Headlines

राहुल का मोदी को लेटर-पुंछ के लिए राहत पैकेज मांगा:पाकिस्तान की गोलाबारी से नुकसान हुआ था; महाराष्ट्र में पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर पुंछ और पाकिस्तान की गोलाबारी से प्रभावित अन्य इलाकों के लिए राहत पैकेज देने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तरफ से की गई फायरिंग से स्थानीय लोगों को जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में केंद्र सरकार को इन इलाकों के लिए ठोस और तुरंत मदद पहुंचानी चाहिए।

उन्होंने लिखा कि जिन परिवारों ने अपने घर या परिजन खोए हैं, उन्हें आर्थिक मदद दी जाए और सरकार को पुनर्वास के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

उधर, महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक युवक को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ATS अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी को भारत की गोपनीय जानकारी भेज रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।

भाजपा विधायक ने वायुसेना को ‘नालायक’ कहा, बाद में सफाई दी

उधमपुर ईस्ट से भाजपा विधायक रणवीर पठानिया ने ऑपरेशन सिंदूर पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एयरफोर्स के पायलट सोए हुए थे। कुसूर हमारा है, हम लोगों ने इन्हें अपनी पलकों पर बैठा रखा है।’

पठानिया ने भारतीय वायुसेना को ‘नालायक’ कहा। उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान उधमपुर एयरफोर्स स्टेशन को पाकिस्तान ने निशाना बनाया था। ‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एयरफोर्स स्टेशन पर क्या हुआ सबको पता है। नालायकी होगी इनकी, सोए होंगे ये लोग, हमारा तो कोई कसूर नहीं है।’

वीडियो वायरल होने के बाद पठानिया ने अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा, वायुसेना पर मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। कहा- क्लिप फर्जी और भ्रामक है। इसे काट-छांट कर पेश किया गया है

भारत-पाकिस्तान विवाद और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े अपडेट पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

अपडेट्स

09:24 PM29 मई 2025

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने व्हाइट नाइट कोर का दौरा किया

सेना प्रमुख (COAS) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने आज व्हाइट नाइट कोर का दौरा किया और फॉर्मेशन की ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लिया। उन्हें व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) ने बॉर्डर की मौजूदा सुरक्षा स्थिति और ऑपरेशनल हालात के बारे में जानकारी दी। जनरल द्विवेदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में सैनिकों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

08:46 PM29 मई 2025

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जम्मू पहुंचे

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज जम्मू पहुंचे। एयरपोर्ट पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उनका से स्वागत किया।

08:13 PM29 मई 2025

राजस्थान में 31 मई को युद्ध की मॉक ड्रिल,सायरन बजेंगे और ब्लैकआउट होगा

ऑपरेशन शील्ड के तहत राजस्थान में अब 31 मई को युद्ध की मॉ​क ड्रिल और ब्लैकआउट होगा। केंद्र सरकार ने मॉक ड्रिल के लिए नई तारीख तय की है। इससे पहले 29 मई को यानी गुरुवार को मॉक ड्रिल होनी थी। हालांकि बुधवार शाम को केंद्र सरकार ने इसे स्थगित कर दिया था।

ये मॉक ड्रिल प्रदेश के सभी 41 जिलों में होगी। इसमें हवाई हमलों से बचने का अभ्यास किया जाएगा। इसके साथ ही सुरक्षा और इमरजेंसी व्यवस्थाओं को भी जांचा जाएगा। गृह विभाग के निर्देशों के अनुसार एक जिले में एक ही लोकेशन पर मॉक ड्रिल होगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024