एक्टर सैफ अली खान पर घर में घुसकर हमले के मामले में मुंबई की बांद्रा पुलिस ने शुक्रवार को एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस करीब 3 घंटे से संदिग्ध से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध का नाम शाहिद है और उस पर पहले से ही हाउस ब्रेक के 5 केस दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि सैफ के घर में दिखा व्यक्ति और हिरासत में लिया गया शख्स एक ही हैं। सैफ और मेड से आमना-सामना होने के बाद यह साफ हो पाएगा कि वही हमलावर है, या कोई और।
पुलिस सैफ के घर पर काम करने वाले कारपेंटर से भी पुलिस करीब 24 घंटे से पूछताछ कर रही है। उसकी पत्नी ने मीडिया से कहा कि किस मामले में पूछताछ की जा रही है, यह पुलिस ने नहीं बताया।
सैफ की सेहत को लेकर आज हेल्थ बुलेटिन जारी किया गया है। हॉस्पिटल के चीफ न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे और COO डॉ. नीरज उत्तमानी ने बताया कि सैफ को आइसीयू वार्ड से स्पेशल रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। सैफ खतरे से बाहर हैं।
डॉ. उत्तमानी ने बताया कि अगर एक्टर की रीढ़ में चाकू 2 मिमी. और धंस गया होता तो रीढ़ में काफी नुकसान पहुंच सकता था। चाकू के टुकड़े को निकाल लिया गया है।
15 जनवरी की रात हमलावर ने घर में घुसकर सैफ अली खान पर चाकू से हमला किया था। घटना रात ढाई बजे उस खार स्थित गुरुशरण अपार्टमेंट के 12वें फ्लोर पर हुई। मुंबई पुलिस ने बताया था कि हमलावर सीढ़ियों से दाखिल हुआ और सीढ़ियों से ही भागा।
रीढ़ से निकाले गए चाकू की तस्वीर
हमले के दौरान सैफ की रीढ़ की हड्डी के पास फंसा चाकू का टुकड़ा निकाल लिया गया।
डॉ. नितिन डांगे ने बताया, “सैफ अपने बेटे तैमूर के साथ अस्पताल के भीतर पैदल आए थे। सैफ के हाथ पर दो घाव थे, एक घाव गर्दन पर था जिसकी प्लास्टिक सर्जरी हुई है। स्पाइन के पास से फंसा चाकू का टुकड़ा ऑपरेशन से निकाला गया है। सैफ को इन्फेक्शन से बचाने के लिए डॉक्टर्स ने विजिटर्स पर रोक लगा दी है। डॉक्टर ने बेड रेस्ट की सलाह दी है। उम्मीद है कि रिकवरी एक हफ्ते में हो जाएगी”
सैफ पर हमले से जुड़ी 4 फुटेज
15 जनवरी की रात 1 बजकर 37 मिनट पर सैफ के घर में घुसते हुए संदिग्ध। – CCTV फुटेज
