Headlines

हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह बोली:सोनिया-राहुल के कहने से टाला वीरभद्र की प्रतिमा का अनावरण, 15 जुलाई को शिमला आएंगे सभी बड़े नेता

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा, 23 जून 2025 को रिज पर 6 बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया जाना था। मगर, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के कहने पर अनावरण कार्यक्रम टाला गया।

प्रतिभा सिंह ने कहा, सोनिया गांधी स्वयं इस कार्यक्रम में आना चाहती हैं, लेकिन 23 जून को उनकी व्यस्तता के कारण आना संभव नहीं था। अब वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम 15 जुलाई को इन केंद्रीय नेतृत्व के कहने पर रखा गया है।

उन्होंने कहा, वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में यदि राष्ट्रीय नेता शामिल होते हैं तो यह पूरे भारतवर्ष में संदेश जाएगा कि कांग्रेस योगदान देने वालों को याद रखती है।

शिमला के रिज पर लगाई गई पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अब 15 जून को अनावरण होगा

जो जिम्मेदारी हाईकमान देगा, उसे निभाऊंगी: प्रतिभा

कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर CM सुक्खू के बयान से जुड़े सवाल पर प्रतिभा सिंह ने कहा, हाईकमान जो भी जिम्मेदारी उन्हें देगा, वह तन- मन- धन से निभाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा, संगठन को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।

संगठन जल्दी बनना चाहिए: प्रतिभा

कांग्रेस संगठन के गठन में देरी से जुड़े सवाल पर प्रतिभा ने कहा, संगठन तय करना हाईकमान का काम है। हमने बार- बार हाईकमान से जल्दी संगठन बनाने का आग्रह किया है। बताया कि संगठन के बगैर पार्टी बहुत पीछे जा रही है।

हिमाचल में आगामी दिनों में पंचायत चुनाव भी होने है। इसलिए संगठन का गठन जल्दी होना चाहिए। प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने जल्दी संगठन बनाने का भरोसा दिया है। प्रतिभा सिंह ने इस बात को माना कि संगठन का गठन बहुत पहले हो जाना चाहिए था।

कांग्रेस नेता सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी

जहां कांग्रेस की सरकार, वहां 8 महीने से इकलौती पदाधिकारी

बता दें कि, प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस लगभग 8 महीने से बगैर संगठन के है। हाईकमान के उदासीन रवैये से संगठन नहीं बन पा रहा। इससे पार्टी वर्कर मायूस बैठा है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लाक कांग्रेस कमेटी और महिला कांग्रेस कार्यकारिणी सब भंग कर रखी है। जिस राज्य में कांग्रेस की सरकार है, वहां इकलौती प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की एक पदाधिकारी बची हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024