अयोध्या के राम जन्मभूमि परिसर में एक व्यक्ति जासूसी वाले चश्मे के साथ पकड़ा गया। वह चश्मे में लगे कैमरे से राम मंदिर में सिंहद्वार के पास तस्वीरें खींच रहा था। सुरक्षा में लगे जवान को शंका हुई। तभी वह पकड़ में आ गया। राम जन्मभूमि परिसर में कैमरा, मोबाइल ले जाना बैन है।
वह मंदिर के सभी चेक प्वाइंट्स को पार कर गया था। आरोपी गुजरात का व्यापारी है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। चश्मे की कीमत 50 हजार रुपए बताई जा रही है।
घटना सोमवार दोपहर 3 बजे की है।
हर दिन एक से डेढ़ लाख श्रद्धालु रामलला का दर्शन करने के लिए आते हैं।
चश्मे में कैमरे की लाइट जलने पर पकड़ा गया
वडोदरा निवासी जानी जयकुमार सोमवार (6 जनवरी) को रामलला के दर्शन के लिए आया था। वह राम जन्मभूमि पथ से सभी चेकिंग पॉइंट को पार कर जन्मभूमि परिसर स्थित सिंहद्वार के आगे तक पहुंच गया। इस दौरान जयकुमार चश्मे से फोटो क्लिक कर रहा था। तभी कैमरे की लाइट जली, जिसके बाद वह सुरक्षा में तैनात वॉचर के नजर में आ गया।
वॉचर ने तुरंत उसे रोककर चश्मे के बारे में जानकारी ली। चश्मे के दोनों किनारों पर कैमरे लगे थे। एक बटन भी है, जिसे दबाते ही फोटो कैप्चर हो जाती है।
पकड़े गए युवक वडोदरा का व्यापारी
SP सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने बताया- युवक को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। अभी तक पूछताछ में उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। युवक वडोदरा का व्यापारी है। चश्मे की कीमत 50 हजार बताई जा रही है। आरोपी को पकड़ने वाले SSF के वॉचर अनुराग बाजपेयी को पुरस्कृत किया जाएगा।
स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स संभालती है सुरक्षा
राम मंदिर की सुरक्षा यूपी सरकार की स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के हाथ में है। इसमें यूपी पुलिस और PAC के जवान शामिल हैं। इससे पहले CRPF की छह बटालियन और PAC की 12 कंपनी राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का काम संभाला करती थी। फिलहाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई, इसका पता लगाया जा रहा है।
11 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा समारोह
राम मंदिर में 11 जनवरी से 13 जनवरी तक प्रतिष्ठा द्वादशी का कार्यक्रम शुरू होगा है। समारोह का उद्घाटन 11 जनवरी को सीएम योगी करेंगे। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए 11 से 13 जनवरी तक राम मंदिर में वीआईपी दर्शन बंद रहेगा। इस बीच वीआईपी और वीवीआईपी पास नहीं बनाए जाएंगे। 22 जनवरी, 2024 को रामलला अपने भव्य महल में विराजमान हुए थे।
