Headlines

योगी के ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ बयान को RSS का समर्थन:सरकार्यवाह होसबोले ने कहा- अगड़ा और पिछड़ा, जाति-भाषा में भेद करेंगे तो हम कटेंगे

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ यानी RSS ने सीएम योगी के ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ बयान का समर्थन किया है। मथुरा में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- हिंदू समाज एकता में नहीं रहेगी तो आजकल की भाषा में ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ हो सकता है।

उन्होंने कहा- समाज में अगड़ा-पिछड़ा, जाति-भाषा में भेद करेंगे तो हम कटेंगे। इसलिए एकता जरूरी है। हिंदू समाज की एकता लोक कल्याण के लिए है। वह सबको सुख प्रदान करेगी। हिंदुओं को तोड़ने के लिए शक्तियां काम कर रही हैं। आगाह करना जरूरी है।

क्या संघ और भाजपा में खींचतान चल रही? इस पर होसबोले ने कहा- हम सार्वजनिक संगठन हैं। हमारी किसी के साथ खींचतान नहीं। हम भाजपा, कांग्रेस, उद्योगपति सभी लोगों से मिलते हैं। हम चाहते हैं कि समाज में नफरत न हो।

हिंदू समाज अपनी रक्षा करे और संगठित रहे… होसबोले ने कहा- कई जगहों से धर्मांतरण के मामले आ रहे हैं। दुर्गा पूजा और गणेश विसर्जन के समय हमले भी हुए हैं। हिंदू समाज अपनी रक्षा करे और संगठित होकर रहे।

केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड हुई। 1000 स्वयंसेवक सेवा के लिए उतरे। हिंदू-मुस्लिम सबकी समान रूप से मदद की गई। मुस्लिम लोगों की मृत्यु हुई तो उनकी मान्यताओं के अनुसार स्वयंसेवकों ने उनका अंतिम संस्कार किया।

योगी के बयान का पीएम ने भी समर्थन किया था सीएम योगी ने पहली बार इसी साल 27 अगस्त को आगरा में कहा था- राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं। राष्ट्र तभी सशक्त होगा, जब हम एक होंगे। बांग्लादेश में देख रहे हैं न, वो गलतियां यहां नहीं होनी चाहिए…बंटेंगे तो कटेंगे। एक रहेंगे-नेक रहेंगे। सुरक्षित रहेंगे और समृद्धि की पराकाष्ठा तक पहुंचेंगे।

इसके बाद पीएम मोदी ने 5 अक्टूबर को महाराष्ट्र के ठाणे और वाशिम में विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास के बाद हुई जनसभा में कहा था- उनका वोट बैंक तो एक रहेगा, लेकिन बाकी लोग आसानी से बंट जाएंगे। हमें याद रखना है कि अगर हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे।

3 दिन पहले सीएम योगी ने मोहन भागवत से मथुरा में मुलाकात की थी।
  • संघ की दो दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक 25 और 26 अक्टूबर को मथुरा में हुई। इसमें क्या हुआ। इसे लेकर भी होसबोले ने जवाब दिए…

सवाल- बांग्लादेश की जो तस्वीरें आईं, उस पर क्या चर्चा हुई? बांग्लादेश के संदर्भ में भारत सरकार ने सभी समाज की मदद की। संघ ने भी यह माना कि वहां का हिंदू समाज वहीं रहेगा। पलायन नहीं करना चाहिए, डटे रहना चाहिए। हिंदू वहां रह रहा तो उसकी रक्षा होनी चाहिए। संघ के विचारों से जुड़े लोग बांग्लादेश में भी एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं।

सवाल- OTT प्लेटफॉर्म से बच्चों पर दुष्प्रभाव पड़ रहा। उस पर क्या चर्चा हुई? जवाब: OTT पर कानून लाना चाहिए, जैसे फिल्म में सेंसर बोर्ड है। सरकार भी इस पर विचार करे। बच्चों के हाथ में मोबाइल आ गए हैं। ज्ञान प्राप्त करना अच्छी बात है, लेकिन उनमें केवल ज्ञान नहीं आ रहे हैं। मन को चंचल करने और कुसंस्कार वाली चीजें आ जाती हैं। इस पर भी थोड़ा नियंत्रण होना चाहिए। बच्चों को इससे बचाना चाहिए।

सवाल: श्रीकृष्ण जन्मस्थान केस पर क्या कहेंगे? जवाब: श्रीकृष्ण जन्मस्थान केस कोर्ट में है। मैं आशा करता हूं कि कोर्ट इस मुद्दे को जल्दी सुलझाए। अयोध्या का मामला सुलझ गया। हर केस को उसी प्रकार करना जरूरी नहीं। कोर्ट पर विश्वास करें। हिंदू समाज आवाज उठा रहा, हम उसके साथ हैं।

सवाल: लव जिहाद और धर्म परिवर्तन पर क्या चर्चा हुई? जवाब: लव जिहाद पर संघ 25 साल से काम कर रहा है। हिंदुओं को जागरूक कर रहे हैं। हमारी बच्चियों को बचाना हम सबका काम है। केरल में करीब 200 युवतियों को बचाया। बच्चियां वापस आईं तो कई समस्याएं आईं। समाज उन्हें कैसे स्वीकार करेगा। शादी कैसे होंगी। इस पर वहां की एक संस्था ने मदद की। संघ संस्था के साथ खड़ा रहा। वापस आने वाली बच्चियों ने प्रण लिया कि अब हम दूसरी बच्चियों को बचाएंगे।

सवाल: वक्फ अमेडमेंट बिल को लेकर JPC बनाई गई। इस मुद्दे को कैसे देखते हैं? जवाब: साल 2013 तक इसमें कोई विशेष समस्या नहीं थी। यूपीए सरकार के समय में ऐसे कई अमेडमेंट हुए। ये विशेष साजिश के तहत हुआ था। उसे अब ठीक करना ही पड़ेगा।

यह फोटो शुक्रवार की है, बैठक में मोहन भागवत भी शामिल हुए।

सवाल: क्या इस कार्यकारिणी बैठक में योगी भी शामिल हुए। भाजपा को कोई संदेश दिया है? जवाब: हम संदेश सबको दे रहे हैं। किसी पार्टी को मैसेज देने के लिए हमारी कार्यकारिणी नहीं है। योगी से 30 मिनट चर्चा हुई। कुंभ पर बात की। तब योगी ने कहा कि पिछली बार उन्हें सत्ता में आए सिर्फ 1 साल हुआ था। इस बार योगीजी ने कहा कि अब काफी अनुभव हो गया है। इस कुंभ को पिछले से बेहतर योजनाओं के साथ सफल बनाएंगे। संघ देशभर से लोगों को कुंभ पहुंचाने में मदद करेगा। संघ और सरकार की इस पर बात हुई है।

5 परिवर्तन लाने की अपील दत्तात्रेय ने कहा- RSS प्रमुख ने पंच परिवर्तन का उल्लेख किया है। 1- कुटुंब प्रबोधन, 2- सामाजिक समरसता, 3- पर्यावरण संरक्षण, 4- स्वदेशी जीवन शैली, 5- नागरिक कर्तव्य। इन 5 विषयों की अपने जीवन में आदत डालें। दूसरे लोगों को भी प्रेरित करें। इस बार 100वें वर्ष में संघ ने प्रवेश किया है। 100 साल पूरे होने पर शताब्दी वर्ष बड़े पैमाने पर मनाएंगे। इस साल देशभर में 6645 शाखाएं बढ़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024