हरियाणा के पानीपत में रहने वाले ओलिंपियन नीरज चोपड़ा ने 16 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के सोलन में टेनिस प्लेयर हिमानी से शादी की। हर तरफ यही चर्चा है कि आखिर नीरज चोपड़ा की शादी की खबर बाहर कैसे नहीं आई?
ने इस बारे में परिवार से बातचीत की तो पता चला कि शादी की पूरी प्लानिंग नीरज के चाचा सुरेंद्र चोपड़ा ने की थी। दोनों परिवार के सदस्य चाहते थे कि ये शादी गुपचुप तरीके से हो। पहले उन्होंने एक एजेंसी से संपर्क किया था, लेकिन उसने हाथ खड़े कर दिए।
2 महीने पहले शादी की तैयारियां शुरू की गईं। चाचा सुरेंद्र ने ही सोलन में रिजॉर्ट बुक किया। पंडित ढूंढते समय नीरज की फोटो दिखाई गई थी। ज्यादातर पंडित नीरज को जानते थे, इसलिए उनसे शादी की बात लीक होने का खतरा था।
इसके बाद ऐसा पंडित ढूंढा गया, जो नीरज को जानता नहीं था। उसके पास फोन भी की-पैड वाला था। इसलिए वह प्लानिंग के मुताबिक सटीक बैठा। इसके अलावा कोई हरियाणा कनेक्शन न रहे, इसके लिए फोटोग्राफर साउथ से बुलवाए गए।
नीरज चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली तो सबको उनकी शादी के बारे में पता चला।
नीरज चोपड़ा की शादी पर चाचा सुरेंद्र चोपड़ा की 5 अहम बातें…
1. नीरज-हिमानी की शादी, सहमति में 2 महीने लगे
सुरेंद्र चोपड़ा ने बताया कि नीरज और हिमानी दोनों ही एथलीट हैं। दोनों एक-दूसरे को पिछले काफी समय से जानते हैं। जब दोनों को लगा कि अब शादी करनी चाहिए, तो उन्होंने पहले परिवार को बताकर परमिशन मांगी। इसके बाद दोनों परिवारों का मेलजोल बढ़ा। परिवारों को सहमत होने में करीब 2 महीने का वक्त लगा। इसके बाद ही बातचीत को आगे बढ़ाया गया। जब शादी की बात पक्की हुई तो दोनों परिवारों ने शादी की रूपरेखा तैयार की।
2. एजेंसी ने कहा- शादी सीक्रेट रखनी है तो विदेश में कर लो
नीरज की इच्छा थी कि शादी देश में ही हो। इसके लिए हमने एजेंसी से बातचीत की। एजेंसी ने कहा कि अगर शादी के बारे में किसी को भनक नहीं लगने देनी है, तो इसके लिए विदेश में शादी करनी होगी। देश में शादी करने के लिए एजेंसी ने प्रतिदिन के हिसाब से करीब 2 करोड़ का खर्च बताया। शादी की गोपनीयता की गारंटी भी नहीं ली। इसके बाद हमने खुद ही गुपचुप तरीके से शादी करने का प्लान बनाया।
नीरज के चाचा ने बताया कि उन्होंने खुद जाकर हिमाचल में रिजॉर्ट बुक किया था।
3. साउथ के फोटोग्राफर, मोबाइल यूज न करने की शर्त
शादी के लिए साउथ से प्रोफेशनल फोटोग्राफर बुक किए। ऐसा इसलिए क्योंकि उनका हरियाणा में कोई लिंक न हो। ऐसा न होने पर शादी के दौरान या उसके बाद नीरज के फोटो-वीडियो लीक हो सकते थे। उनके सामने भी शर्त रखी गई कि वे मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करेंगे।
दोनों परिवारों को पहले चंडीगढ़ स्थित एक होटल में ले जाया गया। सभी को शादी संबंधित कुछ गोपनीय हिदायतों से अवगत करवाया गया। इसके बाद फोटोग्राफर समेत सभी के मोबाइल जमा करवा लिए।
4. लग्जरी रिसॉर्ट में स्टाफ के मोबाइल भी जमा कराए
इसके बाद वे लोग हिमाचल के सोलन जिले में कुमारहट्टी के साथ लगते गांधीग्राम में बने सूर्य विलास लग्जरी रिसॉर्ट में पहुंचे। यहां भी शर्त रखी गई थी कि किसी भी तरह से शादी की बात बाहर नहीं जानी चाहिए। इसके लिए स्टाफकर्मियों के मोबाइल तक जमा करवा लिए।
होटल के सभी CCTV कैमरों पर भी टेप लगाई गई, ताकि शादी की रिकॉर्डिंग न हो और विवाह गोपनीय ढंग से संपन्न हो। शादी होने के बाद हमें विश्वास हुआ कि सिर्फ एजेंसी ही नहीं, बल्कि हम भी कर सकते हैं। शादी में खर्च होने वाले करोड़ों रुपए बचाए। साथ ही एक रुपया शगुन लेके दहेज प्रथा के खिलाफ कड़ा संदेश दिया।
5. 14 घंटे पानीपत ससुराल में रही हिमानी, किसी को भनक नहीं
शादी की भनक परिवार ने पड़ोसियों तक को भी नहीं लगने दी। विदाई होने के बाद बारात वापस पानीपत के खंडरा गांव स्थित चोपड़ा आवास पर पहुंची। यहां हिमानी करीब 14 घंटे तक रही। सभी रीति-रिवाज पूरे किए गए। घर पर अंगूठी ढूंढ़ने वाली रस्म भी की गई।
पितरों की पूजा भी की गई। हिमानी इतनी देर घर पर रही, लेकिन किसी को भनक नहीं लगी और फिर दोनों वहां से चले गए। उनका हनीमून 7 दिन का है। इसके बाद वह अपनी-अपनी ट्रेनिंग पर चले जाएंगे। सुरेंद्र ने यह भी कहा कि परिवार को भी अब लगने लगा था कि नीरज की अब शादी की उम्र हो गई है। इसलिए भी शादी की गई है।
