Headlines

साइक्लोन ‘दाना’ ओडिशा के तट से टकराकर कमजोर पड़ा:ओडिशा-पश्चिम बंगाल में बारिश, फ्लाइट-ट्रेनें शुरू हुईं, 7 राज्यों में असर

साइक्लोन ‘दाना’ ओडिशा के तट से टकराकर कमजोर पड़ा:ओडिशा-पश्चिम बंगाल में बारिश, फ्लाइट-ट्रेनें शुरू हुईं, 7 राज्यों में असर

नई दिल्ली1 घंटे पहले
तूफान ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के भितरकनिका और भद्रक जिले के धामरा के बीच लगभग 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पहुंचा था।

बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘दाना’ गुरुवार रात 12:05 बजे ओडिशा के तट से 110kmph की रफ्तार से टकराया। सुबह करीब 8:30 बजे तूफान की लैंडफॉल प्रोसेस खत्म हुई। 8:30 घंटे में तूफान की रफ्तार 110kmph से घटकर 10kmph हो गई।

‘दाना’ के असर से ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश हो रही है। भद्रक, केंद्रपाड़ा में 30cm से ज्यादा बारिश का अनुमान है। CM मोहन चरण माझी ने कहा- 5.84 लाख लोगों को रिलीफ कैंप में शिफ्ट किया है। कई इलाकों में पेड़ उखड़े, गाड़ियां भी डैमेज हुईं। वहीं पश्चिम बंगाल में एक की मौत हो गई।

तूफान के बाद भी ओडिशा के कई जिलों में बारिश हो रही है।

कोलकाता और भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन शुरू हो गया है। कोलकाता से पहली फ्लाइट सुबह 8.40 बजे रवाना हुई। वहीं, रेलवे ने कहा कि कैंसिल ट्रेनों को छोड़ दें तो ओडिशा और पश्चिम बंगाल जाने वाली बाकी ट्रेनें शेड्यूल के हिसाब से चलेंगी।

भुवनेश्वर और कोलकाता एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम 5 बजे से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक 300 फ्लाइट्स कैंसिल रहीं। वहीं, साउथ ईस्ट रेलवे, ईस्ट कोस्ट रेलवे, ईस्टर्न रेलवे और साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे की 552 ट्रेनें रद्द की गईं।

ओडिशा के अलावा तूफान का असर पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में भी देखने को मिला। पश्चिम बंगाल सरकार ने 83 हजार लोगों को रिलीफ कैंप में पहुंचाया।

तूफान के असर की 4 तस्वीरें…

ओडिशा के केंद्रपाड़ा मे कई गांवों के घरों पर पेड़ गिर गए।
भद्रक में हवाओं की रफ्तार 100kmph से ज्यादा थी। शुक्रवार सुबह यह 10kmph रह गई।
भद्रक में तेज हवाओं के कारण पेट्रोल पंप और बाइक्स डैमेज हुईं।
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर के ओल्ड दीघा समुद्र तट पर तूफान के चलते ऊंची लहरें उठीं।

तूफान के लैंडफाल से पहले की 4 तस्वीरें…

तूफान के लैंडफाल से पहले ओडिशा के पुरी बीच पर लोगों को अलर्ट किया गया था।
ओडिशा के भद्रक में तूफान के समुद्र तट से टकराने से पहले ही बारिश और तेज हवाएं चलना शुरू हो गई थीं।
स्थानीय पुलिस ने ओडिशा के तटीय इलाकों से बच्चों और लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया।
तूफान से पहले ओडिशा के भद्रक में लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया।

ओडिशा में NDRF और फायर ब्रिगेड की 288 टीमें तैनात ओडिशा ने नेशनल डिजास्टर रिलीफ फोर्स (NDRF), ओडिशा डिजास्टर रिलीफ फोर्स (ODRF) और फायर ब्रिगेड की 288 टीमें तैनात हैं। तूफान से प्रभावित टूरिज्म पार्क और ओडिशा हाईकोर्ट भी आज बंद हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हाई लेवल मीटिंग कर तूफान से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की।

ग्राफिक के जरिए समझिए तूफान कहां से आया, कैसे टकराया और इसका शेप क्या रहा

तूफान बंगाल की खाड़ी से उठा था। इसका सबसे ज्यादा असर ओडिशा में दिखा।

साइक्लोन ‘दाना’ का 7 राज्यों में असर

1. ओडिशा असर: ओडिशा के 30 में से 14 तटीय जिलों में तूफान का व्यापक असर दिखा। IMD ने 26 अक्टूबर तक अंगुल, नयागढ़, बालेश्वर, मयूरभंज, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, केंदुझार, जाजपुर, कटक और ढेंकनाल, खुर्दा, गंजम और पुरी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई।

तैयारी: ओडिशा NDRF की 20, ओडिशा डिजास्टर रैपिड फोर्स (ODRF) की 51 और फायर ब्रिगेड की 178 टीमें लगाई गईं। 6 हजार राहत शिविर बनाए गए। होटल बुकिंग रोक दी गई।

2. पश्चिम बंगाल असर: पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना में बहुत भारी बारिश हो रही है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली और झारग्राम में भारी बारिश हो रही है।

तैयारी: पश्चिम बंगाल के आठ जिलों- दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, पूरब मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा, हुगली, हावड़ा और कोलकाता में 23 से 26 अक्टूबर तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। राज्य में 85 राहत टीमें तैनात हैं।

3. आंध्र प्रदेश असर: आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में भारी बारिश के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।

तैयारी: आंध्र प्रदेश में NDRF की 9 टीमें तैनात की गईं।

4. झारखंड असर: पूर्व सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा में बारिश का अनुमान है।

तैयारी: झारखंड में NDRF की 9 टीमें तैनात की गईं।

5. छत्तीसगढ़ असर: मौसम विभाग ने गुरुवार को 8 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 27 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। 25 और 26 अक्टूबर को 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

तैयारी: छत्तीसगढ़ में NDRF की एक टीम तैनात की गई हैं।

6. बिहार: भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, शेखपुरा, नालंदा, जहानाबाद, लखीसराय, नवादा, गया, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज में इसका असर दिख रहा है। कई जिलों में 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

7. तमिलनाडु: IMD ने दक्षिण भारत के तमिलनाडु और पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में पांच दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

तैयारी की 7 तस्वीरें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024