LIVE
दिल्ली चुनाव अपडेट्स:केजरीवाल का शाह को चैलेंज, कहा- झुग्गी वालों को मकान दो, फिर चुनाव नहीं लडूंगा
नई दिल्ली2 घंटे पहले
केजरीवाल ने दिल्ली की शकूर बस्ती से प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अमित शाह को चैलेंज किया।
पूर्व सीएम केजरीवाल ने रविवार दिल्ली की शकूर बस्ती से अमित शाह को चैलेंज किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कई इलाकों की झुग्गी-झोपड़ियां तोड़ी हैं। अगर वह झुग्गीवालों को उसी जमीन पर मकान बनाकर देंगे तो मैं चुनाव नहीं लडूंगा।
केजरीवाल ने भाजपा से यह भी कहा कि जिन झुग्गी-बस्ती वालों के केस कोर्ट में चल रहे हैं, आप वापस ले लीजिए। मैं चुनाव न लड़ने की गारंटी देता हूं।
दरअसल, शनिवार को शाह ने झुग्गी बस्ती प्रधान सम्मेलन में कहा था कि हर झुग्गीवालों को भाजपा पक्का मकान देगी।
केजरीवाल के प्रेस कॉन्फ्रेंस की 2 बड़े दावे…
1. भाजपा सभी झुग्गियां ध्वस्त कर देगी
भाजपा अगर दिल्ली में सत्ता में आई तो वह पांच साल में सभी झुग्गियां ध्वस्त कर देगी। अगर झुग्गी वाले भाजपा को वोट देते हैं तो इसका मतलब वो अपनी आत्महत्या के लिए साइन कर रहे हैं। भाजपा वाले झुग्गी वालों को मार डालेंगे। उनकी जमीनें छीन लेंगे।
2. भाजपा झुग्गी वालो को कीड़े-मकोड़े समझती है
जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे भाजपा का प्यार झुग्गी वालों के लिए बढ़ रहा है। बीजेपी के लोग झुग्गी वालो को कीड़े-मकोड़े समझते हैं। इन्हें झुग्गी वालों से प्यार नहीं हैं। इन्होंने 10 साल में 3 लाख लोगों को बेघर किया है।
दिल्ली में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।
दिल्ली चुनाव से जुड़े आज के अपडेट्स जानने के लिए ब्लॉग से गुजर जाइये…
लाइव अपडेट्स
04:57 PM
12 जनवरी 2025
कांग्रेस की तीसरी गारंटी, युवाओं को हर महीने मिलेंगे ₹8500
कांग्रेस ने दिल्ली वालों के लिए रविवार को तीसरी चुनावी गारंटी का ऐलान किया है। युवाओं के लिए पार्टी ने युवा उड़ान योजना लागू करने का वादा किया है।
इसके तहत एक साल की अप्रेंटिसशिप दी जाएगी। इन युवाओं को 8,500 रुपए भी दिए जाएंगे। पार्टी ने यह ऐलान कांग्रेस नेता सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव की मौजूदगी में किया है।
इससे पहले कांग्रेस दिल्ली में प्यारी दीदी योजना और जीवन रक्षा योजना का ऐलान कर चुकी है। ‘प्यारी दीदी योजना’ के तहत चुनाव जीतने पर हर महिला को महीने में 2500 रुपए दिए जाएंगे। जबकि ‘जीवन रक्षा योजना’ के तहत हर दिल्ली वाले को 25 लाख रुपए का हेल्थ बीमा कवर दिया जाएगा।
04:42 PM
12 जनवरी 2025
आतिशी ने चुनाव लड़ने के लिए ₹40 लाख चंदा मांगा, 4 घंटे में ही ₹10 लाख मिले
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने AAP ऑफिस में शनिवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने शनिवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस करके क्राउड फंडिंग कैंपेन लॉन्च किया। आतिशी ने कहा- मुझे कालकाजी सीट से चुनाव लड़ना है। मैं यह चुनाव आम आदमी की तरह लड़ना चाहती हूं। चुनाव लड़ने के लिए हमें 40 लाख रुपए की जरूरत है। दिल्ली की जनता 100 रुपए या 1000 रुपए देकर मदद कर सकती है। हमने 2013 में भी ऐसे ही लोगों की मदद से चुनाव लड़ा और जीता था। आतिशी की इस अपील के 4 घंटे में ही 10 लाख रुपए से ज्यादा की मदद मिल चुकी है।
आतिशी ने कहा- AAP की ईमानदार राजनीति इसलिए संभव हो पाई, क्योंकि आप ने बड़े बड़े लोगों से चंदा नहीं लिया। CM और मिनिस्टर रहते हुए मैंने कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया, लेकिन किसी काम के लिए बड़े-बड़े बिजनेसमैन से मदद नहीं ली। ईमानदारी की राजनीति के लिए हमें हमेशा दिल्लीवालों का सपोर्ट मिला है। इस क्राउड फंडिग के लिए देशभर से सभी लोग हमारी मदद करेंगे।
03:00 PM
12 जनवरी 2025
AAP का आरोप- भाजपा बना रही फर्जी ऐड वीडियो
AAP नेता संजय सिंह ने भाजपा पर फर्जी ऐड वीडियो बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि- भाजपा ने हरियाणा के फरीदाबाद की टूटी और नाले के पानी से लबालब भरी सड़क का वीडियो बनाया। बाद में इसे दिल्ली की बताकर ऐड वीडियो जारी किया।
