Headlines

क्रैश के 5 दिन बाद पहली अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट कैंसिल:उड़ान से ठीक पहले एअर इंडिया के विमान में तकनीकी खामी का पता चला

क्रैश के 5 दिन बाद पहली अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट कैंसिल:उड़ान से ठीक पहले एअर इंडिया के विमान में तकनीकी खामी का पता चला

कोलकाता34 मिनट पहले
इस फ्लाइट से जो पैसेंजर्स यात्रा करने वाले थे, वे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बैठे हैं।

अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश के 5 दिन बाद अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की पहली फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है। इसके पीछे तकनीकी खामी को वजह बताया गया है।

फ्लाइट संख्या AI-159 अहमदाबाद से दोपहर 1:10 बजे लंदन के लिए उड़ान भरने वाली थी। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट के टेकऑफ से कुछ घंटे पहले ही इस तकनीकी खराबी का पता चला।

आज की फ्लाइट कल रिशेड्यूल की जाएगी। इसके चलते यात्री परेशान हो रहे हैं। एक यात्री ने कहा, ‘इस तरह से जनता को परेशान मत करो। यहां आने के बाद आप बताते हैं कि फ्लाइट रद्द कर दी गई है। अब 250 लोग क्या करेंगे? कहां रहेंगे। एयरलाइंस की तरफ से कोई उचित व्यवस्था नहीं है।’

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर मौजूद पैसेंजर्स फ्लाइट कैंसिल होने से परेशान हैं।

3 दिन में 6 फ्लाइट प्रभावित हुईं… इनमें तीन एयर इंडिया की

17 जून: एअर इंडिया की फ्लाइट से पैसेंजर्स को उतारा गया

सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में सोमवार रात को तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर प्लेन से उतारना पड़ा।

फ्लाइट नंबर AI180 कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही थी। बोइंग 777-200LR (वर्ल्डलाइनर) विमान 17 जून को रात 12:45 बजे समय पर कोलकाता पहुंचा था। इसे मुंबई के लिए रात 2:00 बजे रवाना होना था।

विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण टेकऑफ में देरी हुई। इसके बाद सुबह करीब 5:20 बजे कैप्टन ने यात्रियों से कहा गया कि वे प्लेन से नीचे उतर जाएं। उन्होंने बताया कि यह फैसला फ्लाइट सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

कोलकाता एयरपोर्ट पर विमान के इंजन की जांच की जा रही है।

17 जून: इंडिगो विमान में बम की सूचना

मस्कट (ओमान) से कोच्चि होते हुए दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई है। एयरलाइंस को सूचना मिली थी कि विमान में बम रखा गया है।

इसके बाद फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट किया गया और लैंड कराया गया। नागपुर के DCP लोहित मातानी ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया है और विमान की तालाशी ली जा रही है। हालांकि, अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।

इंडिगो विमान को नागपुर डायवर्ट कर लैंड कराया गया।

16 जून: एअर इंडिया की दो फ्लाइट्स को वापस लौटना पड़ा

  • पहली फ्लाइट: हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट (नंबर AI315) वापस लौट गई थी। इसमें तकनीकी खराबी की बात सामने आई थी। यह उड़ान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की थी।
  • दूसरी फ्लाइट: दिल्ली से रांची जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को संदिग्ध तकनीकी समस्या के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद वापस दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। बोइंग 737 मैक्स 8 विमान को शाम 6:20 बजे रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतरना था।

15 जून: ब्रिटिश एयरवेज और लुफ्थांसा एयरलाइन की दो फ्लाइट्स वापस लौटीं

  • पहली फ्लाइट: ब्रिटिश एयरवेज के चेन्नई आ रहे बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर को तकनीकी खराबी के चलते लौटना पड़ा।
  • दूसरी फ्लाइट: लुफ्थांसा एयरलाइन (जर्मनी) के बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके चलते प्लेन को लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली और लौटना पड़ा।

रविवार को लखनऊ में लैडिंग के दौरान फ्लाइट से चिनगारी निकली

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट SV-3112 की लैंडिंग के दौरान पहिए से चिनगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को इसकी सूचना दी। इस दौरान विमान में हजयात्री बैठे हुए थे। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए विमान को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

एयरपोर्ट की फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर फोम और पानी का छिड़काव किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थिति पर पूरी तरह काबू पाया। घटना का वीडियो सोमवार सुबह सामने आया।

विमान शनिवार रात 11:30 बजे जेद्दा एयरपोर्ट से हज यात्रियों को लेकर रवाना हुआ था। इसमें क्रू मेंबर्स समेत 250 यात्री सवार थे। रविवार सुबह 6:30 बजे विमान लखनऊ पहुंचा। रनवे पर लैंडिंग के बाद जब विमान टैक्सी-वे पर आ रहा था, तभी यह घटना हुई। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024