Headlines

PM मोदी को घाना में 21 तोपों की सलामी:राष्ट्रपति महामा ने एयरपोर्ट पर स्वागत किया; नेहरू-नरसिम्हा के बाद घाना जाने वाले तीसरे भारतीय PM

PM मोदी को घाना में 21 तोपों की सलामी:राष्ट्रपति महामा ने एयरपोर्ट पर स्वागत किया; नेहरू-नरसिम्हा के बाद घाना जाने वाले तीसरे भारतीय PM

एक्रॉ24 मिनट पहले
घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा एयरपोर्ट पर PM मोदी से गले मिले। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

PM नरेंद्र मोदी बुधवार को अफ्रीकी देश घाना पहुंच गए हैं। घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा ने राजधानी एक्रॉ में एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी को 21 तोपों की सलामी के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इसके बाद PM मोदी होटल पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया। PM ने इस दौरान एक छोटे बच्चे को गोद में लेकर उसे प्यार किया। होटल के बाहर भारतीय वेशभूषा में पहुंचे स्कूली बच्चों ने मोदी को संस्कृत में श्लोक सुनाया।

मोदी 2 जुलाई से 8 दिनों के लिए 5 देशों की यात्रा पर हैं। वे सबसे पहले घाना गए हैं। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की 30 सालों में पहली घाना यात्रा है। इससे पहले 1957 में पंडित जवाहरलाल नेहरू और 1995 में नरसिम्हा राव बतौर PM घाना के दौरे पर पहुंचे थे।

घाना के बाद PM मोदी त्रिनिदाद एंड टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया जाएंगे। 2014 से अब तक के तीन कार्यकाल में, PM की त्रिनिदाद एंड टोबैगो और नामीबिया में भी पहली यात्रा होगी। मोदी ब्राजील में BRICS समिट में हिस्सा लेंगे।

घाना में PM मोदी के पहुंचने की 5 तस्वीरें…

प्लेन से उतरने के बाद एक बच्ची ने PM मोदी को गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने उससे थोड़ी देर बात भी की।
घाना के राष्ट्रपति ने मोदी को रिसीव किया। इसके बाद उन्हें एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर मिला।
मोदी ने भारतीय मूल के लोगों का अभिवादन किया और एक बच्चे को गोद में लेकर उसे दुलार किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा ने एक्रॉ में मीटिंग की।
भारतीय वेशभूषा में बच्चों ने होटल के बाहर संस्कृत में श्लोक सुनाकर मोदी का स्वागत किया।

घाना में भारत का UPI सिस्टम लाने पर बातचीत घाना में PM मोदी ने राष्ट्रपति जॉन महामा से मुलाकात की। दोनों नेता के बीच द्विपक्षीय व्यापार और रिश्तों पर चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच एनर्जी, खेती और डिजिटल तकनीक और वैक्सीन हब डेवलप करने के क्षेत्र में कई समझौते (MoU) साइन होंगे।

भारत का UPI और डिजिटल पेमेंट सिस्टम घाना में लाने के बारे में भी बातचीत होगी, ताकि दोनों देशों में डिजिटल लेन-देन आसान हो सके। मोदी और महामा एक साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।

PM मोदी घाना की संसद और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के 15000 लोगों को संबोधित करेंगे। घाना के राष्ट्रपति महामा PM मोदी के सम्मान में स्टेट डिनर भी आयोजित करेंगे।

भारत ने घाना को 6 लाख कोविड वैक्सीन दी थी

भारत और घाना अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एक-दूसरे के मजबूत समर्थक रहे हैं। दोनों देश गुटनिरपेक्ष आंदोलन (NAM) के सदस्य हैं और संयुक्त राष्ट्र जैसे संगठनों में मिलकर काम करते हैं। घाना ने भारत की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के दावे का समर्थन किया है।

जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और अन्य वैश्विक मुद्दों पर दोनों देश एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने घाना को वैक्सीन और चिकित्सा मदद दी थी। भारत ने घाना को 6 लाख कोविड वैक्सीन दी थी।

गांधी के आदर्शों पर चलकर घाना को आजादी मिली

क्वामे एन्क्रूमा घाना के सबसे बड़े नेता थे, जिन्हें ‘अफ्रीका का महात्मा गांधी‘ भी कहा जाता है। उन्होंने अमेरिका में पढ़ाई के दौरान गांधीजी के विचार पढ़े और उनसे बहुत प्रभावित हुए। इसके बाद घाना आकर उन्होंने कन्वेंशन पीपुल्स पार्टी (CPP) बनाई और देश में आजादी की लड़ाई शुरू की।

एन्क्रूमा ने इसके लिए अहिंसा, एकता और नागरिक अवज्ञा जैसे गांधीवादी तरीकों का इस्तेमाल किया। एन्क्रूमा का मानना था कि बिना हिंसा के ब्रिटिश शासन के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन चलाकर ही घाना आजाद हो सकता है, जैसा गांधी ने भारत में किया था।

एन्क्रूमा ने 1950 में ‘पॉजिटिव एक्शन’ नाम से देशभर में हड़ताल की अपील की। इसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़ा, लेकिन इससे उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई। 6 मार्च 1957 को एन्क्रूमा की अगुआई में घाना अफ्रीका का पहला देश बना जिसने ब्रिटेन से आजादी हासिल की।

घाना की आजादी का असर पूरे अफ्रीका पर पड़ा। लिहाजा बाकी देशों में भी आजादी की मांग तेज हो गई। कुछ ही साल बाद नाइजीरिया, केन्या, तंजानिया जैसे कई देशों ने ब्रिटिश, फ्रेंच या बेल्जियन उपनिवेशवाद से स्वतंत्रता हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024