Headlines

अहमदाबाद प्लेन क्रैश- 19 कहानियां:पिता का अंतिम संस्कार करने आया बेटा नहीं रहा; जुड़वा बच्चों की जान गई; 7 महीने की प्रेग्नेंट की भी मौत

अहमदाबाद प्लेन क्रैश- 19 कहानियां:पिता का अंतिम संस्कार करने आया बेटा नहीं रहा; जुड़वा बच्चों की जान गई; 7 महीने की प्रेग्नेंट की भी मौत

अहमदाबाद3 घंटे पहले
अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया था।

अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया। इसमें 12 क्रू मेंबर समेत 242 लोग सवार थे। हादसे में केवल एक यात्री जिंदा बचा है। मारे गए 241 लोगों में 169 भारतीय, 52 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक था।

हादसे से पहले डॉक्टर दंपती ने आखिरी सेल्फी ली। वहीं, पति से मिलने जा रही खुशबू को घर से भावुक विदाई मिली थी। एक परिवार में जुड़वा बच्चों सहित माता-पिता की मौत हो गई। वहीं 7 महीने की प्रेग्नेंट जीनल की भी जान चली गई। अहमदाबाद हादसे की ऐसी ही 19 कहानियां….

1. डॉक्टर दंपती और 3 बच्चों की मौत

बांसवाड़ा की डॉ. कोनी व्यास अपने पति डॉ. प्रतीक जोशी और बच्चों के साथ।

हादसे के वक्त विमान में बांसवाड़ा के डॉक्टर दंपती डॉ. कोमी व्यास और डॉ. प्रतीक जोशी और उनके तीन बच्चे प्रद्युत, मिराया और नकुल भी बैठे थे। डॉ. कोमी ने एक महीने पहले उदयपुर के पैसिफिक हॉस्पिटल की जॉब छोड़ी थी। कोमी, पति के साथ में रहने के लिए लंदन जा रही थीं।

डॉ. प्रतीक लंदन में एक निजी अस्पताल से जुड़ने वाले थे और डॉ. कोमी को भी वहीं नई नौकरी जॉइन करनी थी। इसलिए उन्होंने तीनों बच्चों को भी लंदन शिफ्ट होने के लिए मना लिया था। परिवार ने बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा फैसला लिया था, लेकिन विमान हादसे में पांचों की मौत हो गई।

परिवार की हादसे से पहले की सेल्फी भी सामने आई है।

प्लेन के उड़ान भरने से पहले डॉक्टर दंपती ने तीन बच्चों के साथ ये सेल्फी ली थी, जो आखिरी हो गई।

2. खुशबू की 4 महीने पहले शादी हुई, पति से मिलने लंदन जा रही थी

खुशबू कंवर की अहमदाबाद एयरपोर्ट के बाहर पिता के साथ आखिरी फोटो।

राजस्थान के बालोतरा जिले की रहने वाली खुशबू कंवर अपने पति से मिलने लंदन जा रही थीं, उनके पति वहां डॉक्टर हैं। खुशबू की शादी सिर्फ 4 महीने पहले 18 जनवरी को हुई थी। उनका एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो उन्होंने घर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होते वक्त रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में खुशबू भावुक नजर आ रही हैं। वे अपने माता-पिता, भाई-बहनों और रिश्तेदारों से गले मिलती हैं। हाथ जोड़कर कार में बैठकर विदा ले रही हैं।

3. लंदन घूमने जा रहे थे भाई-बहन

उदयपुर के भाई-बहन शुभ और शगुन की भी हादसे में जान चली गई।

उदयपुर (राजस्थान) के मार्बल व्यवसायी संजीव मोदी का बेटा शुभ और बेटी शगुन भी प्लेन में सवार थे। वे लंदन घूमने जा रहे थे। भाई-बहन MBA करने के बाद पिता का बिजनेस संभाल रहे थे।

हादसे का पता चलते ही संजीव मोदी अहमदाबाद रवाना हो गए। सहेली नगर स्थित उनके घर पर उदयपुर जिला कलेक्टर नमित मेहता पहुंचे और घटना की जानकारी ली। आस-पड़ोस समेत रिश्तेदार भी पहुंच रहे हैं।

