महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार ने सोमवार को कहा, ‘NCP संरक्षक शरद पवार ने परिवार में फूट डाली और उनके खिलाफ उम्मीदवार खड़ा किया। पहले मैंने गलती की थी, लेकिन ऐसा लगता है कि अब दूसरे लोग (शरद पवार) भी गलती कर रहे हैं।’
अजित ने कहा- ‘राजनीति को इतने निचले स्तर पर नहीं लाया जाना चाहिए, क्योंकि पीढ़ियों को एक होने में समय लगता है और परिवार को तोड़ने में एक पल भी नहीं लगता।’
अजित ने यह बात बारामती सीट से सोमवार को नामांकन भरने के बाद एक रैली में कही। उनके अलावा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) चीफ राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे ने नामांकन दाखिल किया। शिंदे ने ठाणे की कोपरी पाचपाखडी और ठाकरे ने माहिम सीट से नामांकन भरा।
अजित ने शरद पवार पर यह आरोप क्यों लगाया
दरअसल, बारामती सीट पर उनके खिलाफ भतीजे युगेंद्र पवार NCP-शरद गुट से मैदान में हैं। उन्होंने भी आज नामांकन भरा। इस दौरान शरद पवार और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद थीं।
इससे पहले लोकसभा चुनाव में अजित ने बारामती सीट पर बहन सुप्रिया सुले के खिलाफ अपनी पत्नी सुनेत्रा को चुनाव लड़वाया था। सुनेत्रा हार गई थीं।। इसके बाद अजीत ने इसे अपनी भूल बताया था। उन्होंने कहा था कि मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था। अब एक बार फिर पवार परिवार के 2 लोग आमने-सामने हैं।
