देश के पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बारिश से बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति में कोई सुधार नहीं है। असम में बुधवार को बाढ़ में दो और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही 24 मई को मानसून आने के बाद से राज्य में अब तक 19 लोगों की जान गई है। 21 जिलों में 6.8 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
अरुणाचल प्रदेश में अब तक 12 लोगों की जान गई है, जबकि दो लोग लापता हैं। उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। पिछले 11 दिनों में पूर्वोत्तर राज्यों में कुल 49 लोगों की जान जा चुकी है। इसमें असम में 19, अरुणाचल प्रदेश में 12, मेघालय और मिजोरम में 6-6, सिक्किम में 3, त्रिपुरा में 2 और नगालैंड में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
इधर, मानसून अब भी महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर ही रुका है। यह 10 जून तक मध्य प्रदेश पहुंचेगा, हालांकि राज्य में बारिश का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को भोपाल, शाजापुर, छिंदवाड़ा, राजगढ़, सागर, सतना, धार और दमोह में बारिश हुई। राज्य में 6 जून तक बूंदाबांदी जारी रहने के आसार हैं।
राजस्थान में भी बुधवार को कई जगहों पर आंधी-बारिश होने के साथ और ओले गिरे। इसके चलते बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर सभी शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 22 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
IMD ने गुरुवार को कुल 25 राज्यों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीट वेव का अलर्ट भी है। राजस्थान में 6 जून के बाद 3 से 5 डिग्री तापमान बढ़ने की आशंका भी है।