Headlines

राहुल बोले-प्रधानमंत्री को मेरी बातें देश तोड़ने वाली लगती हैं:देश में इस समय दो विचारधाराएं, हम संविधान के रक्षक तो वे खत्म करने वाले

राहुल बोले-प्रधानमंत्री को मेरी बातें देश तोड़ने वाली लगती हैं:देश में इस समय दो विचारधाराएं, हम संविधान के रक्षक तो वे खत्म करने वाले

रांची3 घंटे पहले
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को झारखंड में सिमडेगा से जनसभा की शुरुआत की।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को झारखंड के ईसाई बहुल सिमडेगा से विधानसभा चुनाव सभा की शुरुआत की। गांधी मैदान में 28 मिनट के भाषण में उन्होंने आदिवासी, अंबानी-अडाणी और संविधान का जिक्र किया।

उन्होंने कहा- हम आदिवासियों, दलितों और पिछड़े की हक की बात करते हैं। इस पर मोदी जी कहते हैं कि राहुल गांधी देश तोड़ने वाली बात करता है। इस समय देश में दो विचारधाराएं हैं। हम संविधान की रक्षा कर रहे हैं, जबकि वे खत्म करना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने लोहरदगा में भी जनसभा की।

झारखंड में दो चरणों 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। पहले फेज में 43 सीटें और दूसरे फेज में 38 सीटों पर वोट पड़ेगा। रिजल्ट 23 नवंबर को आएगा।

5 पॉइंट में राहुल गांधी का पूरा भाषण

  1. आदिवासी का मतलब समझाया: राहुल गांधी ने कहा कि हम लोग आपको आदिवासी कहते हैं और बीजेपी वाले वनवासी कहते हैं। अंग्रेज भी आपको वनवासी कहते थे। आदिवासी का मतलब है जो इस देश, धरती के पहले निवासी थे। जल, जंगल और जमीन पर आपका हक है। वनवासी का मतलब होता है आपका जल, जंगल और जमीन का कोई अधिकार नहीं है। आप जंगल में रहते हो इसलिए आपको अधिकार नहीं मिलेगा। वो चाहते हैं कि आपको शिक्षा न मिले। आपके बच्चे डॉक्टर-इंजीनियर न बनें, प्लेन ना उड़ाए।
  2. संविधान बचाने की बात: आज देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है। एक तरफ- इंडिया गठबंधन, दूसरी तरफ- बीजेपी और आरएसएस। जहां इंडिया गठबंधन के लोग संविधान की रक्षा कर रहे हैं, वहीं BJP-RSS संविधान को खत्म करना चाहते हैं। संविधान सिर्फ एक किताब नहीं है। इसमें बिरसा मुंडा जी, अंबेडकर जी, फुले जी और महात्मा गांधी जी की सोच है। ये संविधान देश के आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों, गरीबों की रक्षा करता है। इसलिए इंडिया गठबंधन चाहती है कि देश को संविधान के माध्यम से चलाया जाए। उन्होंने लोगों से वादा किया कि हमारी सरकार आएगी तो अग्निवीर योजना को खत्म कर देंगे।
  3. अडाणी-अंबानी के बहाने मोदी सरकार पर हमला: उन्होंने बड़े लोगों की कर्ज माफी का जिक्र कर मोदी सरकार पर हमला बोला। कहा कि ये अडाणी-अंबानी की सरकार है। ये सिर्फ उनके फायदे के लिए काम करते हैं। हमारी योजना में सिर्फ गरीब लोगों की बातें होती है। देश में करीब 50% OBC, 15% दलित, 8% आदिवासी और 15% अल्पसंख्यक वर्ग के लोग हैं। ये आबादी कुल 90% है। लेकिन आपको देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों के मैनेजमेंट में OBC, दलित और आदिवासी वर्ग का व्यक्ति नहीं मिलेगा। हिन्दुस्तान की सरकार को 90 अफसर चलाते हैं, देश के पूरे बजट का निर्णय यही अफसर लेते हैं। अगर इसमें से एक अफसर आदिवासी वर्ग का है, तो सरकार के 100 रुपए के खर्च में वो आदिवासी अफसर 10 पैसे का निर्णय लेता है।
  4. नफरत की बाजार में मोहब्बत की दुकानः BJP-RSS की विचारधारा ने एक राज्य (मणिपुर) को जला दिया। वहां आज तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं गए। हमने भारत जोड़ो यात्रा निकाली और लोगों से कहा कि हम नफरत की बाजार में मोहब्बत की दुकान चलाएंगे। देश में एकता-भाईचारा को कायम करेंगे।
  5. एक वोट, सात गारंटीः राहुल गांधी बोले- हम एससी-एसटी का आरक्षण बढ़ाएंगे। सबको हक मिलेगा। आपको 15 लाख रुपए तक की बीमा मिलेगा। हर व्यक्ति को हर महीने सात किलो राशन। युवाओं के लिए हर जिले में स्कूल-कॉलेज बनाए जाएंगे। हम एक मिलियन युवाओं को रोजगार देंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सिमडेगा में केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