4. सात महीने की गर्भवती थीं जीनल, पति के साथ वापस जा रहीं थीं

पति वैभव पटेल के साथ गर्भवती जीनल पटेल (लैवेंडर ड्रेस में)।

अहमदाबाद जिले के केलिया वासना गांव के रहने वाले वैभव पटेल पत्नी जीनल पटेल के साथ लंदन जा रहे थे। वैभव करीब 3 साल से लंदन में ही रह रहे थे। वैभव और जीनल 30 मई को परिवार की एक शादी में शामिल होने के लिए अहमदाबाद आए थे। शादी की रस्में पूरी करने के बाद दोनों लंदन लौट रहे थे। जीनल पटेल सात महीने की गर्भवती थीं।

5. माता-पिता की मौत से बेटा-बेटी अनाथ हुए

कल्याणी ब्रह्मभट्ट और गौरव ब्रह्मभट्ट

गुजरात के गांधीनगर में रहने वाले गौरव ब्रह्मभट्ट लंदन की एक दवा कंपनी में जॉब करते थे। गौरव पत्नी कल्याणी के साथ लंदन जा रहे थे, लेकिन हादसे का शिकार हो गए। इनके दो बच्चे…16 साल की बेटी और 12 साल का बेटा है। दोनों बच्चे अहमदाबाद में ही रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। गौरव तीन बहनों के इकलौते भाई थे।

6. मंगेतर के साथ आखिरी सांस ली

मंगेतर विभूति के साथ हार्दिक देवराज।

गुजरात में गढडा तालुका के अडतला गांव में रहने वाले हार्दिक देवराजभाई (27) लंदन में अमेजन में जॉब करते थे। वे पिछले दो सालों से लंदन में रह रहे थे। लंदन में ही रहने वाली विभूति से उनकी एक महीने पहले ही सगाई हुई थी। सगाई के लिए ही दोनों गांव आए थे। गुरुवार को दोनों लंदन लौट रहे थे।

7. पत्नी के अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने भारत आए थे

अर्जुन की पत्नी भारती की 23 मई को मौत हो गई थी।

मूल रूप से सूरत के रहने वाले अर्जुन पटोलिया पत्नी और दो बेटियों के साथ 2009 से लंदन में रह रहे थे। वे लंदन में एक की-चेन कंपनी में काम करते थे। पिछले तीन सालों से उनकी पत्नी भारती सर्वाइकल कैंसर से पीड़ित थीं। 23 मई को भारती की मौत हो गई थी। उनका अंतिम संस्कार लंदन में ही किया गया था। अर्जुन पत्नी के अंतिम संस्कार के बाद की रस्में पूरी करने सूरत आए थे।

8. चार महीने पहले ही हुई थी शादी, पति-पत्नी दोनों की मौत

कमलेशभाई चौधरी और धापूबेन।

गुजरात के बनासकांठा जिले के थाराव गांव में रहने वाले कमलेशभाई चौधरी पत्नी धापूबेन के साथ लंदन जा रहे थे। कमलेश ब्रिटेन में ही जॉब करते थे और शादी के लिए पिछले पांच महीनों से गांव में थे। दोनों की शादी को चार महीने ही हुए थे और अब पति-पत्नी ब्रिटेन जा रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए।

9. पत्नी-बच्चे को वापस भारत लाने जा रहे थे बिजनेसमैन

अभिनव परिहार बीकानेर में श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक रहे किशना राम नाई के नाती थे।

बीकानेर में श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक रहे किशना राम नाई के नाती अभिनव परिहार की भी प्लेन क्रैश में मौत हो गई। वे लंदन में बिजनस करते थे। अभिनव ने पांच दिन पहले ही अहमदाबाद में ट्रेडिंग के व्यवसाय के लिए ऑफिस खोला था और यहीं शिफ्ट हो रहे थे। वह लंदन से पत्नी श्वेता और बेटे विहान को लेने जा रहे थे, ताकि भारत में स्थायी रूप से रह सकें। 10. पायल MBBS मे एडमिशन लेने जा रही थीं

