Headlines

24 अक्टूबर को ओडिशा के तटों से टकराएगा साइक्लोन दाना:120kmph की रफ्तार से हवा चलेगी; एक दिन पहले ही शुरू हो जाएगी भारी बारिश

24 अक्टूबर को ओडिशा के तटों से टकराएगा साइक्लोन दाना:120kmph की रफ्तार से हवा चलेगी; एक दिन पहले ही शुरू हो जाएगी भारी बारिश

नई दिल्ली6 घंटे पहले
ओडिशा के भुवनेश्वर में स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में अधिकारी तूफान पर नजर बनाए हुए हैं।

अंडमान सागर से उठा चक्रवाती तूफान दाना 23 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी पहुंच जाएगा। 24 अक्टूबर को यह ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तट से टकराएगा। मौसम विभाग ने साइक्लोन के लैंडफॉल की जानकारी नहीं दी है। अनुमान है कि यह पुरी से टकरा सकता है। तूफान का दाना नाम सऊदी अरब ने दिया है। दाना का मतलब उदारता होता है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 23 अक्टूबर से ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर हवा की रफ्तार 60 Kmph तक पहुंचने का अनुमान है, जो 24 अक्टूबर की रात से 25 अक्टूबर की सुबह तक बढ़कर 120 Kmph हो जाएगी।

IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा, तूफान के टकराने से एक दिन पहले यानी 23 अक्टूबर को ही भारी बारिश शुरू हो जाएगी। ओडिशा-बंगाल के तटीय इलाके में कुछ स्थानों पर 24-25 अक्टूबर को 20 सेमी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 30 सेमी यानी 11 इंच (एक फुट) से ज्यादा बारिश भी हो सकती है।

आज से लो प्रेशर बनना शुरू, 3 दिन में साइक्लोन मौसम विभाग ने ओडिशा-बंगाल में मछुआरों को 23 से 26 अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है। IMD ने कहा कि सोमवार (21 अक्टूबर) दोपहर तक अंडमान सागर में लो प्रेशर बनने लगेगा। 22 अक्टूबर तक पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर यह डीप डिप्रेशन में बदल जाएगा। 24 अक्टूबर तक यह साइक्लोन में बदल जाएगा।

साइक्लोन का 3 राज्यों पर असर

पश्चिम बंगाल: पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि कोलकाता, हावड़ा, हुगली और झारग्राम में 23 से 24 अक्टूबर के बीच भारी बारिश हो सकती है।

ओडिशा: 24 अक्टूबर को पुरी, खुर्दा, गंजम और जगतसिंहपुर जिलों के लिए अलग-अलग भारी से बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेमी) के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें अत्यधिक भारी वर्षा (20 सेमी से अधिक) और बिजली के साथ आंधी की संभावना है।

आंध्र प्रदेश: मौसम बुलेटिन में कहा गया है कि आंध्र प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

साइक्लोन से निपटने की क्या है तैयारी ओडिशा सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को अलर्ट पर रखा है। राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि राज्य स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRF), नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF), और अग्निशमन सेवा कर्मी स्टैंडबाय पर हैं।

अन्य राज्यों में मौसम का हाल…

राजस्थान में बरसात के साथ ओले गिरे: कोटा-जैसलमेर समेत कई जिलों में बदला मौसम

राजस्थान के कुछ हिस्सों में रविवार को मौसम में अचानक बदलाव हुआ। करौली, कोटा, जैसलमेर समेत कई जिलों में बादल छाने के साथ कुछ जगहों पर बारिश हुई और कुछ जगह ओले गिरे। मौसम में ये बदलाव स्थानीय स्तर पर वेदर सिस्टम बनने से हुआ। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि आज भी मौसम बदलेगा और आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024