कानपुर के एकता हत्याकांड के बाद यूपी महिला आयोग ने सख्त कदम उठाया है। पुरुष टेलर महिलाओं का नाप नहीं ले सकेंगे। इसके अलावा जिम और योग सेंटर में महिला ट्रेनर लगाने होंगे। इसकी CCTV से निगरानी भी होगी।
आयोग का कहना है- पार्लर में लड़कियों के मेकअप और ड्रेस अप के लिए भी महिला होनी चाहिए। इसके अलावा, महिलाओं के लिए विशेष कपड़े बेचने वाले स्टोर्स में भी महिला कर्मचारियों को रखा जाए। इसके अलावा, कोचिंग सेंटरों में CCTV से निगरानी की जाए।
दरअसल, 28 अक्टूबर को महिला आयोग की बैठक हुई थी। इसमें यह फैसला लिया गया। अब आयोग ने सभी जिले के डीएम और SP को आदेश लागू करने को कहा है।
क्या है कानपुर का एकता हत्याकांड
कानपुर के डीएम आवास कैंपस में 27 अक्टूबर को कारोबारी राहुल गुप्ता की पत्नी एकता की लाश दफन मिली। महिला को 4 महीने पहले जिम ट्रेनर ने किडनैप किया, बाद में कार में उसकी हत्या कर दी थी।अजय देवगन की फिल्म दृश्यम से आइडिया लेकर शव को हाई सिक्योरिटी वाले डीएम आवास कैंपस में दफना दिया। 26 अक्टूबर को जिम ट्रेनर विमल सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया 24 जून को ही एकता की हत्या कर दी थी। पढ़ें पूरी खबर…
आदेश को लेकर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान से बात की…
1. जिम में महिलाओं के 99% ट्रेनर पुरुष बबीता चौहान ने बताया- जनसुनवाई के दौरान जिम, ब्यूटी पार्लर और बुटीक में पुरुषों से जुड़ी घटनाएं आ रही हैं। जिम में महिलाओं के 99% ट्रेनर पुरुष हैं। वहां पर बहुत सारी ऐसी घटनाएं होती हैं। इसे महिलाएं या छोटी बच्चियां बर्दाश्त करती हैं। घर पर आकर बता नहीं पाती हैं।
हाल ही में कानपुर में ऐसी ही घटना हुई, जिसमें जिम ट्रेनर ने एक महिला की हत्या कर दी। ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं, जिसमें तलाक तक की नौबत आ गई। जिम संचालित करें, लेकिन महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर होनी चाहिए। इससे महिलाओं को भी रोजगार मिलेगा।
2. पुरुष टेलर महिलाओं से करते हैं बैड टच बुटीक में पुरुष टेलर महिलाओं को कपड़ों के नाप के दौरान बैड टच करते हैं। ऐसी शिकायतें महिला आयोग को मिल रही हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बुटीक में मेजरमेंट के लिए महिला ही होनी चाहिए। इससे महिलाओं को सुविधा भी रहेगी।
3. ब्यूटी पार्लर में लड़कियां ही रहें फैशन बन गया है कि ब्यूटी पार्लर में पुरुष ही महिलाओं का मेकअप करते हैं। लड़कियां महिलाओं का मेकअप क्यों नहीं कर सकतीं? यह फील्ड तो महिलाओं के लिए ही है। ब्यूटी पार्लर में भी दुल्हन को तैयार करने, महिलाओं को साड़ी पहनाने के दौरान शिकायतें मिल रही हैं। पार्लर में भी लड़कियों के मेकअप और ड्रेस अप के लिए भी महिला होनी चाहिए।
4. पार्लर में काम करने वाले लड़कों का पुलिस वैरिफिकेशन हो कोचिंग सेंटर में कैमरे लगे होने चाहिए। वहां बच्चियों के लिए अलग से टॉयलेट होने चाहिए। जिम, बुटीक और ब्यूटी पार्लर में काम करने वाले लड़कों का पुलिस वैरिफिकेशन होना चाहिए, ताकि कोई घटना हो तो आरोपी को पकड़ा जा सके।
5. स्कूल बस में महिला सुरक्षाकर्मी जरूरी सभी जिले के सभी शिक्षण संस्थाओं का सत्यापन होना चाहिए। स्कूल बस में भी महिला सुरक्षाकर्मी या महिला टीचर का होना जरूरी है। नाट्य कला केंद्रों में महिला डांस टीचर की नियुक्ति की जाए। इसके अलावा, वहां CCTV की व्यवस्था की जाए।
