Headlines

महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर पत्थर से हमला:सिर पर चोट लगी; कांग्रेस बोली- प्रदेश में गुंडाराज, BJP ने चुनावी स्टंट बताया

महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और NCP (शरद गुट) के नेता अनिल देशमुख पर सोमवार रात नागपुर के काटोल विधानसभा क्षेत्र में हमला हुआ। अनजान शख्स ने उनके ऊपर पत्थर फेंका जिससे अनिल देशमुख के सिर में चोट लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अनिल का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उनके सिर से खून बहता दिख रहा है। वे तौलिए से अपने सिर को बांधे हुए हैं।

कांग्रेस ने नेता बाला साहब थोराट ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि डिप्टी सीएम देवेन्द्र फडणवीस के जिले में एक पूर्व गृह मंत्री के साथ मारपीट किए जाने से सवाल उठता है कि राज्य में कानून का राज है या गुंडों का? वहीं भाजपा ने आरोप लगाया है कि ये एक चुनावी ‘स्टंट’ है। काटोल विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी प्रभारी अविनाश ठाकरे ने कहा है कि देशमुख ने अपने ही कार्यकर्ताओं से पथराव कराया है।

हमले की तीन तस्वीरें…

अनजान लोगों ने अनिल देशमुख की कार पर पत्थर फेंके। इससे उनकी कार की विंडशील्ड टूट गई।
हमले की वजह से कार की खिड़की का शीशा टूट गया और उसके टुकड़े कार में बिखर गए।
हमले में देशमुख गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें काटोल ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बेटे के लिए चुनाव प्रचार कर लौट रहे थे अनिल, तभी हमला हुआ अनिल देशमुख के बेटे सलिल काटोल विधानसभा क्षेत्र से एनसीपी के उम्मीदवार हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन देशमुख ने पूरे दिन क्षेत्र में प्रचार किया। शाम को नरखेड में उनकी बैठक हुई। बैठक खत्म होने के बाद वे कार्यकर्ताओं के साथ कार से काटोल के लिए निकले थे। इसी दौरान बेला फाटा के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर पथराव कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024