Headlines

MP के 20 शहरों में भारी बारिश:राजस्थान में 167mm बरसात, सामान्य से 137% ज्यादा; हिमाचल में अब तक 69 की मौत

मानसून Live

MP के 20 शहरों में भारी बारिश:राजस्थान में 167mm बरसात, सामान्य से 137% ज्यादा; हिमाचल में अब तक 69 की मौत

नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ3 घंटे पहले

मध्य प्रदेश के 20 शहरों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में रेड अलर्ट रहा। जबलपुर में गैस सिलेंडर वाला ट्रक पानी में डूब गया। मंडला में बाढ़ की स्थिति है। टीकमगढ़ में 24 घंटे में 6 इंच पानी गिरा है।

राजस्थान में 1 जून से अब तक 167.1 मिमी बारिश हाे चुकी है, जाे सामान्य से 137% ज्यादा है। वहीं, लगातार मानसून एक्टिव हाेने से अब एक भी जिला सूखा नहीं है। जबकि पिछली जुलाई के पहले हफ्ते तक 14 जिले सूखे की चपेट में थे।

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश तबाही मचा रही है। उफनती नदियों से 14 पुल बह गए हैं। प्रदेश की 500 सड़कें पूरी तरह से बंद हैं। कांगड़ा, मंडी, चंबा और शिमला जिलों में भारी बारिश के चलते बाढ़ और लैंडस्लाइड से 69 लोगों की जान चली गई। सबसे बुरी स्थिति मंडी जिले में है, जहां 17 लोग मारे गए और 40 अभी भी लापता हैं।

उत्तरप्रदेश में भी तेज बारिश जारी है। वाराणसी का रत्नेश्वर महादेव मंदिर गंगा में आधा से ज्यादा डूब गया। इसके अलावा पंडा-पुरोहितों की 300 से ज्यादा चौकियां डूब गईं। यहां गंगा का जलस्तर 4 दिन में 15 फीट तक बढ़ा है। शुक्रवार रात 11 बजे तक गंगा का जलस्तर 62.63 मीटर दर्ज किया गया। खतरे का निशान 71.262 है।

राज्यों से बारिश की 4 तस्वीरें…

वाराणसी में तेज बारिश के चलते घाटों के किनारे बने मंदिरों तक पानी पहुंच गया है, कई मंदिर डूब गए हैं।
मध्य प्रदेश के जबलपुर के ग्राम सलैया में गैस सिलेंडर से भरा एक ट्रक डूब गया। ड्राइवर को मना करने के बावजूद वह पानी में से ट्रक निकाल रहा था।
मध्य प्रदेश के मंडला जिले में नदी-नाले उफान पर हैं। चिखली पोनिया मार्ग पर एक कार नदी में बह गई। ड्राइवर ने खिड़की से निकलकर जान बचाई।
राजस्थान के सीकर में शुक्रवार को दोपहर बाद तेज बरसात से कई इलाकों में जलभराव हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024