पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली की हालत गंभीर:ठाणे के हॉस्पिटल में भर्ती, कुछ सालों से हार्ट से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे
स्पोर्ट्स डेस्क24 मिनट पहले
विनोद कांबली की यह तस्वीर IANS ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर पोस्ट की है।
पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली को तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें शनिवार देर रात ठाणे के अस्पताल में भर्ती किया गया। न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, 52 साल के कांबली की हालत गंभीर है।
52 साल के कांबली कुछ सालों से हार्ट संबंधी समस्याओं के अलावा डिप्रेशन से जूझ रहे हैं। वे दवाएं ले रहे हैं। कांबली को साल 2013 में दिल का दौरा भी पड़ चुका है। उन्होंने रक यूट्यूब चैनल को दिए गए इंटरव्यू में बताया था की सचिन तेंदुलकर ने उनकी हार्ट सर्जरी कराई थी।
हाल ही में कोच रमाकांत आचरेकर कार्यक्रम में विनोद कांबली नजर आए थे। इस दौरान उनका सचिन तेंदुलकर के साथ वीडियो भी वायरल हुआ था।
कांबली को आकृति हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
एंकर ने सचिन का हाथ छुड़वाया था
कांबुली 4 दिसंबर को कोच आचरेकर समारोह में नजर आए थे। इसमें वे सचिन का हाथ कस कर थाम लेते हैं। फिर एंकर आता है और कांबली को हाथ छोड़ने को लेकर समझाता है। आखिर में फिर सचिन उनसे दूर हो जाते हैं। यहां कांबली के चेहरे पर निराशा नजर आती है।
कोच आचरेकर समारोह मुंबई में हुआ था। कांबली से मिलते हुए सचिन तेंदुलकर।
कांबली का 4 महीने पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे चल नहीं पा रहे थे।
कांबुली का करियर: 17 टेस्ट मैचों में 1084 रन बनाए
कांबली ने 1991 में वनडे डेब्यू और 1993 में टेस्ट में डेब्यू किया था। वे 14 पारियों में सबसे तेज 1000 टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
भारतीय टीम के लिए 17 टेस्ट मैचों में कुल 1084 रन बनाए। इनमें 4 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं।
104 वनडे मैचों में कुल 2477 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। 2000 के दशक में उनका प्रदर्शन बहुत ही खराब रहा और इसी वजह से वह टीम इंडिया से बाहर हो गए। उन्होंने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी वनडे मैच साल 2000 में श्रीलंका के खिलाफ खेला।
जब मैदान पर रो पड़े थे कांबली
13 मार्च 1996 को कोलकाता के ईडन गार्डन में भारत और श्रीलंका के बीच वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल था। श्रीलंका ने 251 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम एक समय 98 रन पर एक विकेट गंवाकर अच्छी स्थिति में थी, लेकिन सचिन के आउट होने के बाद टीम का बल्लेबाजी क्रम ढह गया। टीम इंडिया ने 120 रनों पर 8 विकेट गंवा दिए थे।
35वां ओवर होना था और भारतीय टीम को 156 गेंदों पर 132 चाहिए था। विनोद कांबली 10 और अनिल कुंबले बगैर खाता खोले क्रीज पर मौजूद थे। इसके बाद दर्शकों ने मैदान पर बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। स्टेडियम के एक हिस्से में आग लगा दी। मैच रोक दिया गया और श्रीलंका को विजेता घोषित कर दिया गया। तब मैदान से लौटते समय कांबली रोने लगे।
मैच समाप्त होने के बाद नाबाद रहे कांबली मैदान पर ही रोने लगे थे।
कांबली ने कीं 2 शादियां, फिल्मों में भी काम किया
कांबली ने दो शादियां कीं। पहली शादी नोएला से और दूसरी शादी फैशन मॉडल एंड्रिया हेविट से की। जून 2010 में एंड्रिया ने कांबली के बेटे जीसस क्रिस्टियानो को जन्म दिया। 2000 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कांबली ने फिल्मों का भी रुख किया।
2002 में संजय दत्त, सुनील शेट्टी और प्रीति झांगियानी स्टारर ‘अनर्थ’ फिल्म रिलीज हुई। रवि दीवान के निर्देशन में बनी वह फिल्म बुरी तरह फ्लॉप रही। 2009 में फिर से कांबली ने पल पल दिल के साथ नाम की फिल्म की। वी के कुमार के डायरेक्शन वाली फिल्म में कांबली के पूर्व क्रिकेटर दोस्त अजय जडेजा और माही गिल थे, लेकिन वे भी दर्शकों का दिल नहीं जीत पाई।
