Headlines

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सल ब्लास्ट, 8 जवान शहीद:ड्राइवर भी मारा गया; सड़क पर 10 फीट का गड्ढा, 25 फीट ऊंचे पेड़ पर मिला गाड़ी का मलबा

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने सोमवार को जवानों को लेकर जा रहे वाहन को ब्लास्ट कर उड़ा दिया। हमले में दंतेवाड़ा DRG के 8 जवान शहीद हो गए। एक ड्राइवर की भी मौत हुई है।

IG बस्तर रेंज सुंदरराज पी ने बताया कि बीजापुर से संयुक्त ऑपरेशन पार्टी ऑपरेशन पूरा कर वापस लौट रही थी। सोमवार दोपहर करीब सवा 2 बजे बीजापुर मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर अंबेली गांव के पास नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया।

धमाका इतना जोरदार था कि सड़क पर करीब 10 फीट गहरा गड्‌ढा हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी के कुछ पार्ट्स 30 फीट दूर एक पेड़ पर 25 फीट ऊंचाई पर मिले।

नक्सली हमले के बाद के 6 फोटो

अंबेली गांव के पास हुए IED ब्लास्ट के बाद सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया।
जवानों के वाहन का मलबा घटनास्थल से काफी दूर तक गिरा।

ब्लास्ट के बाद जवानों के शव क्षत-विक्षत हालत में मिले।
ब्लास्ट के बाद जवानों के शव क्षत-विक्षत हालत में मिले।

ब्लास्ट के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी कई फीट ऊपर उछली और नीचे गिरकर मलबे में बदल गई।

जवानों की मौत के बाद उनके हथियार और अन्य सामान को सुरक्षित रखा गया।

IED ब्लास्ट के बाद जेसीबी मशीन से रेस्क्यू किया गया।
मुख्यमंत्री साय बोले- जल्द छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का खात्मा होगा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, ‘आज IED विस्फोट में हमारे 8 जवान और एक ड्राइवर शहीद हुए हैं। मैं उनकी शहादत को नमन करता हूं, उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। जिस तरह से लगातार नक्सलियों को परास्त किया जा रहा है, उससे वे हताश हैं और ऐसी कायराना हरकतें कर रहे हैं। जल्द छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का खात्मा होगा और यहां शांति बहाल होगी।’

शनिवार रात 5 नक्सली मारे गए थे
शनिवार देर रात अबूझमाड़ के जंगल में मुठभेड़ में एक DRG जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हुए थे। वहीं, जवानों ने एक महिला नक्सली समेत 5 माओवादियों को भी मार गिराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024