विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकारों के काम करने का नजरिया बदल दिया है। उन्होंने देश को ‘चलता है’ से ‘होगा कैसे नहीं’ वाला एटिट्यूड दिया है। जयशंकर ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में बोल रहे थे।
भुवनेश्वर में 8 से 10 जनवरी तक 18वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी 9 जनवरी को सुबह 10:00 बजे इसका उद्घाटन करेंगे। इसमें 50 देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। PM गुरुवार को भारत की वैश्विक भागीदारी के बढ़ते महत्व और देश के भविष्य को आकार देने में प्रवासी समुदाय की भूमिका पर बोलेंगे।
इससे पहले जयशंकर ने बुधवार को वैश्विक विकास को आगे बढ़ाने में भारत की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु की एक याद साझा की। उन्होंने कहा कि सिंधु ने PM को यूथ आइकन बताया था। सिंधु ने कहा था कि PM मोदी ने देश को ‘चलता है’ से ‘होगा कैसे नहीं’ वाला एटिट्यूड दिया है।
भुवनेश्वर में तैयार किया जा रहा कार्यक्रम स्थल, यहां 5 हजार से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है।
50 देशों से हजारों प्रवासी भारतीय हिस्सा ले रहे
ओडिशा के भुवनेश्वर में पहली बार प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन हो रहा है। इसमें 50 देशों से हजारों प्रवासी भारतीय हिस्सा ले रहे हैं। त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू सम्मेलन की मुख्य अतिथि हैं। वह वर्चुअली सम्मेलन को संबोधित करेंगी।
इस साल सम्मेलन का विषय ‘विकसित भारत में प्रवासी भारतीयों का योगदान’ है। कार्यक्रम में रामायण, प्रौद्योगिकी और प्रवासी भारतीयों पर आधारित प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। रामायण प्रदर्शनी में बताया जाएगा कि कैसे यह महाकाव्य दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में पहुंचा।
ओडिशा के मुख्य सचिव मनोज आहूजा ने कहा कि सम्मेलन में 5 हजार से ज्यादा प्रवासी भारतीयों के आने की उम्मीद है। भुवनेश्वर, पुरी और जाजपुर में 21 जगहों को चुना गया है। जहां उन्हें ले जाया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य ओडिशा में इंटरनेशनल टूरिज्म को बढ़ाना है।
3 दिवसीय सम्मेलन, कब क्या होगा…
8 जनवरी को सम्मेलन की शुरुआत युवा प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम से होगी, जिसका आयोजन ओडिशा सरकार युवा मामले और खेल मंत्रालय के साथ साझेदारी में कर रही है।
9 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वह प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जो प्रवासी भारतीयों के लिए विशेष पर्यटक ट्रेन है। यह दिल्ली के निजामुद्दीन स्टेशन से रवाना होगी और 3 हफ्तों तक कई जगहों पर जाएगी।
पीएम मोदी 4 प्रदर्शनियों का उद्घाटन भी करेंगे – रामायण की विरासत, प्रौद्योगिकी और विकसित भारत में प्रवासियों के योगदान, मांडवी से मस्कट तक भारतीय प्रवासियों के विकास और ओडिशा की विरासत व संस्कृति।
10 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कार्यक्रम के समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू कई प्रवासी भारतीयों को प्रवासी भारतीय सम्मान भी देंगी।
विदेश मंत्रालय के सचिव अरुण कुमार चटर्जी ने बताया- भारतीय प्रवासियों की संख्या 35.4 मिलियन है, जिसमें 19.5 मिलियन भारतीय मूल के लोग और 15.8 मिलियन NRI शामिल हैं। अमेरिका में सबसे ज्यादा 2 मिलियन भारतीय मूल के लोग रहते हैं। जबकि UAE में सबसे ज्यादा 3.5 मिलियन NRI हैं।
विदेश मंत्री ओडिशा के मंदिरों में गए
सम्मेलन में शामिल होने के लिए ओडिशा आए विदेश मंत्री एस जयशंकर कई मंदिरों गए। इनमें पुरी में जगन्नाथ मंदिर, कोणार्क में सूर्य मंदिर, भुवनेश्वर में लिंगराज मंदिर और धौली शांति शिवालय शामिल थे।उन्होंने रघुराजपुर कला गांव का भी दौरा
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रघुराजपुर कला गांव में पहुंचकर ओडिशा की संस्कृति के बारे में जाना।
पहली बार देश के पूर्वी राज्य में सम्मेलन
इस बार प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन पहली बार देश के पूर्वी हिस्से में हो रहा है। ताकि सरकार की ‘पूर्वोदय’ योजना को आगे बढ़ाने में मदद मिले। यह योजना बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों के विकास के लिए बनाई गई है।
कैसे हुई शुरुआत
प्रवासी भारतीय दिवस की शुरुआत जनवरी 2003 में महात्मा गांधी के 1915 में दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटने की घटना को याद करते हुए की गई थी। इस दिन को मनाने का उद्देश्य प्रवासी भारतीयों के योगदान और उनकी उपलब्धियों को पहचानना है।