पायल का बचपन से डॉक्टर बनने का सपना था।

पायल खटीक का बचपन से डॉक्टर बनने का सपना था। लंदन के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में MBBS में एडमिशन लेने जा रही थीं। वे अपने परिवार के साथ गुजरात के हिम्मतनगर में रहती थीं, लेकिन मूल रूप से उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र की निवासी थीं। पढ़ाई को लेकर उनमें जबरदस्त उत्साह था और यह उनका पहला विदेश दौरा था।

11. जयेशभाई बिजनेस पार्टनर से मिलने जा रहे थे

जयेशभाई के दो छोटे बच्चे हैं, वह अपने परिवार के साथ सूरत में रहते थे।

गुजरात के सूरत के रहने वाले 26 साल के जयेशभाई दामजीभाई गोंडलिया अपने बिजनेस पार्टनर से मिलने लंदन जा रहे थे। वे फ्लाइट की सीट नंबर 54 पर बैठे थे। जयेश अपनी पत्नी सोनल और दो बेटों धर्म और विवान के साथ रहते थे। उनका पोरबंदर आर्केड में स्टूडेंट वीजा का ऑफिस है।

12. सादिकाबेन और बेटी शादी में वडोदरा आई थीं, लंदन लौट रही थीं

26 वर्षीय सादिकाबेन मोहम्मद मियां सेठवाला और उनकी ढाई साल की बेटी फातिमा।

हादसे में जान गंवाने वालों में वडोदरा के वाडी इलाके के सेठवाला परिवार के भी दो सदस्य हैं। सादिकाबेन मोहम्मद मियां सेठवाला (26) और उनकी ढाई साल की बेटी फातिमा ब्रिटेन से वडोदरा आईं थी। सादिकाबेन अपने देवर की शादी में यहां आईं थीं।

12 जून की सुबह 7 बजे सास, माता-पिता और भाई उन्हें अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ने गए। परिवार जब अहमदाबाद से वडोदरा लौट रहा था, तभी रास्ते में उन्हें विमान दुर्घटना की खबर मिली। सभी लोग तुरंत अहमदाबाद लौट आए। परिवार को सादिकाबेन और फातिमा के शवों की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।

13. लॉरेंस पिता का अंतिम संस्कार करके लौट रहे थे

फ्लाइट रवाना होने से पहले मां के साथ लॉरेंस डेनियल क्रिश्चियन।

हादसे में लॉरेंस डेनियल क्रिश्चियन की भी मौत हुई है। वह लंदन में काम करते थे। लॉरेंस अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने गुजरात के मणिनगर आए थे। लॉरेंस 12 जून को एअर इंडिया की फ्लाइट से लंदन लौट रहे थे। उनका सीट नंबर 37 था। उन्हें एयरपोर्ट छोड़ने मां आई थीं।

14. मां को यकीन नहीं हो रहा, बेटी अब नही रहीं

मणिपुर की नगनथोई ने 19 साल की उम्र में ही केबिन क्रू की जॉब करना शुरू कर दिया था।

प्लेन क्रैश में एयर होस्टेस नगनथोई शर्मा कोंगब्राइलाटपम (22) की भी मौत हो गई। नगनथोई, मणिपुर के अवांग लेइकेई में रहने वाली थीं। अब नगनथोई की मां बदहवास होकर एलबम पलट रही थीं। चीखकर कह रहीं थी- कहां गई बेटी?

नगनथोई की बहन गीतांजलि ने बताया, हम तीन बहनें हैं। उसका एयर होस्टेस बनने का ही सपना था। इलाके में इंटरनेट बैन के कारण हम वीडियो चैट नहीं कर सके। उसने मैसेज किया कि वह लंदन जा रही है और अब कॉन्टैक्ट नहीं हो पाएगा। 15 जून को लौटने के बात कही थी। मैंने उसे शुभकामनाएं दीं। बाद में एक परिचित के फोन से घटना के बारे में पता चला।

15. आगरा के दंपती इंग्लैंड घूमने जा रहे थे

नीरज लवानिया और उनकी पत्नी अपर्णा लवानिया आगरा में अकोला कस्बे के रहने वाले थे

विमान हादसे में आगरा के कपल की मौत हो गई। नीरज लवानिया और उनकी पत्नी अपर्णा लवानिया आगरा में अकोला कस्बे के रहने वाले थे। नीरज के बड़े भाई सतीश लवानिया ने बताया, नीरज वडोदरा स्थित एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करते थे। कई साल पहले वह वहीं पर शिफ्ट हो गए थे। वह अपनी पत्नी अपर्णा को लंदन घुमाने ले जा रहे थे। उनका 10 दिन का टूर था।

