Headlines

सिक्किम में मिलिट्री कैंप पर लैंडस्लाइड, 3 की मौत:6 जवान लापता; पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश-बाढ़ से अब तक 37 की जान गई

सिक्किम में मिलिट्री कैंप पर लैंडस्लाइड, 3 की मौत:6 जवान लापता; पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश-बाढ़ से अब तक 37 की जान गई

नई दिल्ली/इंफाल/भोपाल29 मिनट पहले
लगातार बारिश से सिक्किम की तीस्ता नदी का जलस्तर 35-40 फीट बढ़ गया है, जिससे सड़कों और पुलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

सिक्किम में रविवार शाम 7 बजे एक मिलिट्री कैंप भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड की चपेट में आ गया। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई, जिनके शव बरामद हुए हैं। छह जवान लापता हैं। सेना ने सोमवार को घटना की जानकारी दी।

न्यूज एजेंसी PTI ने एक रक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि चार लोगों को बचाया गया है, जिन्हें मामूली चोटें लगी हैं। लापता जवानों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। दूसरी तरफ, सिक्किम के लाचेन और लाचुंग में 30 मई से फंसे एक हजार से ज्यादा टूरिस्टों को आज निकाला गया।

सिक्किम सहित पूर्वोत्तर के राज्यों में पिछले 4 दिनों से भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं में अब तक 37 लोगों की जान गई है। इसमें असम में 10, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5 और मेघालय में 6 मौतें शामिल हैं।

सिक्किम में अक्टूबर, 2023 को बादल फटने के बाद तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आने से 18 लोगों की मौत हो गई थी। कम से कम 98 लोग लापता हो गए थे, जिसमें सेना के 22 जवान शामिल थे। इनका कुछ पता नहीं चल पाया था।

पूर्वोत्तर राज्यों में राहत और बचाव के लिए भारतीय सेना, एयरफोर्स और असम रायफल्स के जवानों को तैनात किया गया है। असम में 3.64 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। ब्रह्मपुत्र और बराक समेत 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

मणिपुर में बाढ़ से 19,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। 3,365 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। त्रिपुरा में 10 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। मिजोरम की राजधानी आइजोल में भारी बारिश के कारण 2 जून को सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। 30 मई से अब तक राज्य में लैंडस्लाइड की 211 घटनाएं हुई हैं।

इधर, राजस्थान के 30 जिलों और मध्य प्रदेश के 50 जिलों में बारिश का अलर्ट है। बिहार के वैशाली में रविवार शाम तेज आंधी-बारिश के कारण एक घर गिरने से 60 साल की महिला की मौत हो गई। राज्य के 9 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी है।

पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़-लैंडस्लाइड की तस्वीरें-

मणिपुर: रेस्क्यू ऑपरेशन के दूसरे दिन, भारतीय सेना और असम राइफल्स ने इम्फाल ईस्ट और वेस्ट के कई इलाकों से 500 से ज्यादा लोगों को निकाला।
मणिपुर: सेना के जवानों की टीमें आर्मी बोट की मदद से बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने का काम कर रही है।
त्रिपुरा: तस्वीर अगरतला के बड़खल गांव की है। बाढ़ के कारण राज्य में 10,000 से अधिक लोगों ने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर शरण ली है।
अरुणाचल प्रदेश: एयरफोर्स ने रविवार को Mi-17 हेलिकॉप्टर से बाढ़ग्रस्त बोमजीर नदी के बीच फंसे 14 लोगों को रेस्क्यू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024