Headlines

बुर्का पहनकर घर में घुसा शख्स, लड़की की हत्या की:शादी को लेकर विवाद हुआ, 5वीं मंजिल से धक्का मारा; आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के अशोक नगर इलाके में बुर्का पहनकर घर में घुसे एक शख्स ने लड़की को 5वीं मंजिल की छत से धक्का दे दिया। आसपास के लोगों ने पीड़ित लड़की नेहा (19 साल) को GTB हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है।

आरोपी की पहचान तौफीक (26 साल) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के रामपुर का रहने वाला है। घटना सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे की है। घटना के बाद से फरार आरोपी तौफीक को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, तौफीक अपनी पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनकर नेहा के घर में घुसा। CCTV फुटेज में बुर्का पहने एक शख्स को बिल्डिंग में घुसते और बाहर निकलते देखा गया। हत्या का केस दर्ज कर पुलिस CCTV फुटेज की मदद से घटना की जांच कर रही है।

परिजन का कहना है कि नेहा तौफीक को भाई मानती थी। हर रक्षाबंधन राखी बांधती थी।

रिश्ते को लेकर छत पर दोनों के बीच विवाद हुआ पुलिस के अनुसार, नेहा और तौफीक पिछले कुछ महीनों से रिलेशनशिप में थे। जब नेहा को पता चला कि तौफीक की शादी किसी और लड़की से तय हो गई है तो दोनों के बीच 5वीं मंजिल की छत पर झगड़ा हुआ। इस दौरान तौफीक ने नेहा को छत से धक्का दे दिया।

हालांकि, नेहा के परिवार वालों ने दोनों के बीच रिश्ता होने से इनकार किया है। नेहा के पिता ने कहा- उनकी बेटी ने तौफीक को कभी भाई माना था। हर रक्षाबंधन पर उसे राखी बांधती थी। तौफीक पिछले तीन सालों से हमारे घर आता-जाता था, लेकिन दोनों के बीच कोई प्रेम संबंध नहीं था।

परिजन ने कहा- तौफीक ने नेहा को धमकाया था

पुलिस हत्या का केस दर्ज कर CCTV फुटेज की मदद से पूरे घटनाक्रम की टाइमलाइन तैयार कर रही है।

पीड़ित के परिजन ने कहा कि आरोपी तौफीक कुछ दिन से नेहा पर शादी का दबाव बना रहा था। एक हफ्ते पहले उसने धमकाते हुए कहा था कि मैं तुझे कहीं का नहीं छोड़ूंगा। नेहा ने इसके बारे में अपनी मां को बताया था।

नेहा की मां ने बताया कि घटना वाले दिन नेहा सुबह जल्दी उठ गई थी। उसने कहा कि वह छत पर कपड़े धोने जा रही है। मैंने उसे पानी का पंप चालू करने और छत पर टंकी देखने को कहा था। कुछ ही देर बाद मैंने चीखें सुनीं, लोग चिल्ला रहे थे- उसे पकड़ो, उसे पकड़ो।

पीड़ित की मां ने कहा- मैंने तौफीक को भागते हुए देखा। उसने काले कपड़े पहने हुए थे। हमने उसे नेहा के साथ भाई-बहन का रिश्ता बनाए रखने को कहा था। उसने हमारी बात नहीं मानी।

———————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024