इंदौर के साकार नगर में रहने वाले राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम का एक CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें दोनों शिलॉन्ग के एक होटल के रिसेप्शन पर नजर आ रहे हैं। उन्होंने 22 मई की शाम को होटल से चेकआउट किया। यहां से सिसौरा के होटल पहुंचे। लगेज रखकर दंपती माउलाकया गांव की ओर चले गए।
इधर, परिजन ने सोनम को अगवा कर बांग्लादेश ले जाने की आशंका जताई है। राजा के मर्डर की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है,
सोनम की तलाश में खून से सना जैकेट मिला राजा की हत्या का पता लगाने और सोनम को ढूंढने के लिए पुलिस की तलाश जारी है। पुलिस सोहरारिम के पास स्थित मॉकमा गांव के खड़ी और जंगली इलाकों में सोनम रघुवंशी की तलाश कर रही है।
सोहरा सिविल सब-डिवीजन के एसडीपीओ बाह पिनहुन सिएम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एसआरटी, एफईएस, विशेष जांच दल (एसआईटी) के साथ सर्चिंग की। पुलिस ने बुधवार की सुबह एक जैकेट बरामद की है।
हालांकि अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि जैकेट सोनम की है या नहीं। राजा के परिवार ने भी कहा है कि जो जैकेट मिली है वो सोनम की नहीं है।
राजा के भाई विपिन ने राजा की अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताई है। इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। वहीं राजा की पत्नी सोनम के अभी तक नहीं मिलने को लेकर विपिन ने भी कहा कि बांग्लादेश की बॉर्डर भी उस इलाके से लगी हुई है। विपिन ने बताया- ऐसा सुना है कि यहां जो नए कपल घूमने आते हैं, उनमें से लड़कियों को उठाकर ले जाते हैं।
परिजन का आरोप- पुलिस सही से जांच नहीं कर रही राजा रघुवंशी की हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। शिलांग से वापस आई भाई विपिन का भी कहना था कि वहां सब कुछ ठीक नहीं है। काफी कुछ संवेदनशील मामलों को दबाया जाता है। राजा के लापता होने के बाद से होटल मैनेजर, चाय-नाश्ते की दुकान वाला और गाइड संदेह के घेरे में है, लेकिन पुलिस ने उनसे ठीक से पूछताछ ही नहीं की।
गाइड को जब पुलिस सामने लेकर आई तो वह एक रास्ते पर जाकर राजा और सोनम को छोड़ने की बात कहने लगा। जबकि आगे का रास्ता दोनों को भी नहीं पता था।
बेटे का शव देखकर पिता जमीन पर गिर पड़ें
बुधवार शाम राजा का शव जैसे ही उसके घर पर पहुंचा, पिता जमीन पर गिर पड़े और दहाड़ मारकर रोने लगे। मां उमा बार-बार अपने बेटे को याद करती नजर आईं। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
परिवार ने बताया कि कुछ दिन पहले ही पिता अशोक को दिल का दौरा आया था। उन्होंने महज 25 दिनों में बेटे की शादी की खुशियां और उसकी मौत देखी।
बता दें, हनीमून पर गए राजा रघुवंशी का शव 2 जून को शिलॉन्ग में वेइसाडोंग फॉल्स के पास रियात अरलियांग में करीब 150 फीट नीचे मिला था। पत्नी सोनम की अभी भी किसी तरह की जानकारी सामने नहीं लग पाई।
सोनम का भाई गोविंद पुलिस के साथ शिलॉन्ग में शिलॉन्ग में अब सोनम का भाई गोविंद रुका हुआ है। सोनम के पिता पैरालाइज्ड है। वहीं, परिवार में अब उसका एक भाई है। उसने दामाद राजा के शव को इंदौर भिजवा दिया। परिवार का मानना है कि सोनम सकुशल आ जाए बस इतना काफी है। वहां की स्थितियां अभी ठीक नहीं है। पुलिस के मुताबिक अभी सोनम को लेकर तलाश की जा रही है।
20 मई को हनीमून पर हुए थे रवाना राजा और सोनम रघुवंशी की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। वे 20 मई को हनीमून के लिए रवाना हुए थे। राजा इंदौर में ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते थे। दंपती इंदौर से बेंगलुरु होते हुए गुवाहाटी पहुंचे, जहां मां कामाख्या के दर्शन करने के बाद 23 मई को मेघालय के शिलॉन्ग रवाना हुए। शुरुआत में परिवार की दोनों से बात होती रही, फिर संपर्क टूट गया।
राजा के बड़े भाई सचिन रघुवंशी को पहले लगा कि नेटवर्क का इश्यू होगा, लेकिन 24 मई से दोनों के मोबाइल बंद हो गए तो चिंता होने लगी। कई प्रयासों के बाद जब कोई संपर्क नहीं हो सका तो सोनम के भाई गोविंद और राजा के भाई विपिन इमरजेंसी फ्लाइट से शिलॉन्ग पहुंचे। इसके बाद वे सर्चिंग टीम के साथ जुड़े।
