Headlines

पटना में बिजनेसमैन गोपाल खेमका की हत्या:शूटर से करवाया गया मर्डर, गिरफ्तारी के लिए STF की छापेमारी; हिरासत में एक संदिग्ध

LIVE

पटना में बिजनेसमैन गोपाल खेमका की हत्या:शूटर से करवाया गया मर्डर, गिरफ्तारी के लिए STF की छापेमारी; हिरासत में एक संदिग्ध

चंद्रमोहन | पटना24 मिनट पहले

बिहार में शुक्रवार रात साढ़े 11 बजे बिजनेसमैन गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में शनिवार को पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

पुलिस सूत्रों की माने तो मर्डर शूटर से कराया गया था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए STF की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

IG जितेंद्र राणा ने बताया कि ‘हत्याकांड के कई पहलू सामने आए हैं। जिस पर जांच हो रही है। शूटर ने गोली मारी है। उसके साथ कुछ लाइजनर भी थे। शूटर से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।’

‘शूटर और शूटर को भेजने वालों की जानकारी मिल चुकी है। हत्या क्यों की गई ये भी लगभग सामने आ चुका है। जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी होगी। कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।’

अपार्टमेंट के गेट के सामने खेमका का मर्डर

पटना में गोपाल खेमका को उनके अपार्टमेंट के गेट के ठीक सामने अपराधी ने गोली मारी थी। खेमका गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास कटारुका निवास में रहते थे। आनन-फानन में परिजन उन्हें पटना के मेडिवर्सल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

गोपाल खेमका देर रात खुद गाड़ी ड्राइव करते हुए बांकीपुर क्लब से घर लौटे थे। वो जैसे ही अपार्टमेंट के पास पहुंचे, घात लगाए अपराधी ने सिर में गोली मार दी। अपराधी बाइक से आया था।

हत्या का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें एक अपराधी उन्हें गोली मारकर भागते हुए दिखाई दे रहा है।

हत्या की खबर लगते ही खेमका के घर के बाहर भीड़ जुट गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने परिवार से मुलाकात की। घर के अंदर ही उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने DGP से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने जल्द से जल्द अपराधियों के पकड़ने के निर्देश दिए हैं।

घर में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया गोपाल खेमका का पार्थिव शरीर।

गांधी मैदान थाने से 300 मीटर दूर वारदात

गांधी मैदान थाने से 300 मीटर दूर वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि 2 घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

परिजनों ने घटना की सूचना पटना पुलिस को देने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। फिर ADG मुख्यालय कुंदन कृष्णन को फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद पटना पुलिस हरकत में आई।

घटना की सूचना मिलने के बाद SSP, सिटी SP, सांसद पप्पू यादव और दूसरे लोग उनके घर पहुंचे। मौके पर FSL की टीम भी पहुंची है। इसके साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर STF को लगाया गया है।

अब हत्या और उसके बाद की 3 तस्वीरें देखिए…

गोपाल खेमका को अपराधी ने उनके घर के गेट पर गोली मारी। CCTV में पूरी वारदात कैद हुई है।
खेमका की हत्या के बाद जांच करती FSL की टीम।
जिस वक्त हत्या हुई खेमका खुद गाड़ी ड्राइव कर रहे थे। गाड़ी की सीट पर बिखरा खून।

7 साल पहले बेटे की हुई हत्या

गोपाल खेमका के 2 बेटे हैं। 2018 में उनके बेटे गुंजन खेमका की इसी तरह फैक्ट्री के गेट पर हत्या हुई थी। हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में उनकी कॉटन फैक्ट्री के सामने उन्हें अपराधियों ने गोली मार दी थी। दूसरे बेटे गौरव खेमका IGIMS में डॉक्टर हैं। बेटी लंदन में रहती हैं। गोपाल खेमका का पेट्रोल पंप से लेकर फैक्ट्री और अस्पताल का बिजनेस है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024