UP में ठंड का 20 साल का रिकॉर्ड टूटा:ओडिशा में तापमान माइनस 10 डिग्री, MP-राजस्थान के 4 शहरों में 2º से नीचे
नई दिल्ली8 घंटे पहले
उत्तर भारत के राज्यों में तेज ठंड का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश में 20 साल बाद दिसंबर के दूसरे ही हफ्ते में कोल्डवेव चल रही है।
अमूमन यहां तीसरे या चौथे हफ्ते में शीतलहर चलती है। तेज सर्दी के कारण शनिवार को चित्रकूट के एक किसान की मौत हो गई।
ओडिशा में भी ठंड और कोल्डवेव के कारण मयूरभंज में तापमान -10 डिग्री तक पहुंच गया। यहां पेड़ के पत्तों पर ओस की बूंद जमने लगी है।
मध्य प्रदेश में सबसे कम तापमान शहडोल में 1.5 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में भी रात का पारा 4 डिग्री से कम पहुंच गया। मौसम विभाग ने कहा- दिसंबर में 10 साल में दूसरी बार इतना कम पारा दर्ज किया गया।
राजस्थान में 11 शहरों में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। MP और राजस्थान के कुल 15 शहरों में शनिवार को तापमान 4 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने कहा है कि इन राज्यों में 2-3 दिन तक ठंड का दौर जारी रहेगा। रविवार को बिहार-हरियाणा समेत 14 राज्यों में कोल्डवेव का अलर्ट है। पंजाब और MP में सीवियर कोल्डवेव की चेतावनी जारी की गई है।
मैदानी इलाकों में सर्दी की 2 तस्वीरें …
ओडिशा के मयूरभंज में ठंड के कारण पत्तों पर ओस जम गई। ओडिशा के कुछ इलाकों में तापमान माइनस में भी दर्ज किया गया।
राजस्थान के माउंट आबू में शनिवार को तापमान माइनस में दर्ज किया गया। यहां गाड़ियों के ऊपर बर्फ जमने लगी।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम
16 दिसंबर: 4 राज्यों में कोहरा, तमिलनाडु में 7 cm से ज्यादा बारिश
तमिलनाडु, पुडुचेरी में 7 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होगी। इन राज्यों में बिजली गिरने का भी अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान और मध्य प्रदेश में घना कोहरा छाया रहेगा।
पश्चिम बंगाल के तटों के आसपास 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
17 दिसंबर: 4 राज्यों में बारिश, हरियाणा-UP में घना कोहरा
तमिलनाडु, पुडुचेरी में 12 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होगी कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 7 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है।
हरियाणा और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट है। इन राज्यों में विजिबिलिटी भी घट सकती है।
राजस्थान में कोल्डवेव का अलर्ट है। यहां कई शहरों में तापमान 5 डिग्री के नीचे रहने की उम्मीद है।
18 दिसंबर: 5 राज्यों में बारिश, राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के अलावा केरल में बिजली गिरने के साथ बारिश के आसार हैं।
राजस्थान के कुछ इलाकों में लगातार दूसरे दिन शीतलहर चलेगी। तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है।
नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी ठंड बढ़ सकती है। यहां तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और ठंड की 3 तस्वीरें…
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में बर्फबारी के कारण मुघल रोड बंद हो गई। प्रशासन ने अर्थ मूविंग मशीन से बर्फ हटाई।
श्रीनगर में डल झील में नाव चलाती महिलाएं। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर में BSF के जवान LOC के पास बर्फ से ढके इलाकों में गश्त की। यहां तापमान माइनस में दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर के जोजिला में तापमान माइनस 22 डिग्री
जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में तापमान माइनस में बना हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि बर्फबारी के कारण यहां न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। जोजिला में टेम्परेचर माइनस 22 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, श्रीनगर में माइनस 3.4°, पहलगाम में माइनस 4.0°, गुलमर्ग में माइनस 3.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने के 3 कारण
पश्चिम-उत्तर भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर 278 किमी प्रतिघंटा की गति से तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। इस वजह से बर्फ पिघल रही है। जिससे उत्तर और मध्य भारत के इलाकों में ठंड बढ़ रही है।
पाकिस्तान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है।
