Headlines

मोदी बोले- जब मनमोहन PM थे, सोनिया सरकार चलाती थीं:कांग्रेस की जाति जनगणना जातियों को उलझाने की साजिश, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे

मोदी बोले- जब मनमोहन PM थे, सोनिया सरकार चलाती थीं:कांग्रेस की जाति जनगणना जातियों को उलझाने की साजिश, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे

रांची16 मिनट पहले
बोकारो के चंदनकियारी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभा की। पिछले 6 दिन में मोदी का यह दूसरा झारखंड दौरा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 दिन में रविवार को दूसरी बार झारखंड पहुंचे। उन्होंने बोकारो के चंदनकियारी और गुमला में सभा की। उन्होंने एक बार फिर रोटी, माटी और बेटी की सुरक्षा का नारा दिया। कहा- भाजपा का यहां एक ही मंत्र है हमने झारखंड बनाया है हम ही संवारेंगे।

उन्होंने UPA 2004 से 2014 तक केंद्र में रही कांग्रेस नीत UPA सरकार का भी जिक्र किया। मोदी बोले- जब डॉ. मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री थे, तो सोनिया गांधी सरकार चलाती थीं। उन्होंने झारखंड को कुछ नहीं दिया। राज्य बनने का भी विरोध किया।

प्रधानमंत्री ने कहा- कांग्रेस और उसके सहयोगी जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 वापस लाने के लिए विधानसभा में प्रस्ताव लाए। उनका ये सपना कभी पूरा नहीं होगा। हमनें 370 को जमीन में गाड़ दिया है। अब ये इसे कभी नहीं लागू कर पाएंगे।

मोदी ने कांग्रेस के जातिगत जनगणना करवाने के वादे पर कहा- कांग्रेस सत्ता के लालच में छोटी-छोटी जातियों को बांटकर उन्हें आपस में लड़ाना चाहती है। इसलिए वे जातिगत जनगणना कराने की बात करते हैं। याद रखिए हम ‘एक रहेंगे, सेफ रहेंगे’।

मोदी के 50 मिनट का भाषण, 5 पॉइंट में…

1. कांग्रेस-झामुमो जातियों को आपस में लड़ाना चाहती है पीएम मोदी ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस ओबीसी की जातियों को आपस में लड़ाना चाहती हैं। ये चाहते हैं कि ओबीसी की छोटी-छोटी जातियां खुद को ओबीसी मानना छोड़ दें और अपनी-अपनी जातियों में उलझे रहें। क्या आप चाहते हैं कि यहां का ओबीसी समाज टूट जाए? आपको मंजूर है? अगर टूट गए तो आपकी आवाज कमजोर होगी या नहीं? इसलिए हमें यह याद रखना है, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे।’ वो ऐसा इसलिए करना चाहते हैं, क्योंकि ये चुनाव नहीं जीत पा रहे हैं। 1990 कांग्रेस कभी लोकसभा में 250 सीट नहीं जीत पाई है।

2. कश्मीर में धारा 370 के लिए साजिश रच रही कांग्रेस मोदी बोले- जैसे ही कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेस गठबंधन को जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने का मौका मिला, उन्होंने कश्मीर के खिलाफ अपनी साजिशें शुरू कर दीं। कुछ दिन पहले, उन्होंने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में धारा 370 को बहाल करने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया। क्या देश इसे स्वीकार करेगा? जब भाजपा विधायकों ने पूरी ताकत से इसका विरोध किया, तो उन्हें विधानसभा से बाहर फेंक दिया गया। पूरे देश को कांग्रेस और उसके गठबंधन की सच्चाई समझनी होगी।

3. जिन्होंने लूटा, उन्हें लौटना पड़ेगा गुमला में पीएम ने कहा- कांग्रेस-जेएमएम वाले अपनी तिजोरियां भरने में लगे हैं। हमने इनके नेताओं के पास नकदी के पहाड़ देखे हैं। मैंने नकदी के ऐसे पहाड़ कभी नहीं देखे थे। यहां तक ​​कि गिनती की मशीनें भी थक गई। ‘जिन्होंने लूटा, उन्हें लौटना पड़ेगा’ और उन्हें अपनी जिंदगी जेल में बितानी होगी। कांग्रेस-झामुमो झारखंड में सब कुछ बेच रहे हैं। हमने जो मुफ्त चावल योजना शुरू की, उसमें उन्होंने घोटाला किया। उन्होंने आपके बच्चों की थाली से चावल चुरा लिया। ये जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र में घूस लेने वाली सरकार है।

4. हरियाणा की तरह यहां भी बिना खर्ची, बिना पर्ची कल्चर लाएंगे पीएम ने कहा- हरियाणा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी जीत का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा- वहां की सरकार ने तुरंत बिना खर्ची, बिना पर्ची युवाओं को नौकरी देना शुरू कर दिया है। यहां की सरकार तो खर्ची का मतलब पैसा, पर्ची का मतलब पैरवी समझती हैं। हमारी सरकार आई तो हम यहां भी बिना खर्ची, बिना पर्ची कल्चर को लागू करेंगे। हरियाणा वाले इनके झांसे में नहीं आए। आप लोगों को भी नहीं आना है।

5. पाताल से खोज कर जेल में डालेंगे पीएम मोदी ने कहा, ‘झारखंड में झामुमो-कांग्रेस ने जो पेपर लीक माफिया और भर्ती माफिया पैदा कर दिया है। सबको पाताल में से खोज कर जेल के हवाले कर दिया जाएगा। जिन्होंने झारखंड के नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उनके सारे मंसूबे ये मोदी चकनाचूर कर देगा। हमारी सरकार 5 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरी देगी। ना पेपर लीक होगा और ना पैरवी चलेगी।’

भाजपा के गढ़ में PM का रांची में 3 KM लंबा रोड शो

शाम में प्रधानमंत्री ने रांची की सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्र रातू रोड में रोड शो किया। सर्ड मैदान से न्यू मार्केट चौक तक लगभग 3 किमी की दूरी डेढ़ घंटे में तय किया। यह दो विधानसभा रांची और हटिया से होकर गुजरा। रांची से लगातार 7वीं बार सीपी सिंह और हटिया से नवीन जायसवाल उम्मीदवार हैं। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024