राजस्थान समेत 12 राज्यों में तापमान 5° से नीचे:मध्य प्रदेश में स्कूलों की टाइमिंग बदली; लाहौल-स्पीति में नदी जमी, लद्दाख-श्रीनगर में रोड ब्लॉक
नई दिल्ली8 घंटे पहले
पाकिस्तान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 12 राज्यों में शीतलहर चल रही है। राजस्थान के फतेहपुर (सीकर) का पारा -1 में पहुंच गया है। यहां खुले में रखे बर्तनों का पानी जम रहा है।
मध्य प्रदेश के भोपाल समेत 28 जिलों में शीतलहर का अलर्ट है। 8 जिलों में टेम्प्रेचर 6° के नीचे रिकॉर्ड किया गया है। ठंड के कारण भोपाल-इंदौर में स्कूलों का टाइम बदला गया है।
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। सबसे कम तापमान अयोध्या में 4.5° रिकॉर्ड किया गया है। 9 शहरों में पारा 6 डिग्री से कम है।
कश्मीर के बारामूला, कुपवाड़ा, शोपियां, पुलवामा और बांदीपोरा बर्फबारी जारी है। यहां 7 जिलों में पारा माइनस में रिकॉर्ड किया गया। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में नदी जम गई।
दक्षिण भारत के तमिलनाडु और कर्नाटक में आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के चलते पुडुचेरी और कराईकल के स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित की गई है।
सबसे पहले बर्फबारी की तस्वीरें…
बारामूला में पहली बर्फबारी के बाद घरों और पेड़ों पर जमी बर्फ। यहां शुक्रवार सुबह पारा माइनस 1° रिकॉर्ड किया गया।
बारामूला जिले के तंगमर्ग में बर्फ से ढके इलाके में गश्त करता जवान। यहां सीजन की पहली बर्फबारी हुई है।
सूरत के सरथाना नेचर पार्क में बाड़े के अंदर आग के चारों ओर इकट्ठा हिरणों का एक झुंड। यहां शुक्रवार सुबह 17° तापमान रिकॉर्ड हुआ।
ठंड बढ़ने के ये 2 कारण
पश्चिम-उत्तर भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर 278 किमी प्रतिघंटा की गति से तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। इस वजह से बर्फ पिघल रही है। जिससे उत्तर भारत और मध्य भारत के इलाकों में ठंड बढ़ रही है।
पाकिस्तान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है।
आगे मौसम कैसा रहेगा
12 राज्यों में शीतलहर का अलर्ट, दो दिन बाद बदलेगा मौसम
दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पं. बंगाल, बिहार, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले दो-तीन दिन शीतलहर का अलर्ट है।
14 दिसंबर को राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ से लगे मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में शीतलहर से राहत मिल सकती है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी जारी रहेगी। हिमालय से उत्तर प्रदेश के इलाकों में पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि नॉर्थ ईस्ट के असम, नगालैंड, मेघायल, त्रिपुरा और मणिपुर में कोहरा छाया रहेगा।
दक्षिण राज्यों तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, पुडुचेरी में भी 14 दिसंबर को बारिश से राहत मिलेगी।
