Headlines

बिहार-झारखंड पहुंचा मानसून, 19 राज्यों में बारिश:राजस्थान में प्री मानसून एक्टिव; UP समेत 4 राज्यों में बिजली गिरने से 19 की मौत

बिहार-झारखंड पहुंचा मानसून, 19 राज्यों में बारिश:राजस्थान में प्री मानसून एक्टिव; UP समेत 4 राज्यों में बिजली गिरने से 19 की मौत

मुंबई40 मिनट पहले

दक्षिण पश्चिम मानसून मंगलवार को बिहार-झारखंड पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून पूर्णिया, किशनगंज के रास्ते बिहार पहुंचा है। इसके चलते चार जिलों औरंगाबाद, किशनगंज, कटिहार और बांका में सुबह तेज बारिश हुई। सोमवार को मानसून ने गुजरात-मध्य प्रदेश में एंट्री की थी।

महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी मानसून आगे बढ़ा है।

मौसम विभाग का अनुमान है, अगले दो दिन में मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, MP, ओडिशा, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के साथ ही UP में दस्तक दे सकता है। उम्मीद की जा सकती है कि इस हफ्ते के अंत तक मानसून पश्चिमी UP, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों तक पहुंच जाएगा।

मौसम विभाग ने आज गुजरात और सौराष्ट्र में भारी बारिश का रेड, जबकि मध्य प्रदेश-राजस्थान समेत 17 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, सोमवार को बिजली गिरने से MP, UP, राजस्थान और बिहार में 19 लोगों की मौत हो गई।

राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश अब तेज होने लगी है। मौसम विभाग ने राज्य में 20 जून तक प्री-मानसून की बारिश जारी रहने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भी 26 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को जयपुर, अजमेर समेत 20 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई।

मध्य प्रदेश में अगले 2 दिन में मानसून भोपाल-इंदौर में दस्तक दे सकता है। वहीं, सबसे आखिरी में ग्वालियर-चंबल में पहुंचेगा। इससे पहले प्रदेश के 40 जिलों में आंधी-बारिश का दौर रहेगा। कहीं-कहीं भारी भारी बारिश भी हो सकती है।

सोमवार को बिजली गिरने की घटनाएं और मौतें

  • मध्य प्रदेश: सिंगरौली में एक बुजुर्ग महिला और तीन नाबालिगों समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
  • राजस्थान: बारां में 2 लोगों की और कोटा में एक शख्स की मौत हो गई।
  • उत्तर प्रदेश: चंदौली में 2 युवकों, ललितपुर में 2 किसानों, बरेली में 3, गोंडा में 2 और सोनभद्र में भी 2 लोगों कुल 11 लोगों की मौत हो गई।
  • बिहार: प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 14 लोगों की मौत हो गई। 12 झुलस गए।

देशभर से मौसम की तस्वीरें…

मध्य प्रदेश के बड़वानी में सोमवार को मानसून पहुंच गया, इसके चलते दोपहर बाद बारिश हुई।
मध्य प्रदेश के अशोकनगर में सोमवार दिन के बाद तेज बारिश हुई।
राजस्थान के अजमेर में तेज बारिश के चलते सड़क पर पानी भरने से कई गाड़ियां फंस गई।
उत्तर प्रदेश बरेली की कई कालोनियों में कमर तक पानी भर गया। वहां खड़ी कारें डूब गईं।
भावनगर के तलगाजरड़ा इलाके में बाढ़ के पानी में फंसे 40 लोगों के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
नवी मुंबई के एक कॉम्प्लेक्स में भारी बारिश के दौरान सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे वहां खड़ी गाड़ियां भी फंस गईं।
शिमला के मॉल रोड पर भारी बारिश हुई। यहां पर्यटकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024