Headlines

अहमदाबाद विमान हादसा- हॉस्टल की छत पर मिला ब्लैकबॉक्स:पूर्व सीएम रूपाणी के शव की पहचान नहीं, DNA टेस्टिंग जारी; NIA समेत 4 एजेंसी जांच में जुटी

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में अब तक 265 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें से 241 मृतक विमान में सवार पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स थे। 5 मृतक उस मेडिकल हॉस्टल के हैं, जहां प्लेन क्रैश हुआ था।

विमान जिस बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा, वहां 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी की मौत हुई है, जबकि हॉस्टल से 45 से ज्यादा स्टूडेंट्स को सुरक्षित निकाला गया। गुजरात IMA अध्यक्ष डॉ. मेहुल शाह ने ये जानकारी दी।

वहीं, एविएशन मिनिस्ट्री ने बताया कि प्लेन का ब्लैक बॉक्स इमारत की छत पर मिला है। हादसे की जांच 4 एजेंसियां कर रही हैं। इनमें NIA, ATS, गुजरात पुलिस और AAIB शामिल हैं।

पूर्व सीएम रूपाणी के शव की पहचान होते ही राजकोट में अंतिम संस्कार होगा। उनका बेटा कल अमेरिका से लौटेगा।

इससे पहले शुक्रवार सुबह पीएम मोदी अहमदाबाद पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद वे सिविल अस्पताल गए, जहां वे करीब 10 मिनट पीड़ितों से मिले।

एअर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। दो मिनट बाद ही फ्लाइट क्रैश हो गई।

इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी शामिल हैं, जबकि सिर्फ एक यात्री की जान बची है।

अहमदाबाद एयरपोर्ट का CCTV फुटेज का सामने आया है। इसमें टेकऑफ के 49वें सेकेंड में प्लेन क्रैश होता दिखा।

आज के 4 बड़े अपडेट्स

  1. प्लेन क्रैश में मारे गए लोगों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट लिए जा रहे हैं।
  2. प्लेन क्रैश साइट पर NSG की टीम जांच के लिए पहुंच गई है।
  3. अहमदाबाद पुलिस स्निफर डॉग लेकर क्रैश साइट पर पहुंची है, ताकि मलबे में दबे किसी और जीवित व्यक्ति की तलाश की जा सके।
  4. एअर इंडिया ने अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक एयरपोर्ट पर मृतकों के परिजन की मदद के लिए हेल्प सेंटर खोला है। भारत के लिए 1800 5691 444 और भारत के बाहर से 8062779200 पर संपर्क कर सकते हैं।

यात्रियों की पूरी लिस्ट 

सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर शव मिलने का इंतजार करते परिजन….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024