Headlines

महाराष्ट्र में भाजपा विधायक दल की बैठक 4 दिसंबर को:पार्टी ने निर्मला और विजय रूपाणी को पर्यवेक्षक बनाया; अजित पवार दिल्ली पहुंचे

महाराष्ट्र विधानसभा का रिजल्ट आने के 10 दिन बाद भी मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं हो पाया है। महायुति यानी भाजपा, शिवसेना शिंदे और NCP में एक सीएम और दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला तय किया गया है।

भाजपा ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पर्यवेक्षक बनाया है। विजय रूपाणी मंगलवार शाम मुंबई पहुंचेंगे, जबकि निर्मला सीतारमण 4 दिसंबर को सुबह मुंबई पहुंचेंगी।

बीजेपी विधायक दल की बैठक 4 दिसंबर को सुबह 10 बजे विधान भवन के सेंट्रल हॉल में होगी। इसमें सीएम का नाम तय होगा। 5 दिसंबर को शाम 5 बजे मुंबई के आजाद मैदान में सीएम का शपथ समारोह होगा।

भाजपा की ओर से देवेंद्र फडणवीस का सीएम बनना तय माना जा रहा है। दिल्ली में देर रात तक अजित पवार और अमित शाह की मुलाकात हो सकती है। पवार दिल्ली पहुंच गए हैं। इसमें फडणवीस वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मीटिंग में जुड़ेंगे।

सोमवार शाम को अजित पवार ने दिल्ली में पार्थ पवार और प्रफुल्ल पटेल के साथ बैठक की। इधर भाजपा नेता और पिछली सरकार में मंत्री रहे गिरीश महाजन ने शिंदे से ठाणे में मुलाकात की। उन्होंने कहा कि शिंदे को गले में संक्रमण है और बुखार भी है।

गिरीश ने कहा- एकनाथ शिंदे का दिल बहुत बड़ा है। वे छोटी-छोटी बातों पर नाराज होने वालों में से नहीं हैं। महायुति में सब ठीक है। कल से सब एकसाथ काम करते दिखेंगे। पांच साल मजबूती से सरकार चलानी है।

विधानसभा चुनाव में महायुति को 230 सीटें मिली हैं। बहुमत के लिए जरूरी 145 विधायकों से 85 सीटें ज्यादा। भाजपा को 132, शिवसेना शिंदे को 57 और NCP अजित पवार को 41 सीटें मिली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024