Headlines

दिल्ली चुनाव- केजरीवाल के खिलाफ प्रवेश वर्मा लड़ेंगे:आतिशी के खिलाफ बिधूड़ी; BJP की पहली लिस्ट में 29 नाम; 16 कैंडिडेट बदले, 13 रिपीट

दिल्ली चुनाव- केजरीवाल के खिलाफ प्रवेश वर्मा लड़ेंगे:आतिशी के खिलाफ बिधूड़ी; BJP की पहली लिस्ट में 29 नाम; 16 कैंडिडेट बदले, 13 रिपीट

नई दिल्ली2 मिनट पहले

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में 29 नाम हैं। 16 सीटों पर कैंडिडेट बदले गए हैं जबकि 13 पर मौजूदा विधायकों को टिकट दी गई है।

नई दिल्ली से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रवेश वर्मा चुनाव लड़ेंगे। कालकाजी से आतिशी के खिलाफ भाजपा ने रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है। इसी सीट से कांग्रेस ने अलका लांबा को टिकट दिया है।

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द होने वाला है। आम आदमी पार्टी सभी 70 सीटों पर कैंडिडेट घोषित कर चुकी है। कांग्रेस ने भी अब तक तीन लिस्ट में 48 उम्मीदवार उतारे हैं।

भाजपा ने AAP से आए 4 नेताओं को टिकट दिया, 2 सांसदों पर भरोसा जताया

भाजपा की पहली लिस्ट में AAP से आए 4 नेता कैलाश गहलोत, राजकुमार आनंद, करतार सिंह और एनडी शर्मा को जगह दी गई है। वहीं, कांग्रेस से आए 3 नेताओं पर भी भरोसा जताया है। आशीष सिसोदिया को तिलक नगर से, जगदीश यादव को शकरपुर से और संतोष गहलोत को गांधी नगर से उम्मीदवार बनाया है।

इसके अलावा, पार्टी के 2 सांसद प्रवेश साहिब बर्मा और रमेश बिधूड़ी को टिकट दिया है। प्रवेश नई दिल्ली से और रमेश दक्षिण दिल्ली से सांसद हैं।

AAP के पूर्व मंत्री राज कुमार आनंद भी इस साल की शुरुआत में भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा ने उन्हें पटेल नगर सीट से कैंडिडेट बनाया है। 2020 के चुनाव में राजकुमार ने भाजपा के प्रवेश रतन को हराया था। राजकुमार ने पिछले अप्रैल में AAP करप्शन मामले पर पार्टी से इस्तीफा दे दिया और बसपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद उन्होंने जुलाई भाजपा ज्वाइन की।
AAP के पूर्व विधायक करतार सिंह को छतरपुर सीट से टिकट मिली है। करतार ने जुलाई में AAP से इस्तीफा दिया था और सितंबर में भाजपा ज्वाइन की थी।
बदरपुर सीट से भाजपा ने इस सीट से पूर्व AAP एमएलए एनडी शर्मा को टिकट दी है। शर्मा 2015 में AAP की टिकट पर चुनाव जीते थे। 2020 में बसपा टिकट से चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें रामवीर सिंह बिधुड़ी ने हरा दिया था।
आप सभी 70 सीटों पर कैंडिडेट का ऐलान कर चुकी
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने 15 दिसंबर को सभी कैंडिडेट का ऐलान कर दिया था। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे। CM आतिशी को कालकाजी से उम्मीदवार बनाया गया है। सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश, सत्येंद्र जैन शकूर बस्ती से चुनाव लड़ेंगे।

AAP ने 21 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच यानी 25 दिनों में कुल 4 लिस्ट में 70 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए। इस बार 26 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं। 4 विधायकों की सीट बदली गई है।

इनमें मनीष सिसोदिया की सीट पटपड़गंज से जंगपुरा, राखी बिडलान की मंगोलपुरी से मादीपुर, प्रवीण कुमार की जंगपुरा से जनकपुरी और दुर्गेश पाठक की करावल नगर से राजेंद्रनगर सीट बदली गई है।

कांग्रेस की तीन लिस्ट जारी, अब तक 48 उम्मीदवार घोषित

कांग्रेस ने शनिवार को दिल्ली में आप सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कांग्रेस महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ कालकाजी सीट से चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को उनके नाम की घोषणा की। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अब तक 3 लिस्ट में 48 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है।

12 दिसंबर को कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी हुई थी। इसमें 21 नाम थे। 24 दिसंबर को दूसरी लिस्ट जारी की थी। इसमें 26 नाम थे। कांग्रेस ने जंगपुरा सीट से फरहाद सूरी को टिकट दिया है। यहां से AAP के मनीष सिसोदिया चुनाव लड़ रहे हैं। बाबरपुर सीट से AAP के गोपालराय के खिलाफ हाजी मोहम्मद इशराक खान को उतारा गया।

दिल्ली में चुनाव की तारीखों का जल्द ऐलान होगा
दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को खत्म हो रहा है। चुनाव आयोग जनवरी के दूसरे हफ्ते में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। पिछला विधानसभा चुनाव फरवरी 2020 में हुआ था, जिसमें आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 70 में से 62 सीटें जीती थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024