कांवड़ रूट पर शराब की दुकानें ढकी जाएंगी:मुजफ्फरनगर में ढाबे में तोड़फोड़, 4 करोड़ कांवड़ियों की सुरक्षा पर मेरठ में मंथन
10 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू होगी। मेरठ में इसको लेकर आज 4 राज्य यूपी, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड के अफसरों की बड़ी बैठक चल रही है। करीब 4 करोड़ कांवड़िये हरिद्वार और गोमुख से जल उठाएंगे। ये यूपी, हरियाणा, दिल्ली से हरिद्वार पहुंचते हैं। इन 4 करोड़ कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर मंथन चल रहा है।
यूपी DGP राजीव कृष्ण ने बताया- 11 जुलाई से पूरे कांवड़ रूट की शराब की दुकानों को पर्दे से ढका जाएगा। दुकानें खुलेंगी, लेकिन पर्दे से ढकी रहेंगी। पूरे कांवड़ रूट की ड्रोन से निगरानी होगी। ट्रैफिक पुलिस ने नया प्लान पेश किया। 10 जुलाई की रात से यह लागू हो जाएगा। भारी वाहनों का प्रवेश शहर में नहीं होगा। शहर में एक लेन में कांवड़िये और दूसरी लेन में छोटे वाहन चलेंगे।
मेरठ कमिश्नर कार्यालय में ये मीटिंग चल रही। इसमें यूपी DGP राजीव कृष्ण और मुख्य सचिव मनोज सिंह मौजूद हैं। राज्यों के विभिन्न विभागों के साथ सिंचाई, RTO, पुलिस, प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारी भी हैं।
मेरठ, बरेली और आगरा जोन के अधिकारियों के साथ पश्चिमी यूपी के कई जिलों के DM भी हैं।
कांवड़ से जुड़ी अपडेट के लिए नीचे एक-एक ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
DJ की हाइट 12 फीट से ज्यादा नहीं होगी : DGP
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा- DJ की आवाज 75 डेसिबल से ज्यादा नहीं होगी। DJ की हाइट 12 फीट से ज्यादा नही होगी। डीजे के जो कंपटीशन होते हैं, उसके लिए डीजे संचालकों को मना किया गया है। डाक कांवड़ में रेस न हो, इसके लिए भी उन समूहों के इंचार्ज को कहा गया है। सुरक्षा के लिए हर 15 किमी पर एक एसपी अफसर नियुक्त रहेगा।
मुख्य सचिव बोले- पिछले साल 4 करोड़ कांवड़िये थे, इस बार संख्या और बढ़ेगी
मुख्य सचिव मनोज सिंह ने कहा- FSSAI के लोग ढाबों, होटलों को चेक करेंगे। QR कोड हर संस्थान पर होगा, ताकि वहां के खाने की पूरी जानकारी मिले। हर साल कांवड़ियों की संख्या बढ़ रही है। पिछले साल 4 करोड़ कांवड़िए थे। इस बार भी ये संख्या बढ़ेगी। ट्रेनों की छत पर कोई नहीं जाएगा। एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाया गया है, जिसमें चारों राज्यों के अफसर जुड़ेंगे और उसी से पूरी व्यवस्था रहेगी। हर किलोमीटर पर बीट बनाई जाएगी। जिसमें सब इंस्पेक्टर और 4-6 कॉन्स्टेबल को लगाया गया है।
मुख्य सचिव बोले- कांवड़ की हाइट और गाने मानक पर हों
मुख्य सचिव मनोज सिंह ने कहा- कांवड़ रूट पर खाने-पीने की व्यवस्था सही हो। सिंचाई विभाग नहर में पानी की मात्रा की निगरानी करे। PWD सड़कों को सही करे। अलग-अलग कारणों से जो घटनाएं हुई हैं, उनकी भी विभाग समीक्षा करे। बिजली विभाग की लापरवाही से जो घटनाएं होती रही हैं, वो अब न हों। ढाबों, होटलों पर शुद्ध वेज खाना दिया जाए। कांवड़ जहां से उठेगी, वहां से कांवड़ की हाइट और डीजे पर बजने वाले गानों के मानक का ध्यान रखा जाए।
रास्ते में कांवड़ खंडित हो तो तुरंत गंगाजल उपलब्ध कराएंगे : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव मनोज सिंह ने कहा- अगर रास्ते में किसी कारण कांवड़ खंडित होती है, तो फौरन गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। पहले से ही टीमें गंगाजल की व्यवस्था करके रखेंगी। हरिद्वार से जल मंगाकर रखा जाएगा। रास्ते की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कांवड़ सेवा शिविर में भोजन की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
हेलिकॉप्टर, ड्रोन, CCTV से होगी निगरानी : DGP
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कांवड़ रूट की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बताया। उन्होंने कहा-
- कांवड़ रूट की सुरक्षा हेलिकॉप्टर, ड्रोन, CCTV से की जाएगी।
- महिला-पुरुष कांवड़ियों के लिए शौचालय, स्नान की अलग सुविधा दी जाएगी।
- घाटों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग को बढ़ाया जाएगा।
- कांवड़ रूट पर मीट की दुकानों को बंद किया जाएगा।
- कांवड रूट पर भारी वाहन प्रतिबंध रहेंगे।
- कांवड़ शिविर बाईं ओर सड़क से 20 फीट अंदर बनाए जाएंगे।
- कांवड़ रूट के सभी बिजली पोल पॉलीथिन से और ट्रांसफॉर्मर को जाली से कवर किया जा रहा।
- अगर किसी जिले में कोई बड़ा आयोजन या परीक्षा हो तो इसकी सूचना शासन को देने होगी।