16. हादसे से पहले मां को गुड मॉर्निंग मैसेज भेजा

दीपक पाठक महाराष्ट्र के ठाणे के रहने वाले थे। चार साल पहले उनकी शादी हुई थी।

विमान में ठाणे के रहने वाले दीपक पाठक भी क्रू मेंबर के तौर पर मौजूद थे। हादसे से पहले उन्होंने अपनी मां को फोन कर ‘गुड मॉर्निंग’ कहा था। हादसे के बाद फोन बजता रहा, पर जवाब नहीं ​मिला। बहन ने बताया कि हम अक्सर बात नहीं कर पाते थे, लेकिन मैं और मां नियमित रूप से उसकी बातें करते थे, जैसे कि वह कहां है, लौट आया है।

उसकी भी कोशिश रहती थी कि मां से दो मिनट तो बात हो ही जाए। आज भी ऐसा ही हुआ। मां तो मानने को तैयार ही नहीं कि दीपक चला गया। चार साल पहले ही तो उसकी शादी हुई थी। सब बिखर गया।

17. मां अपनी बेटी से मिलने जा रही थीं

गुजरात के बाबैन की अंजू शर्मा पिछले साढ़े 3 दशक से वडोदरा में रह रही थीं।

हादसे में गुजरात के बाबैन की अंजू शर्मा (55) भी नहीं रहीं । शादी के बाद से पिछले साढ़े 3 दशक से वडोदरा में रह रही अंजू बड़ी बेटी निम्मी शर्मा से मिलने के लिए लंदन जा रही थीं। अंजू अपनी बेटी के साथ लंदन में 6 महीने रहने वाली थीं।

अंजू शर्मा की दो बेटियां हैं। छोटी बेटी हनी वडोदरा में रहती है। अंजू के भाई मिलन शर्मा फिल्म एक्टर हैं। गांव में अंजू के बुजुर्ग माता-पिता रहते हैं। बीमार होने की वजह से उन्हें जानकारी नहीं दी गई। अंजू की शादी साल 1990 में पटियाला के रहने वाले पवन शर्मा के साथ हुई थी। पवन वडोदरा में कारोबारी थे। उनका 5 साल पहले निधन हो गया था।

18. बेटे से मिलने जा रहे थे बुजुर्ग दंपती

महादेव नड़ियाद (गुजरात) में एक कपड़ा मिल में काम करते थे। उनके दो बेटे हैं।

महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी बजुर्ग दंपती महादेव पवार (68) और उनकी पत्नी आशा (60) बेटे से मिलने लंदन जा रहे थे, पर हादसे का शिकार हो गए। एक वरिष्ठ अफसर ने बताया, महादेव नडियाद (गुजरात) में एक कपड़ा मिल में काम करते थे। उनके दो बेटे हैं। एक अहमदाबाद में रहता था और दूसरा लंदन में।

लंदन में रह रहे बेटे से मिले काफी वक्त हो गया था। दंपती लंबे समय से इस घड़ी का इंतजार कर रहे थे। पवार परिवार 15 साल पहले सांगोला छोड़कर गुजरात में बस गया था। रिश्तेदारों ने बताया कि दंपती बहुत उत्साहित थे। उधर बेटा इंतजार ही करता रह गया।

19. दादी बोलीं- सोते हुए नाती की जान चली गई

दादी ने बताया कि, धमाका इतना तेज था ऐसा लगा कि बम ब्लास्ट हुआ है।

एअर इंडिया का विमान जिस मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिरा। उसके बाहर एक महिला चाय की दुकान लगाती थी। वहीं बगल में उसका बेटा चारपाई पर सो रहा था। जैसे ही प्लेन गिरा, तेज धमाके के चलते बेटे की मौत हो गई। महिला गंभीर रूप से घायल है। महिला की सास ने बताया कि उनके परिवार में 30-35 लोग हैं। हादसे वाले दिन बस एक नाती दुकान पर आ गया, जिसकी जान चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024