जहां राहुल गांधी की सभा है, वहां की राजनीति को समझिए…

सिमडेगा और लोहरदगा जिला दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल का हिस्सा है। अनुसूचित जनजाति बहुल इस प्रमंडल में विधानसभा की 15 सीटें हैं। इनमें से 11 सीटें अनुसूचित जनजाति (ST), एक सीट कांके अनुसूचित जाति (SC) और तीन रांची, हटिया और सिल्ली जनरल सीट है।

2019 में इस इलाके में NDA छिटक गया था, जिसका फायदा तब JMM-कांग्रेस और राजद गठबंधन ने उठाया और 15 में से 9 सीटों पर धमाकेदार जीत दर्ज की थी। इस बार NDA इंटेक्ट है।

आजसू पार्टी फिर से NDA में है। बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा (JVM) का भाजपा में विलय हो गया है। JDU और लोजपा (रामविलास) भी साथ है। दोनों गठबंधन फिलहाल बराबरी पर दिख रहे हैं। 19-20 का ही फर्क है। इसके बावजूद अगर किसी गठबंधन के पक्ष में स्विंग हो गया तो परिणाम बदल सकते हैं।

इलाके की दोनों लोकसभा सीटें कांग्रेस के पास

2024 लोकसभा चुनाव के आंकड़ों को देखें तो INDIA ब्लॉक को नुकसान होता नहीं दिख रहा है। इलाके की दोनों लोकसभा सीटों खूंटी से कांग्रेस के कालीचरण मुंडा और लोहरदगा से कांग्रेस के सुखदेव भगत ने जीत दर्ज की है।

सिमडेगा जिले में एनोस एक्का बना रहे त्रिकोण

सिमडेगा जिले की सिमडेगा और कोलेबिरा सीट पर पूर्व मंत्री एनोस एक्का त्रिकोण बनाते दिख रहे हैं। उनकी झारखंड पार्टी (एनोस) ने सिमडेगा से उनकी बेटी आईरीन एक्का और कोलेबिरा में बेटे विभव संदेश एक्का को उतार दिया है।

दोनों ने त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति पैदा कर दी है। चुनाव के दौरान एनोस एक्का जेल से बाहर है। इससे सभी पार्टियों के अंदर बेचैनी दिख रही है। एनोस की इलाके में मजबूत पकड़ है। आय से अधिक संपत्ति मामले में CBI की विशेष अदालत ने उनको सात साल की सजा सुनाई है।

वैसे सिमडेगा का समीकरण भी दिलचस्प है। जब भी गैर ईसाई मतदाता एकजुट होते हैं भाजपा चुनाव जीत जाती है। 2014 में भाजपा की विमला प्रधान चुनाव जीती थीं। हालांकि, कोलेबिरा में राज्य गठन के बाद से भाजपा चुनाव नहीं जीत सकी है।

लोहरदगा में उरांव की प्रतिष्ठा दांव पर

लोहरदगा विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। यहां पर हेमंत सरकार के मंत्री रामेश्वर उरांव की इज्जत दांव पर लगी है। राज्य गठन के बाद इस सीट पर अब तक हुए चुनाव में दो बार आजसू, और तीन बार कांग्रेस चुनाव जीती है। कांग्रेस ने उरांव पर ही भरोसा जताया है। पहले कहा जा रहा था कि उनकी बेटी को टिकट दिया जा सकता है। वहीं, आजसू ने दो बार के विधायक रहे कमल किशोर भगत की पत्नी नीरू शांति भगत को टिकट दिया है।

राहुल गांधी कल इन जगहों पर करेंगे रैली

राहुल गांधी 9 नवंबर को जमशेदपुर में सोनारी एयरपोर्ट से मानगो तक रोड शो करेंगे। जमशेदपुर पूर्वी से कांग्रेस ने डॉ. अजय कुमार को टिकट दिया है। वहां उनका मुकाबला भाजपा की पूर्णिमा साहू से है, जो पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहू हैं। वहीं, जमशेदपुर पश्चिमी से मंत्री बन्ना गुप्ता कांग्रेस के उम्मीदवार हैं, वहां उनके सामने NDA के सरयू राय हैं।

जमशेदपुर में रोड शो के बाद राहुल गांधी हजारीबाग के चौपारण में कांग्रेस प्रत्याशी अरुण साहू के पक्ष में रैली करेंगे। इसके अलावा बाघमारा के माटीगढ़ा मैदान में कांग्रेस उम्मीदवार जलेश्वर महतो के पक्ष में जनसभा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024