Headlines

6 राज्यों में लू का अलर्ट, बारिश की संभावना नहीं:47.3°C के साथ श्रीगंगानगर सबसे गर्म; असम में अब भी 1.63 लाख लोग बाढ़ प्रभावित

देश के उत्तरी राज्यों में तेज गर्मी का दौर जारी है। देश के 6 राज्यों के 18 शहरों का तापमान सोमवार को 45 डिग्री के ऊपर रहा। इन राज्यों में राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और ओडिशा शामिल हैं। राजस्थान का श्रीगंगानगर 47.3°C के साथ देश में सबसे गर्म रहा।

दिल्ली-NCR समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मंगलवार को भी हीट वेव और तेज गर्मी की चेतावनी है। दिल्ली में आज भी तापमान 45°C के पास जा सकता है। राज्य में अगले दो दिन के लिए हीट वेव-गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने राजस्थान में तेज हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा असर पश्चिमी जिलों जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली, जालोर, सिरोही में है। हरियाणा में भी सोमवार को तापमान 45 डिग्री के आंकड़े को भी पार कर गया। प्रदेश में सिरसा 46.4 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा।

असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार तो हुआ है, लेकिन राज्य के 1.63 लाख लोग अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य में इस साल बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं में 27 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल कोई भी नदी खतरे के निशान के ऊपर नहीं बह रही है।

आंध्र प्रदेश में शुरुआती मानसून फीका, 59 प्रतिशत कम बारिश हुई

पिछले 6 साल की तुलना में इस साल आंध्र प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहले आया, लेकिन यह भरपूर नहीं रहा। जून के पहले नौ दिनों में 59% कम बारिश दर्ज की गई। इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून की अपनी सामान्य तारीख से 9 दिन पहले 26 मई को आंध्र प्रदेश पहुंचा था।

इन दिनों में राज्य में 24.4 mm की सामान्य औसत बारिश के मुकाबले केवल 10.1 mm औसत बारिश दर्ज की गई। पूरे राज्य में चार जिलों- कोनासीमा, बापटला, पूर्वी गोदावरी और कृष्णा के अलावा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के खास इलाके में पहले 9 दिनों में बारिश नहीं हुई।

आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके, यनम मंडल के दो जिले अनकापल्ली-विजयनगरम में सामान्य वर्षा हुई। श्रीकाकुलम में ज्यादा बारिश हुई। एलुरु में 80%, गुंटूर 95%, काकीनाड़ा 66%, एनटीआर 81%, एसपीएसआर नेल्लोर 64% और पश्चिम गोदावरी जिलों में 96% कम बारिश हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024