के दौरान ये हादसा हुआ।
जयपुर में तेज बारिश जारी
जयपुर शहर में सुबह 10 बजे के करीब हल्की बारिश शुरू हुई। बारिश करीब 15 मिनट ही चली। बीते दो दिनों में बारिश के कारण लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है।
झालावाड़ में 24 घंटे में 10 इंच से ज्यादा बारिश
झालावाड़ में रविवार को मौसम ने करवट बदली। सुबह 11 बजे से तेज बारिश का दौर फिर शुरू हुआ।
जिले में पिछले 24 घंटे में सुबह 8 बजे तक 271 एमएम बारिश हुई है।
